ईरान युद्ध के बाद अमेरिका भी उर्वरक आत्मनिर्भरता की ओर, दो बड़ी घरेलू परियोजनाओं का ऐलान
ईरान युद्ध और खाड़ी संकट के बीच वैश्विक उर्वरक आपूर्ति में बढ़ती बाधाओं को देखते हुए अमेरिका घरेलू उर्वरक उत्पादन तेज करने की कोशिश कर रहा है। लुइसियाना में 4.15 अरब डॉलर की दो परियोजनाएं घोषित की गई हैं। इनसे आयात पर निर्भरता घटाने, आपूर्ति सुरक्षा मजबूत करने और अमेरिकी किसानों को समर्थन देने में मदद मिलेगी।
ईरान युद्ध से उपजे व्यापक खाड़ी संकट के कारण वैश्विक उर्वरक आपूर्ति में उत्पन्न व्यवधान को देखते हुए अमेरिका घरेलू उर्वरक उत्पादन बढ़ाने और विदेशी आपूर्ति पर निर्भरता कम करने के प्रयास कर रहा है। इस दिशा में लुइसियाना में 4.15 अरब डॉलर की दो उर्वरक परियोजनाओं की घोषणा की गई है। अमेरिका की सबसे बड़ी नाइट्रोजन उर्वरक उत्पादक कंपनी CF Industries ने 3.7 अरब डॉलर की ब्लू पॉइंट अमोनिया परियोजना की आधारशिला रखी है। वहीं, किसान-स्वामित्व वाली सहकारी संस्था CHS और मोरक्को की OCP North America ने 45 करोड़ डॉलर की फॉस्फेट उर्वरक उत्पादन सुविधा स्थापित करने की योजना की घोषणा की है।
ये परियोजनाएं ऐसे समय सामने आई हैं जब भू-राजनीतिक तनाव और प्रमुख शिपिंग मार्गों में व्यवधानों ने वैश्विक उर्वरक आपूर्ति की विश्वसनीयता और लागत को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। खास तौर पर CHS-OCP परियोजना का उद्देश्य अमेरिका को अंतरराष्ट्रीय शिपिंग बाधाओं, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े जोखिम भी शामिल हैं, के प्रभाव से बचाना है।
लुइसियाना में मिसिसिपी नदी के किनारे प्रस्तावित CHS-OCP संयंत्र में हर साल 10 लाख मीट्रिक टन से अधिक फॉस्फेट आधारित उर्वरक का उत्पादन किया जाएगा। कंपनियों के अनुसार, इससे अमेरिका की आयातित फॉस्फेट उर्वरक पर निर्भरता कम से कम 48% घट सकती है।
अमेरिकी कृषि मंत्री ब्रुक रोलिंस ने घरेलू उर्वरक उत्पादन बढ़ाने को प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकता बनाया है। उनका कहना है कि विदेशी आपूर्ति पर निर्भरता अमेरिकी किसानों को भू-राजनीतिक व्यवधानों और कीमतों में अचानक बढ़ोतरी के प्रति संवेदनशील बनाती है।
ब्लू पॉइंट परियोजना की आधारशिला रखे जाने के अवसर पर रोलिंस ने कहा कि अमेरिका हर साल इस्तेमाल होने वाले 2 करोड़ टन उर्वरक में से लगभग 50% का आयात करता है। उन्होंने इस परियोजना को “अमेरिकी उर्वरक आत्मनिर्भरता” की दिशा में बड़ा कदम बताया। ब्लू पॉइंट संयंत्र से हर साल 14 लाख मीट्रिक टन कम कार्बन अमोनिया उत्पादन होने की उम्मीद है।
लुइसियाना की फॉस्फेट परियोजना 1984 के बाद अमेरिका में अपनी तरह का पहली संयंत्र होगा। इसके लिए OCP मोरक्को से फॉस्फोरिक एसिड उपलब्ध कराएगा, जबकि CHS और OCP North America तैयार उर्वरकों का अपने-अपने नेटवर्क के जरिए वितरण करेंगे।
मिसिसिपी नदी के किनारे संयंत्र की स्थिति से उर्वरक को रेल व ट्रकों से प्रमुख कृषि क्षेत्रों तक पहुंचाया जा सकेगा। इससे संवेदनशील विदेशी शिपिंग मार्गों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। CHS-OCP संयंत्र का निर्माण 2026 के अंत तक शुरू हो सकता है और परियोजना तथा वित्तपोषण संबंधी मंजूरियां मिलने पर 2028 के अंत तक उत्पादन शुरू होने की संभावना है।

Join the RuralVoice whatsapp group


















