प्रमुख चुनावी खबरेंः रांची में इंडिया गठबंधन की रैली, राजस्थान में मोदी का कांग्रेस पर हमला

रविवार को रांची में इंडिया गठबंधन की रैली हुई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आतंकित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता ने इंडिया गठबंधन से अलग होने के बजाय जेल जाना उचित समझा।

प्रमुख चुनावी खबरेंः रांची में इंडिया गठबंधन की रैली, राजस्थान में मोदी का कांग्रेस पर हमला

रविवार को रांची में इंडिया गठबंधन की रैली हुई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आतंकित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता ने इंडिया गठबंधन से अलग होने के बजाय जेल जाना उचित समझा। उन्होंने कहा, हेमंत सोरेन को इसलिए जेल भेजा गया क्योंकि उन्होंने इंडिया गठबंधन से अलग होने से इनकार कर दिया था। हेमंत सोरेन बहादुर व्यक्ति हैं जिन्होंने सिर झुकाने के बजाय जेल जाना उचित समझा। उन्होंने कहा कि आदिवासियों को लगातार आतंकित करने वाली भाजपा इस चुनाव में साफ हो जाएगी। गौरतलब है कि हेमंत सोरेन को परिवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी मनी लांड्रिंग के एक मामले में हुई है। गिरफ्तारी से ठीक पहले उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। विपक्षी गठबंधन की इस रैली में राजद नेता तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी शामिल हुईं। 

सुनीता केजरीवाल ने कहाकि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार मेरे पति को इंसुलिन का इंजेक्शन ना देकर उन्हें जेल में मार देना चाहती है। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलते हैं, उन्होंने झूठा आरोप लगाकर हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया। उन्होंने कहा, जब वे भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलते हैं तो ऐसा लगता है कि ओसामा बिन लादेन और गब्बर सिंह अहिंसा पर भाषण दे रहे हैं। एक मोदी भाषण पाउडर आ गया है जो सारा भ्रष्टाचार साफ कर देता है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी अस्वस्थ होने के कारण रांची की रैली में नहीं आ सके।

जो चुनाव नहीं जीत सकते वे राज्यसभा से आ रहे हैंः मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के जालौर में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर हमला करते हुए कहा कि जो लोग चुनाव लड़ नहीं सकते, चुनाव जीत नहीं सकते वे मैदान से भाग कर इस बार राजस्थान से राज्यसभा में आए हैं। उन्होंने कहा कि एक समय जो पार्टी 400 सीटों पर जीती थी आज उसे 300 सीटों पर भी लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि उसने हमारी माताओं-बहनों को शौचालय, गैस, बिजली, पानी, बैंक अकाउंट जैसी छोटी चीजों के लिए तरसाया। इसी कांग्रेस ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार का दिमाग फैला कर देश को खोखला किया। हर कोई कांग्रेस की कमजोर सरकार को धमकता था और हर कोई देश को लूटने में जुटा था। सरकार रिमोट कंट्रोल से चला करती थी।

बांसवाड़ा में भाजपा उम्मीदवार महेंद्र जीत सिंह मालवीय के पक्ष में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर आदिवासियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया और कहा की पार्टी को आदिवासी समुदाय से एक भी व्यक्ति नहीं मिला जिससे वह अपने 60 साल के शासन में राष्ट्रपति बन सकती थी। उन्होंने सवाल किया, क्या आदिवासी सक्षम नहीं है, योग्य नहीं है? कांग्रेस का माइंडसेट देखिए। 2014 में आपने हमें आशीर्वाद दिया और आज आदिवासी की बेटी देश की राष्ट्रपति है। यह वास्तविक भागीदारी है, यही बाबा साहेब आंबेडकर के दिए संविधान की आत्मा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों में भय का वातावरण फैलाया और अब लोकतंत्र तथा संविधान के बारे में अफवाह फैला रही है। लेकिन देश अब किसी भय से ग्रसित नहीं है। इसलिए उनके झूठ अब काम नहीं कर रहे हैं। जिन राज्यों में आदिवासी आबादी काफी है वहां कांग्रेस सत्ता से बाहर हो चुकी है और तीसरे या चौथे स्थान पर पहुंच गई है।

कांग्रेस पूरे देश में खत्म होती जा रही हैः नीतीश कुमार

हाल तक कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर सरकार बनाने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि कांग्रेस पूरे देश में खत्म होती जा रही है और आजादी के बाद से यह वंशवाद की राजनीति कर रही है। जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश ने बिहार के किशनगंज में जदयू प्रत्याशी मुजाहिद आलम के पक्ष में रैली को संबोधित करते हुए पूर्व सहयोगी आरजेडी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे सब परिवारवादी पार्टियां हैं। लालू यादव का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि पहले वे खुद सत्ता में थे, फिर अपने बेटों को आगे बढ़ाया अब अपनी बेटियों को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मेरे परिवार में कोई भी राजनीति में नहीं है। हम सबके लिए काम करते हैं। अपने पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि आरजेडी नेता मेरे किए विकास कार्यों का क्रेडिट लेने में लगे हैं।

बसपा ने हिमाचल की चार सीटों के लिए नाम घोषित किए

बहुजन समाज पार्टी ने रविवार को हिमाचल प्रदेश की चार लोकसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। शिमला रिजर्व सीट से अनिल कुमार, हमीरपुर से हेमराज, मंडी से प्रकाश चंद्र भारद्वाज और कांगड़ा से रेखा रानी को पार्टी ने टिकट दिया है। प्रदेश पार्टी प्रमुख नारायण आजाद ने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा और कांग्रेस दोनों की अनुसूचित जाति विरोधी रवैये को उजागर करेगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी गरीबों, अनुसूचित जाति और आदिवासियों के न्याय के लिए चुनाव लड़ेगी। हाल ही उना में पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक हुई थी जिसमें उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा हुई थी। नाम की सूची अंतिम मंजूरी के लिए पार्टी हाई कमान को भेजी गई थी।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!