मक्का की खेती को बढ़ावा दे रही यूपी सरकार, बीजों पर 50 फीसदी अनुदान

त्वरित मक्का विकास योजना को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किसानों से सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी फसल की फोटो साझा करने की अपील की है।

मक्का की खेती को बढ़ावा दे रही यूपी सरकार, बीजों पर 50 फीसदी अनुदान
जनपद औरैया की नगर पंचायत अजीतमल में मक्का किसान सम्मेलन के दौरान लगाई गई कृषि प्रदर्शनी

उत्तर प्रदेश सरकार मक्का की खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद औरैया, हरदोई, कन्नौज और इटावा में मक्के की फसल का हवाई निरीक्षण किया और "विकसित कृषि संकल्प अभियान" के तहत नगर पंचायत अजीतमल (औरैया) में मक्का किसान सम्मेलन को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रगतिशील किसानों का सम्मान हुआ और मिनी बीज किट व विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, चेक वितरित किए गये। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस प्रदेश में पहले किसान केवल एक या दो फसलों तक सीमित रहते थे, वहां अब 5 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में तीसरी फसल के रूप में मक्का का उत्पादन कर अच्छा लाभ कमा रहे हैं। किसानों की मक्का की फसल देखकर प्रसन्न हुए मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि मक्का के लिए क्रय केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

मक्का फसल की फोटो साझा करने की अपील

त्वरित मक्का विकास योजना को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किसानों से सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी मक्का फसल की फोटो साझा करने की अपील की है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए कहा कि किसान भाई अपनी जायद (गर्मी) की मक्का फसल के साथ जनपद का नाम लिखते हुए फोटो भेजें, ताकि आगामी फसल में योजना की जानकारी और लाभ उन्हें मिल सके। 

हाल ही में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उन्नाव, हरदोई और कानपुर नगर के बिल्लौर ब्लॉक अंतर्गत अरवल, मकनपुर, बहरामपुर और सरैया दस्तक सहित विभिन्न गांवों में 'लाइन सोइंग' विधि से बोई गई मक्का फसल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम (AMDP) का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को मक्का उत्पादन में अग्रणी राज्य बनाना है। प्रदेश में मक्का का उत्पादन वर्ष 2021-22 में 14.67 लाख टन था, जिसे वर्ष 2027 तक बढ़ाकर 27.30 लाख टन करने का लक्ष्य तय किया गया है।

त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम

प्रदेश सरकार ने मक्का उत्पादन को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। मक्का उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार ने 24 अप्रैल 2024 को 'त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम (AMDP)' की शुरुआत की थी। इसके अंतर्गत मक्का किसानों को बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। यह अनुदान योजना देशी मक्का के साथ साथ संकर मक्का, पॉप कार्न, स्वीट कॉर्न और बेबी कॉर्न पर भी लागू है। मक्का किसानों को 15 हजार प्रति क्विंटल की दर से बीजों पर अनुदान मिलता है। इसके अलावा बीजों के प्रदर्शनों में 2,400 - 20,000 रुपये प्रति एकड़ तक का अनुदान मान्य है।

प्रदेश सरकार की कोशिशों से जायद में मक्का का क्षेत्र बढ़ा है। वर्ष 2023-24 में उत्तर प्रदेश में जायद मक्का का रकबा 3.06 लाख हेक्टेयर था, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 4.87 लाख हेक्टेयर हो गया।

एथेनॉल उत्पादन के साथ-साथ मुर्गी दाने, पशु आहार और खाद्य वस्तुओं में मक्का के बढ़ते उपयोग के कारण इसकी मांग में तेजी आई है। पिछले कुछ वर्षों में जायद फसल के रूप में मक्का किसानों की पसंद बनता जा रहा है। कम समय में तैयार होने वाली इस फसल के लिए सरकार ने 2,400 रुपये प्रति क्विंटल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) निर्धारित किया है। 

Subscribe here to get interesting stuff and updates!