पश्चिमी विक्षोभ से बदला उत्तर भारत का मौसम, बारिश-बर्फबारी के साथ शीतलहर की चेतावनी

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 27 और 28 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और भारी बर्फबारी, जबकि मैदानी इलाकों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इसके बाद 28 जनवरी से कई राज्यों में कड़ाके की शीतलहर लौटने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदला उत्तर भारत का मौसम, बारिश-बर्फबारी के साथ शीतलहर की चेतावनी
हरियाणा में कई जगह ओलावृष्टि हुई (फोटो: x.com/@UmeshThakran007)

उत्तर-पश्चिम और उत्तर भारत का मौसम पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से फिर एक बदल गया है। मौसम विभाग (IMD) ने 27 और 28 जनवरी के लिए उत्तर भारत के हिमालयी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के साथ-साथ मैदानों में तेज हवाओं एवं ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसके बाद 28 जनवरी से कई राज्यों में शीतलहर की चेतावनी दी गई है। बारिश से जहां रबी की फसलों को फायदा मिल सकता है लेकिन कई जगह ओलावृष्टि से रबी की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी सेब जैसे फलों के बागवानी के अनुकूल मानी जा रही है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश से ठंड बढ़ गई है। 

हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी 

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27 और 28 जनवरी को बारिश और बर्फबारी की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश/भारी बर्फबारी भी हो सकती है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ मौसम और कठिन रहने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी और बारिश से पहाड़ी मार्गों पर परिवहन बाधित हुआ है, जिससे 1,250 से अधिक सड़कें बंद रहने की खबर सामने आई है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित है। कई जिलों में तेज हवाएं और गरज के साथ तूफानी मौसम से जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।

मैदानी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि

हरियाणा और राजस्थान में कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ ओले पड़े, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान होने की आशंका है। आज पूर्वी राजस्थान के कई स्थानों पर बारिश और ओलावृष्टि की खबर है। 

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर में 27 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश, गरज और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का अलर्ट है। दिल्ली में हल्की बारिश के साथ गरज और 30–40 किमी/घंटा की हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 27 और 28 जनवरी को बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी है। मौसम विभाग का कहना है कि 13 राज्यों में भी तूफानी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे जनजीवन और यात्रा प्रभावित हो सकता है।

शीतलहर की वापसी 

मौसम विभाग के ताज़ा अनुमान के अनुसार, 28 जनवरी से तापमान फिर गिरने लगेगा और 28–31 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ तथा 29–31 जनवरी के बीच हिमाचल प्रदेश समेत कई इलाकों में कड़ाके की शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। 

दिल्ली में 26 जनवरी को रिकॉर्ड कम तापमान दर्ज किया गया था, जिससे यह पिछले पांच वर्षों का सबसे ठंडा गणतंत्र दिवस रहा।

घना कोहरा की चेतावनी

शीतलहर के साथ उत्तर भारत के राज्यों में घना कोहरा भी रहेगा। उत्तराखंड में 27 जनवरी तक और उत्तर प्रदेश में 27, 29 और 30 जनवरी को सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में 28 से 31 जनवरी, राजस्थान में 28 से 30 जनवरी और बिहार में 29 से 31 जनवरी तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। 

मौसम विभाग ने लोगों को यात्रा के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतने, पहाड़ी मार्गों पर जाने से पहले ताज़ा मौसम जानकारी लेने और ओलावृष्टि/तेज़ हवाओं के समय जोखिम भरे इलाकों से बचने की सलाह दी है।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!