mjunction ने सरकारी एजेंसियों के लिए शुरू कराई प्याज और चीनी की पारदर्शी ई-नीलामी 

mjunction ने NAFED और NCCF की ओर से ई-नीलामी के जरिए 3,200 मीट्रिक टन से अधिक प्याज की बिक्री कराई है। सरकार के बाजार में उपलब्धता बढ़ाने के प्रयासों के तहत कंपनी ने यह काम किया। इसके अलावा, कंपनी अपने डिजिटल मंच के माध्यम से HAFED के लिए चीनी की नीलामी भी कर रही है।

mjunction ने सरकारी एजेंसियों के लिए शुरू कराई प्याज और चीनी की पारदर्शी ई-नीलामी 

Mjunction सर्विसेज लिमिटेड ने भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (NAFED) और राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ (NCCF) की ओर से इलेक्ट्रॉनिक नीलामी के माध्यम से 3,200 मीट्रिक टन से अधिक प्याज की बिक्री कराई है। कंपनी ने चीनी की नीलामी के क्षेत्र में भी अपनी डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया है। इसके तहत हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन संघ (HAFED) के लिए ई-नीलामी आयोजित की जा रही है।

प्याज की कीमतों में जुलाई 2026 से तेजी आने के बाद सरकार ने बाजार में उपलब्धता बढ़ाने और कीमतों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से अपने प्याज भंडार को प्रमुख बाजारों में जारी करने की पहल की थी। इस काम के लिए mjunction को दिल्ली-एनसीआर, गुवाहाटी, रांची और कोलकाता सहित विभिन्न बाजारों में इलेक्ट्रॉनिक नीलामी कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

प्याज जल्दी खराब होने वाली कृषि उपज है। इसलिए इसके भंडार की बिक्री में समय पर नीलामी, शीघ्र भुगतान और तय समयसीमा में उठान महत्वपूर्ण है। mjunction के अनुसार, उसके डिजिटल मंच पर पंजीकृत खरीदार प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया में हिस्सा लेते हैं। इससे बाजार भाव तय करने में मदद मिलती है और सभी लेनदेन का इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड उपलब्ध रहता है, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होती है।

इस काम को पूरा करने के लिए कंपनी ने अपनी क्षेत्रीय टीमों को तैनात किया, प्रमुख मंडियों में व्यापारियों से संपर्क किया और संभावित खरीदारों का पंजीकरण कराया। प्याज की बिक्री से जुड़ी परिचालन जरूरतों को देखते हुए नीलामी मंच में कुछ विशेष सुविधाएं भी जोड़ी गईं। प्रतिदिन नीलामी आयोजित की गई और बोली के कुछ घंटों के भीतर भुगतान किया गया। इन प्रयासों से कंपनी 3,200 मीट्रिक टन से अधिक प्याज की बिक्री कराने में सफल रही।

चीनी की ई-नीलामी 

प्याज के साथ-साथ mjunction HAFED की ओर से चीनी की ई-नीलामी भी करा रही है। इसके लिए कंपनी ने हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में संभावित खरीदारों की पहचान करने और उन्हें नीलामी प्रक्रिया से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए।

डिजिटल मंच पर चीनी की बिक्री ट्रक के हिसाब से अलग-अलग लॉट में की जाती है। नीलामी को मंजूरी मिलने के बाद सफल बोलीदाताओं को ऑनलाइन डिलीवरी ऑर्डर जारी किया जाता है और उसी दिन भुगतान करना होता है। इस तरह बोली, भुगतान और माल की आपूर्ति की प्रक्रिया को एक ही डिजिटल व्यवस्था से जोड़ा गया है।

इन पहलों पर mjunction के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय वर्मा ने कहा कि जब सरकारी एजेंसियां कृषि जिंसों को बाजार में जारी करती हैं, तो बिक्री प्रक्रिया में पारदर्शिता उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी काम पूरा करने की गति। उन्होंने प्याज जैसी जल्दी खराब होने वाली उपज के मामले में समय पर काम पूरा करने की जरूरत पर जोर दिया।

कृषि जिंसों की ई-नीलामी का विस्तार

कंपनी की ये नई पहल कृषि जिंसों की ई-नीलामी के क्षेत्र में उसके पहले से मौजूद काम का विस्तार हैं। इसके ग्राहकों और सहयोगी संस्थाओं में भारतीय खाद्य निगम (FCI), NAFED, NCCF, तेलंगाना नागरिक आपूर्ति विभाग, HAFED और हरियाणा राज्य भंडारण निगम शामिल हैं।

वर्ष 2025 में कंपनी ने छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ (CGMARKFED) के लिए धान के बड़े भंडार की बिक्री का काम पूरा किया था। इसके तहत तीन महीने में लगभग 25 लाख मीट्रिक टन धान की बिक्री कराई गई।

कंपनी के अनुसार, उसके कृषि जिंस कारोबार में फिलहाल 12,000 से अधिक पंजीकृत बोलीदाता हैं। इनमें चावल, गेहूं, दालें, तिलहन, चीनी, पशु आहार और प्रसंस्कृत कृषि उत्पादों के खरीदार शामिल हैं।

mjunction, टाटा स्टील और भारतीय इस्पात प्राधिकरण (SAIL) का 50:50 संयुक्त उपक्रम है। कंपनी का कहना है कि डिजिटल तकनीक, खरीदारों के व्यापक नेटवर्क और जमीनी स्तर पर परिचालन क्षमता के मेल से सरकारी एजेंसियों को बड़े पैमाने पर कृषि जिंसों की बिक्री अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने में मदद मिल सकती है।

Subscribe Rural Voice Newsletter