वर्ष 2027 में वैश्विक अनाज बाजार के सामने अनिश्चितता; भू-राजनीतिक तनाव, मांग और मौसम का रहेगा संकट

वैश्विक कृषि कमोडिटी बाजार 2027 की ओर अपेक्षाकृत स्थिर कीमतों के साथ बढ़ रहे हैं, लेकिन भू-राजनीतिक संघर्ष, निर्यात मांग और मौसम की अनिश्चितताएं बनी हुई हैं। अमेरिकी मक्का की दूसरे देशों में कमजोर मांग है लेकिन सोयाबीन के लिए बेहतर संभावनाएं हैं। गेहूं की गुणवत्ता संबंधी चिंताएं हैं। ये सब बातें बाजार की दिशा तय करेंगी।

वर्ष 2027 में वैश्विक अनाज बाजार के सामने अनिश्चितता; भू-राजनीतिक तनाव, मांग और मौसम का रहेगा संकट
AI image

वैश्विक कृषि कमोडिटी बाजार इन दिनों अपेक्षाकृत स्थिरता के साथ आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन भू-राजनीतिक तनाव, निर्यात मांग में अनिश्चितता और मौसम संबंधी जोखिम 2027 में कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं। अमेरिका की अधिकांश प्रमुख फसलों पर मौसम का तत्काल खतरा अब टल चुका है, लेकिन रूस-यूक्रेन युद्ध और अमेरिका-ईरान संघर्ष अब भी अनिश्चितता के बड़े कारण बने हुए हैं। इनका असर विशेष रूप से ऊर्जा, उर्वरक आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय अनाज व्यापार पर पड़ सकता है।

मक्का, सोयाबीन और गेहूं का बाजार परिदृश्य एक-दूसरे से काफी अलग है। अमेरिकी मक्का बाजार कमजोर मांग और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ी प्रतिस्पर्धा से जूझ रहा है। दूसरी ओर, आपूर्ति के अनुमान में कमी और प्रसंस्करण की मजबूत मांग से सोयाबीन की कीमतों में सुधार आया है। वहीं, गेहूं बाजार में अब गुणवत्ता वाले अनाज की उपलब्धता पर चिंता बढ़ रही है।

कमजोर मांग से अमेरिकी मक्का बाजार पर दबाव

अमेरिका में 2026 की मक्का फसल पिछले वर्ष की तुलना में कम रही, लेकिन इससे कीमतों को मजबूती नहीं मिली। इसकी वजह कमजोर मांग और वैश्विक बाजार में पर्याप्त आपूर्ति है। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) ने नवंबर के अपने अनुमान में 2026-27 के लिए अमेरिका में मक्का उत्पादन 15.89 अरब बुशल रहने का अनुमान लगाया है, जो 2025 की तुलना में एक अरब बुशल से अधिक कम है। औसत उत्पादकता का अनुमान घटाकर 179.6 बुशल प्रति एकड़ कर दिया गया है। मार्केटिंग वर्ष 2026-27 के अंत में मक्का का भंडार 1.76 अरब बुशल रहने का अनुमान है।

फसल कम रहने के बावजूद USDA ने मक्का का औसत मूल्य अनुमान 10 सेंट घटाकर 4.60 डॉलर प्रति बुशल कर दिया है। विभाग ने 2026-27 के लिए अमेरिकी मक्का निर्यात का अनुमान भी 250 लाख बुशल घटाकर 3.3 अरब बुशल कर दिया है। पिछले मार्केटिंग वर्ष में यह 3.4 अरब बुशल था। पशु आहार के रूप में मक्का की अनुमानित खपत भी घटाई गई है, जबकि इथेनॉल उत्पादन में इसके इस्तेमाल का अनुमान अपरिवर्तित रखा गया है।

वाशिंगटन और बीजिंग के बीच व्यापारिक संबंधों में सुधार की उम्मीद के बावजूद चीन से मक्का की अतिरिक्त खरीद नहीं हुई। मेक्सिको और जापान अमेरिकी मक्का के प्रमुख निर्यात बाजार बने हुए हैं।

रूस-यूक्रेन संघर्ष से भी अमेरिकी अनाज की अतिरिक्त मांग पैदा होने की उम्मीद पूरी नहीं हुई। काला सागर में जहाजरानी और बंदरगाहों के बुनियादी ढांचे में व्यवधान से प्रतिस्पर्धी आपूर्तिकर्ताओं का निर्यात प्रभावित हुआ, लेकिन आयातकों ने अपनी खरीद को बड़े पैमाने पर अमेरिका की ओर नहीं मोड़ा।

दक्षिण अमेरिका से प्रतिस्पर्धा और बढ़ने की आशंका है। यूएसडीए ने 2026-27 के लिए ब्राजील और अर्जेंटीना में मक्का उत्पादन के अनुमान में 20-20 लाख टन की वृद्धि की है। ब्राजील में उत्पादन 14.1 करोड़ टन और अर्जेंटीना में 5.7 करोड़ टन रहने का अनुमान है।

होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तनाव के कारण ऊर्जा और उर्वरक की बढ़ती लागत भी 2027 के बुवाई सीजन से पहले अमेरिकी किसानों के लिए चिंता का विषय है।

