20 जनवरी तक उत्तर भारत में बारिश-ओले की संभावना, कल से नए पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक
पश्चिमी विक्षोभ के कारण 15 और 16 जनवरी को उत्तर-पश्चिम और आसपास के मध्य भारत में बारिश की संभावना है। सप्ताह के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और कई इलाकों में बारिश से उत्तर भारत में ठंड और शीत लहर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में कुछ स्थानों पर शीत लहर का असर रहा जबकि पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र में कई स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। अमृतसर, हिसार, जैसलमेर, गंगानगर, हरदोई और प्रयागराज में जीरो विजबिलिटी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 जनवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव में 16 से 19 जनवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश/बर्फबारी की संभावना है। 15 से 19 जनवरी के बीच उत्तराखंड में कहीं-कहीं बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 15-16 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और 15 जनवरी को पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट बारिश की संभावना है। 20 या 21 जनवरी के बाद फिर सशक्त पश्चिमी विक्षोभ उत्तर के मैदानी और पहाड़ी क्षैत्रो को प्रभावित करेगा।
ओलावृष्टि के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण 15 जनवरी को पंजाब और हरियाणा में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि तथा मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। 13 जनवरी को पूर्वोत्तर राज्यों में छिटपुट स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होगा तथा उसके बाद 2-4°C की क्रमिक वृद्धि होगी।
शीतलहर और कोहरे की संभावना
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 13 और 14 जनवरी को हरियाणा व चंडीगढ़, 13 जनवरी को राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति रह सकती है। 13 और 14 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर पाला सकता है।
13 जनवरी को पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ के कई हिस्सों में तथा 14 व 15 जनवरी को उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात/सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 18 जनवरी तक राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में, 14 जनवरी तक बिहार में; 15 जनवरी तक उत्तराखंड में और 16 से 20 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर रात्रि/सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है।

Join the RuralVoice whatsapp group















