ट्रंप प्रशासन की नए टैरिफ की धमकियों के बीच चीन और अमेरिका के बीच कृषि व्यापार पर बातचीत
चीन और अमेरिका ने ट्रंप प्रशासन की ओर से चीन, भारत और यूरोपीय संघ सहित प्रमुख व्यापारिक साझेदारों पर नए टैरिफ लगाने की तैयारी के बीच कृषि पर वर्किंग ग्रुप की पहली बैठक की। इसमें कृषि व्यापार, नियामकीय मुद्दों और बाजार पहुंच पर चर्चा हुई।
चीन और अमेरिका ने बीजिंग में अपने द्विपक्षीय कृषि कार्य समूह की पहली बैठक की है। इसका उद्देश्य व्यापारिक बाधाओं, नियामकीय मुद्दों और बाजार तक पहुंच से जुड़ी चिंताओं का समाधान तलाशना है। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका अपने प्रमुख व्यापारिक साझेदारों चीन, भारत और यूरोपीय संघ सहित कई देशों पर नए आयात शुल्क लगाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए कथित अतिरिक्त औद्योगिक उत्पादन क्षमता और सरकारी सब्सिडी से जुड़े मामलों की जांच की जा रही है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) से ट्रेड एक्ट 1974 की धारा 301 के तहत की गई जांच के निष्कर्ष जारी करने और अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव देने की उम्मीद है। जांच के दायरे में चीन, भारत, यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, मलेशिया सहित कई अन्य देश शामिल हैं। प्रस्तावित शुल्क मौजूदा टैरिफ के अतिरिक्त लगाए जा सकते हैं। हालांकि, इनकी दरों और लागू करने की प्रक्रिया को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है।
व्यापारिक तनाव एक बार फिर बढ़ने की आशंका के बीच वाशिंगटन और बीजिंग के बीच कृषि क्षेत्र में बातचीत का विशेष महत्व है। चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि दोनों देशों के बीच कृषि उत्पादों के नियमन, बाजार तक पहुंच और कृषि व्यापार से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट, गहन और रचनात्मक बातचीत हुई। दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी चिंताओं के समाधान और आर्थिक एवं व्यापारिक संबंधों के स्थिर तथा टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने के लिए कृषि कार्य समूह के माध्यम से संवाद जारी रखने पर सहमति जताई।
इस कृषि कार्य समूह का गठन दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय व्यापार वार्ताओं के बाद किया गया था। यह चीन-अमेरिका व्यापार बोर्ड की व्यापक व्यवस्था का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य बातचीत के जरिए व्यापार से जुड़े मुद्दों का समाधान करना है।
कृषि क्षेत्र लंबे समय से दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों में विवाद का प्रमुख मुद्दा रहा है। इसमें चीन की ओर से अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद और अमेरिकी कृषि निर्यात पर लगाई गई पाबंदियां प्रमुख हैं। व्यापारिक तनाव के कारण 2025 में चीन को अमेरिका का कृषि निर्यात काफी घट गया था।
कृषि व्यापार को फिर से गति देने के प्रयासों को मई 2026 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई बैठक के बाद बल मिला था। उस समय चीन ने 2026 से 2028 के दौरान हर साल 17 अरब डॉलर के अमेरिकी कृषि उत्पाद खरीदने की प्रतिबद्धता जताई थी। इसमें अमेरिकी सोयाबीन की खरीद से जुड़ी प्रतिबद्धताएं भी शामिल थीं।
ताजा बैठक से संकेत मिलता है कि नए टैरिफ की आशंकाओं के बावजूद दोनों देश कृषि व्यापार पर बातचीत जारी रखना चाहते हैं। हालांकि, यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि इन चर्चाओं से बाजार तक पहुंच में वास्तविक सुधार होता है या नहीं और क्या दोनों देशों के बीच कृषि व्यापार में स्थायी बढ़ोतरी हो पाती है।

Join the RuralVoice whatsapp group



