आपूर्ति के बेहतर अनुमान से सोयाबीन कीमतों में सुधार

चार सप्ताह तक लगातार गिरावट के बाद नवंबर में सोयाबीन बाजार में सुधार के संकेत मिले। जनवरी वायदा अनुबंध में 6 फीसदी से अधिक की गिरावट आई थी। इसकी वजह अमेरिका में रिकॉर्ड फसल की संभावना और ब्राजील में एक और रिकॉर्ड उत्पादन की उम्मीद थी। हालांकि, 10 नवंबर को जारी यूएसडीए की विश्व कृषि आपूर्ति एवं मांग अनुमान (WASDE) रिपोर्ट से कीमतों को सहारा मिला।

विभाग ने 2026 में अमेरिका में सोयाबीन उत्पादन का अनुमान अक्टूबर के 4.56 अरब बुशल से बढ़ाकर 4.57 अरब बुशल कर दिया। औसत उत्पादकता का अनुमान भी बढ़ाकर रिकॉर्ड 53.3 बुशल प्रति एकड़ कर दिया गया, हालांकि यह बाजार के 53.6 बुशल प्रति एकड़ के अनुमान से कम रहा।

अधिक महत्वपूर्ण यह रहा कि 2026-27 के लिए अमेरिका में मार्केटिंग वर्ष के अंत का सोयाबीन भंडार अनुमान 31.5 करोड़ बुशल से घटाकर 30 करोड़ बुशल कर दिया गया। यह बाजार के 33.6 करोड़ बुशल के अनुमान से काफी कम है। इसकी प्रमुख वजह निर्यात अनुमान में 2.5 करोड़ बुशल की वृद्धि रही।

वैश्विक स्तर पर भी सोयाबीन का अंतिम भंडार 12.43 करोड़ टन से घटाकर 12.35 करोड़ टन कर दिया गया। वहीं, विश्व उत्पादन का अनुमान मामूली घटाकर 44.25 करोड़ टन किया गया है।

अब बाजार का ध्यान दक्षिण अमेरिका, विशेषकर ब्राजील और अर्जेंटीना पर है। ब्राजील के मध्यवर्ती क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में मिट्टी मं सामान्य से कम नमी ने फसल को लेकर चिंता बढ़ाई है। दोनों देशों में प्रतिकूल मौसम वैश्विक आपूर्ति को सीमित कर कीमतों को सहारा दे सकता है। इसके विपरीत, मौसम अनुकूल रहने पर कीमतों पर फिर से दबाव बन सकता है।

मिलिंग गुणवत्ता वाले गेहूं की उपलब्धता पर चिंता 

वैश्विक स्तर पर गेहूं की आपूर्ति बढ़ने के बावजूद उच्च प्रोटीन और मिलिंग गुणवत्ता वाले गेहूं की उपलब्धता को लेकर चिंताएं उभर रही हैं। यूएसडीए ने नवंबर के अनुमान में 2026-27 के लिए वैश्विक गेहूं उत्पादन का अनुमान बढ़ाया है। इसका प्रमुख कारण ऑस्ट्रेलिया और अर्जेंटीना में बेहतर फसल की संभावना है। वैश्विक स्तर पर भी मार्केटिंग वर्ष के अंत गेहूं भंडार का अनुमान बढ़ाया गया है।

हालांकि, काला सागर क्षेत्र से निर्यात में लगातार आ रही बाधाओं के कारण विभाग ने रूस और यूक्रेन के गेहूं निर्यात के अनुमान घटा दिए हैं। अमेरिकी गेहूं निर्यात को भी प्रतिस्पर्धा की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। हार्ड रेड विंटर गेहूं की कीमत प्रतिस्पर्धी देशों की आपूर्ति की तुलना में अधिक बनी हुई है। वहीं, कम प्रतिस्पर्धी कीमतों और एशियाई बाजारों से स्थिर मांग के कारण व्हाइट गेहूं को फायदा मिला है।

कनाडा की स्प्रिंग गेहूं फसल की गुणवत्ता और यूरोप में उच्च प्रोटीन वाले गेहूं की संभावित कमी भी आगे कीमतों को प्रभावित कर सकती है। अंतरराष्ट्रीय गेहूं व्यापार के लिए काला सागर क्षेत्र अब भी अनिश्चितता का बड़ा केंद्र बना हुआ है। वहां परिवहन और जहाजरानी में व्यवधान 2027 में भी जारी रह सकते हैं।

दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गेहूं निर्यातक बनेगा कनाडा

इस बीच, कनाडा 2026-27 मार्केटिंग वर्ष में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गेहूं निर्यातक बनने की ओर अग्रसर है। सेरेल्स कनाडा की ओर से जारी वार्षिक 'न्यू व्हीट क्रॉप रिपोर्ट' में यह अनुमान जताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, कनाडा में गेहूं उत्पादन 361 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत से 8 फीसदी अधिक है। गेहूं की सभी श्रेणियों में अच्छी गुणवत्ता दर्ज की गई है।

कनाडा को 2026-27 के दौरान 80 अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 288 लाख टन से अधिक गेहूं निर्यात करने की उम्मीद है। उच्च गुणवत्ता और अधिक प्रोटीन वाले गेहूं के निर्यात में भी कनाडा दुनिया में पहले स्थान पर रहने का अनुमान है। रिपोर्ट के मुताबिक, कनाडा के अधिकांश गेहूं ग्रेड को नंबर 1 या नंबर 2 श्रेणी में रखा गया है। 

Subscribe Rural Voice Newsletter