दिल्ली में विपक्ष की महारैली, राहुल ने पीएम मोदी पर चुनाव में "मैच फिक्सिंग" का आरोप लगाया

विपक्षी गठबंधन के नेताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताया

दिल्ली में विपक्ष की महारैली, राहुल ने पीएम मोदी पर चुनाव में "मैच फिक्सिंग" का आरोप लगाया

दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को इंडिया गठबंधन ने लोकतंत्र बचाओ महारैली कर अपनी एकजुटता दिखाईविपक्षी गठबंधन के नेताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताया। साथ ही लोकसभा चुनाव को देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव करार दिया। 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी चंद उद्योगपतियों के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव में "मैच फिक्सिंग" का प्रयास कर रहे हैं। मोदी चाहते हैं कि विपक्ष चुनाव न लड़ पाए। कांग्रेस के बैंक खाते बंद कर दिए। विपक्ष के नेताओं को धमकाया जा रहा है, सरकारें गिराई जा रही हैं और मुख्यमंत्रियों को जेल में डाला जा रहा है। यह सब इसलिए कि मैच फिक्स हो, संविधान रद्द किया जाए और वे सत्ता में रहें। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 400 पार का नारा लगा रही है, लेकिन ईवीएम, 'मैच फिक्सिंग' और मीडिया पर दबाव डाले बिना 180 सीटों तक भी नहीं पहुंच पाएंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ सरकार बनाने का चुनाव नहीं है बल्कि देश और संविधान को बचाने का चुनाव है। मैच फिक्सिंग सफल होते ही संविधान खत्म हो जाएगा। गरीबों का हक, आरक्षण खत्म हो जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि देश में 40 साल में आज सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। चंद लोगों के पास देश का पूरा धन है। जातिगत जनगणना, किसानों की एमएसपी, बेरोजगारी, महंगाई देश के सबसे बड़े मुद्दे हैं। 

महारैली को संबोधित करते हुए आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि देश में आघोषित इमरजेंसी लागू हो चुकी है।  जिस तरह हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया, इन गीदड़-भभकी से हम डरने वाले नहीं हैं। हम संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि देश में सबसे बड़ा कोई दुश्मन है तो बेरोजगारी है, महंगाई है, गरीबी है। प्रधानमंत्री मोदी ने नौकरी नहीं दी, सबका निजीकरण कर दिया। हम लोगों ने बिहार में 17 महीने में 5 लाख नौकरी देने का काम किया।    

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव निष्पक्ष नहीं हो रहे हैं। देश की जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। चुनाव के समय अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया। कांग्रेस पर हजारों करोड़ का जुर्माना लगा दिया गया, ताकि कांग्रेस चुनाव प्रचार न कर सके। ऐसी तानाशाह भाजपा को हराना ही होगा। इंडिया गठबंधन देश के बुनियादी सवालों को उठाता रहेगा।  

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि ईडी, सीबीआई से डराकर सबसे ज्यादा चंदा वसूलने का काम अगर किसी ने किया है तो वो भाजपा ने किया है। इस ऐतिहासिक मैदान से आज यह संदेश जा रहा है कि सत्ताधारी जो दिल्ली में बैठे है वो अब ज्यादा दिन नहीं रहेंगे। अखिलेश ने भाजपा पर तंज कसा कि अगर आपके 400 पार हो रहे थे तो आम आदमी पार्टी के नेता से घबराहट किस बात की है। उन्होंने दावा किया भाजपा 400 पार नहीं, 400 हारने जा रही है।  

दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने भी सभा को संबोधित किया और अपने पतियों की गिरफ्तारी पर केंद्र सरकार की आलोचना की।

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि पीएम मोदी ने अरविंद केजरीवाल को जेल में डाला है। क्या उन्होंने ठीक किया? सुनीता केजरीवाल ने मुख्यमंत्री के तौर पर अरविंद केजरीवाल की दी गई छह गारंटी का जिक्र किया। उन्होंने कहा यदि इंडिया गठबंधन को मौका मिलता हैं तो हम सब मिलकर महान राष्ट्र का निर्माण करेंगे। केवल नाम में इंडिया गठबंधन नहीं हैं बल्कि दिल में इंडिया है। 

लोकतंत्र बचाओ महारैली में झारखंड मुक्ति मोर्चा की नेता कल्पना सोरेन ने कहा कि दो महीने पहले हेमंत सोरेन जी को जेल में डाला गया। अब जनता को ही तानाशाह को उखाड़ फेंकना है। आज उमड़ा जन सैलाब इस बात की गवाही दे रहा है कि लोकतंत्र को खत्म करने के लिए जिस तरीके तानाशाह ताकतों ने अपने कदम बढ़ाएं हैं उसका अंत जरूर होगा।  

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा वे नमस्कार करते हैं कल्पना सोरेन और सुनीता केजरीवाल को जिन्होंने इतने दु:ख झेले। मान ने कहा, अरविंद केजरीवाल को तो गिरफ्तार कर लेंगे, लेकिन उनकी सोच को कैसे गिरफ्तार करेंगे? अरविंद केजरीवाल कोई व्यक्ति नहीं है, अरविंद केजरीवाल सोच का नाम है। 

एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि मोदी सरकार ने दिल्ली के सीएम, झारखंड के सीएम को गिरफ्तार किया है और विभिन्न राज्यों के कई अन्य नेताओं को भी जेल में डाल दिया है। यह कार्रवाई लोकतंत्र और संविधान पर हमला है। लोकतंत्र बचाना हमारी जिम्मेदारी है। 

इस मौके पर शिवसेना (यूटीबी) के नेता उद्धव ठाकरे ने कहा कि बीजेपी ने जिनके ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। अब वो उनकी 'वॉशिंग मशीन' में साफ हो गये। जनता सब समझ रही है। उन्होंने कहा, "कल्पना सोरेन और सुनीता केजरीवाल जी आप चिंता नहीं कीजिए, पूरा देश आपके साथ है।" 

सीपीएम के नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि अगर देश में महंगाई, बेरोजगारी से मुक्ति चाहिए तो हमें भाजपा सरकार से मुक्ति पानी होगी। देश में यदि सही मायनों में अमृतकाल हासिल करना है तो आपको इंडिया गठबंधन को लाना होगा। 

महारैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इंडिया गठबंधन की ओर से पांच सूत्रीय मांगें देश के सामने रखीं। उन्होंने कहा कि भगवान राम जब सत्य के लिए लड़े तो उनके पास सत्ता नहीं थी, उनके पास संसाधन नहीं थे, जबकि सारे संसाधन रावण के पास थे। लेकिन भगवान राम के पास सत्य, आशा, आस्था, प्रेम, परोपकार, धीरज और साहस था। मैं सत्ता में बैठे प्रधानमंत्री मोदी को याद दिलाना चाहती हूं कि भगवान राम के जीवन का क्या संदेश था। सत्ता सदैव नहीं रहती। सत्ता आती है, जाती है, अहंकार चूर-चूर होता है। 

इंडिया गठबंधन की इस महारैली में सोनिया गांधी, चंपई सोरेन, फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, डेरेक ओ ब्रायन, डी राजा, दीपांकर भट्टाचार्य, सागरिका घोष समेत विपक्ष के कई नेता शामिल हुए।

 

Subscribe here to get interesting stuff and updates!