मेरठ: महाराजा सूरजमल की प्रतिमा का अनावरण, ‘जाट’ शब्द हटाने पर मचा विवाद
मेरठ के सकौती में महाराजा सूरजमल की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में ‘जाट’ शब्द हटाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। हंगामे के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बिना अनावरण किए लौट गए। इस दौरान राजनीतिक बयानबाजी ने भी माहौल को गरमा दिया।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जातीय समीकरण साधने की होड़ मची है। सियासी दलों के नेता सामाजिक संगठनों के जरिए सक्रियता बढ़ा रहे हैं। रविवार को 'अंतरराष्ट्रीय जाट संसद' नामक संस्था ने मेरठ के सकौती स्थित हितकारी किसान इंटर कॉलेज में महाराजा सूरजमल की प्रतिमा के अनावरण का कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राजस्थान के सांसद हनुमान बेनीवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान समेत कई राज्यों से जाट नेता शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया जब नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल ने महाराजा सूरजमल की प्रतिमा से 'जाट' शब्द हटाए जाने पर नाराजगी जताई। बेनीवाल ने कहा, उन्हें बताया गया कि पुलिस ने जाट शब्द हटवा दिया। इस पर बालियान बात करेंगे। उन्होंने इसे समाज के सम्मान और पहचान से जुड़ा मुद्दा बताया।
महाराजा सूरजमल की प्रतिमा के नीचे शिलालेख से जाट शब्द हटाए जाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। हंगामे के चलते पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को प्रतिमा का अनावरण किए बिना ही लौटना पड़ा। यह यूपी में महाराजा सूरजमल की सबसे बड़ी प्रतिमा बताई जा रही है।

आयोजन स्थल पर जाट समाज के लोगों ने नारेबाजी कर विरोध जताया। विवाद के चलते हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। आखिरकार पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और सांसद हनुमान बेनीवाल व अन्य लोगों ने महाराज सूरजमल की प्रतिमा का अनावरण किया।
प्रशासन पर निशाना साधते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि आयोजन को नाकाम करने की साजिशें चल रही थीं। जबकि यह एक सामाजिक कार्यक्रम था, सभी पार्टियों के लोग आए। एक राज्य के मुख्यमंत्री आए। लेकिन पता नहीं प्रशासन को क्या समस्या थी। ऐसे कार्यक्रम में तो सहयोग करना चाहिए था। बालियान ने दावा किया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह अराजनीतिक था।
जाट शब्द हटाए जाने से नाराज अंतरराष्ट्रीय जाट संसद संस्था के अध्यक्ष मनु दांतल ने समारोह के बाद राजा सूरजमल की मूर्ति के नीचे धरना दिया और मेरठ पुलिस-प्रशासन पर जाट समाज के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने जाट शब्द हटाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मेरठ पुलिस का कहना है कि समस्त कार्यवाई इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा प्रवीण छेत्री बनाम उत्तर प्रदेश राज्य में दिए गए निर्णय के आलोक के अनुसार आयोजक को अवगत कराने पर आयोजक द्वारा स्वयं की गई है जिसके वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं।
सीएम मान ने साधा पीएम मोदी पर निशाना
जनसभा के दौरान भाजपा नेताओं के लिए उस समय स्थिति असहज स्थिति पैदा हो गई, जब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर तंज कसे। इस दौरान उन्होंने संजीव बालियान से कान बंद करने का अनुरोध किया और केंद्र सरकार पर खूब हमले किये।
इस तरह महाराजा सूरजमल के नाम पर हुआ सामाजिक कार्यक्रम पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जाट समाज के गणमान्य लोग और युवा मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान महाराजा सूरजमल के साहस, वीरता और समाज में उनके योगदान को याद किया गया।

Join the RuralVoice whatsapp group















