कृषि मंत्री ओडिशा से करेंगे 'विकसित कृषि संकल्प अभियान' की शुरुआत, 15 दिन में 20 राज्यों का दौरा
'विकसित कृषि संकल्प अभियान' के तहत 2170 टीमें 700 से अधिक जिलों, 65 हजार गांवों और लगभग 1.5 करोड़ किसानों तक पहुंचेंगी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 15 दिनों में 20 राज्यों में करेंगे प्रवास

केंद्रीय कृषि तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर शुरू हो रहे ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ की तैयारियां पूरी हो गई है। 29 मई को पुरी (ओडिशा) से इस अभियान की शुरूआत की जाएगी, जहां केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह भी शामिल होंगे। 15 दिनों तक चलने वाले इस वृहद अभियान के दौरान वे लगभग 20 राज्यों में प्रवास करेंगे और किसानों व वैज्ञानिकों के साथ सीधा संवाद करेंगे।
यह अभियान भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा राज्य सरकारों के सहयोग से 29 मई से 12 जून तक 700 से अधिक जिलों में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान वैज्ञानिकों की टीम गांवों में जाकर किसानों से संवाद करेगी। अभियान में देशभर के सभी 731 कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके), आईसीएआर के सभी 113 संस्थानों, राज्यस्तरीय विभागों एवं कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ही प्रगतिशील किसान व कृषि से जुड़े अन्य लोग शामिल होंगे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह का कहना है- यह अभियान, विकसित कृषि के साथ-साथ प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।अभियान का लक्ष्य विभिन्न राज्यों में लगभग डेढ़ करोड़ किसानों तक प्रत्यक्ष रूप से पहुंचना व सीधे संवाद करना है, साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “लैब टू लैंड” के विजन को धरातल पर उतारना है।
शिवराज सिंह चौहान 29 मई को ओडिशा के बाद 12 जून तक के अभियान के दौरान जम्मू, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, असम, मेघालय, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और छत्तीसगढ़ में किसानों व वैज्ञानिक टीमों के साथ संवाद में सहभागिता करेंगे।