इफको-एमसी क्रॉप साइंस के चेयरमैन बने दिलीप संघाणी
दिलीप संघाणी को इफको-एमसी क्रॉप साइंस प्रा.लि. का चेयरमैन चुना गया है। कंपनी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में इनोवेशन, सस्टेनेबल कृषि और किसान-केंद्रित फसल सुरक्षा समाधानों को बढ़ावा मिलेगा। इफको और मित्सुबिशी कॉरपोरेशन के संयुक्त उपक्रम इफको-एमसी का लक्ष्य किसानों तक अपनी पहुंच और विकास को तेज करना है।
दिलीप संघाणी इफको-एमसी क्रॉप साइंस प्रा.लि. के चेयरमैन चुने गए हैं। हाल में आयोजित कंपनी की 47वीं बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। नियुक्ति को इफको सदन में बोर्ड सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में औपचारिक मंजूरी दी गई। कंपनी ने कहा कि यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब भारतीय कृषि तकनीक, स्थिरता और कृषि उत्पादकता बढ़ाने की जरूरतों के चलते बदलाव के दौर से गुजर रही है।
संघाणी इफको के चेयरमैन भी हैं। वे पिछले तीन दशकों से सहकारिता आंदोलन से जुड़े हुए हैं। वर्तमान में वे नाफेड, नेशनल कोऑपरेटिव यूनियन ऑफ इंडिया और GUJCOMASOL सहित कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय सहकारी संगठनों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं।
संघाणी 1991 से 2004 तक अमरेली लोकसभा क्षेत्र से चार बार सांसद रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने गुजरात में विधायक के रूप में भी कार्य किया है और कृषि, सहकारिता तथा पशुपालन जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली है। इफको की किसान-केंद्रित नीतियों के निर्माण में भी उनकी अहम भूमिका रही है।
कंपनी के अनुसार, संघाणी के नेतृत्व में इफको-एमसी अपनी फसल सुरक्षा उत्पाद श्रृंखला का विस्तार करेगी, टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देगी और ज्ञान-आधारित पहलों के जरिए किसानों तक अपनी पहुंच मजबूत करेगी। कंपनी ने कहा कि वह किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले और किफायती फसल सुरक्षा समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर वाइस चेयरमैन हाजिमे कितो, डायरेक्टर नाओहिरो योशिदा, डायरेक्टर योगेंद्र कुमार, प्रबंध निदेशक एवं सीईओ मनोज वार्ष्णेय, जॉइंट सीईओ रोहित चोपड़ा और सीओओ Santosh Shukla सहित अन्य अधिकारियों ने संघाणी को बधाई दी और उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया।
वर्ष 2015 में इफको और मित्सुबिशी कॉरपोरेशन के संयुक्त उपक्रम के रूप में स्थापित इफको-एमसी क्रॉप साइंस खरपतवारनाशी, कीटनाशी, फफूंदनाशी, प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर और एग्री-बायोलॉजिकल समाधान के क्षेत्र में कार्य करती है। कंपनी किसानों को पारदर्शी और उचित मूल्य पर उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए सिंगल-टियर डिस्ट्रीब्यूशन मॉडल अपनाती है। कंपनी ‘किसान सुरक्षा बीमा योजना’ भी संचालित करती है, जिसके तहत उसके उत्पाद खरीदने वाले किसानों को मुफ्त दुर्घटना बीमा कवरेज प्रदान किया जाता है।

Join the RuralVoice whatsapp group















