इफको का नैनो यूरिया प्लस तीन साल के लिए अधिसूचित, इसमें 20 फीसदी नाइट्रोजन

कृषि मंत्रालय ने इफको के नैनो यूरिया प्लस (तरल) को तीन साल के लिए अधिसूचित किया है। नैनो यूरिया प्लस इफको के नैनो यूरिया का उन्नत फॉर्मूलेशन है। इस अधिसूचना के जारी होने के बाद किसानों को नैनो यूरिया प्लस मिलना शुरू हो जाएगा।

इफको का नैनो यूरिया प्लस तीन साल के लिए अधिसूचित, इसमें 20 फीसदी नाइट्रोजन

देश की प्रमुख उर्वरक निर्माता इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (इफको) नैनो यूरिया के बाद नया प्रोडक्ट नैनो यूरिया प्लस लेकर आई है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने इफको के नैनो यूरिया प्लस (तरल) को तीन साल के लिए अधिसूचित किया है। नैनो यूरिया प्लस इफको के नैनो यूरिया का उन्नत फॉर्मूलेशन है। इस अधिसूचना के जारी होने के बाद किसानों को नैनो यूरिया प्लस मिलना शुरू हो जाएगा।

इफको के एमडी एवं सीईओ डॉ. यू.एस. अवस्थी ने नैनो यूरिया प्लस की अधिसूचना जारी होने की जानकारी देते हुए कहा, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि इफको के नैनो यूरिया प्लस (तरल) 16% एन w/w जो 20% एन w/v के बराबर है, को भारत सरकार के कृषि मंत्रालय द्वारा 3 वर्ष की अवधि के लिए अधिसूचित किया गया है। इफको नैनो यूरिया प्लस, नैनो यूरिया का एक उन्नत संस्करण है जो पौधे के विकास के विभिन्न चरणों में नाइट्रोजन की बेहतर आपूर्ति और पोषण प्रदान करता है। मृदा स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सतत कृषि को बढ़ावा देने के लिए पारंपरिक यूरिया और अन्य नाइट्रोजन उर्वरकों की जगह इसका प्रयोग किया जा सकता है। यह सूक्ष्म पोषक तत्वों की उपलब्धता और दक्षता को भी बढ़ाता है। यह क्लोरोफिल चार्ज करते हुए उपज वृद्धि और स्मार्ट खेती में मदद करता है।

इफको ने नैनो यूरिया प्लस की कीमत में कोई वृद्धि नहीं की गई है। इसकी 500 मिली की बोतल 225 रुपये की दर से मिलेगी। केंद्र सरकार दानेदार यूरिया की बजाय तरल नैनो यूरिया के इस्तेमाल को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। इन्हीं प्रयासों के तहत नैनो यूरिया के बाद अब इफको द्वारा नैनो यूरिया प्लस लाया जा रहा है।    

Subscribe here to get interesting stuff and updates!