एक्जिट पोल: यूपी में भाजपा की वापसी संभव, जानिए बाकी चार राज्यों में किसकी बन सकती है सरकार

एक्जिट पोल के नतीजे दिखाए गए उनके मुताबिक उत्तर प्रदेश में भाजपा गठबंधन को 210 से 275 सीटें मिलेंगी। प्रदेश में कुल 403 सीटें हैं और सामान्य बहुमत के लिए 202 सीटें चाहिए। इस एक्जिट पोल के अनुसार भाजपा की प्रमुख प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी के गठबंधन को 119 से 160 सीटें मिलेंगी

एक्जिट पोल: यूपी में भाजपा की वापसी संभव, जानिए बाकी चार राज्यों में किसकी बन सकती है सरकार

उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव के सभी चरण सोमवार को पूरे हो गए। इन सभी राज्यों में एक्जिट पोल के नतीजे भी आ गए हैं। अगर इन नतीजों को सही माना जाए तो उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने वाली है, हालांकि उसकी सीटें कम हो जाएंगी। दिल्ली से बाहर पहली बार आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब में बनने की संभावना दिख रही है। उत्तराखंड में एक्जिट पोल के नतीजे मिश्रित लग रहे हैं। गोवा में त्रिशंकु विधानसभा के आसार लग रहे हैं तो मणिपुर में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनती नजर आ रही है।

उत्तर प्रदेश में भाजपा गठबंधन को 210 से 275 सीटें

आज तक, एबीपी न्यूज, सीएनएन न्यूज 18, रिपब्लिक टीवी और न्यूज एक्स चैनलों पर जो एक्जिट पोल के नतीजे दिखाए गए उनके मुताबिक उत्तर प्रदेश में भाजपा गठबंधन को 210 से 275 सीटें मिलेंगी। प्रदेश में कुल 403 सीटें हैं और सामान्य बहुमत के लिए 202 सीटें चाहिए। इस एक्जिट पोल के अनुसार भाजपा की प्रमुख प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी के गठबंधन को 119 से 160 सीटें मिलेंगी। हालांकि सपा के सहयोगी ओम प्रकाश राजभर ने कहा है कि 10 मार्च को नतीजे के दिन ये आंकड़े गलत साबित होंगे और राज्य में सपा गठबंधन की ही सरकार बनेगी।

पंजाब में आप को 56 से 90 सीटों तक का अनुमान

पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं और यहां बहुमत के लिए 59 सीटें चाहिए। ज्यादातर एक्जिट पोल के नतीजे बता रहे हैं कि वहां अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को सरकार बनाने लायक सीटें मिल जाएंगी। आप को इंडिया टुडे एक्सिस के पोल में 76 से 90 सीटें, सी वोटर के सर्वे में 51 से 61 सीटें और न्यूज 18 टार्गेट के पोल में 66 सीटें मिलने की संभावना बताई गई है। टीवी9 भारतवर्ष और पोलस्ट्रैट के सर्वे में आप को पंजाब में 56 से 61 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।

पंजाब के सभी एक्जिट पोल में सत्तारूढ़ कांग्रेस को दूसरे नंबर पर दिखाया गया है। भाजपा, कैप्टन अमरिंदर की पंजाब लोक कांग्रेस और शिअद (संयुक्त) गठबंधन को अलग अलग सर्वे में एक से 13 सीटें मिलती दिखाई गई हैं। सी वोटर ने सात से 13 सीटों की संभावना जताई है। इसके मुताबिक कांग्रेस को 22 से 28 और अकाली और बसपा गठबंधन को 20 से 26 सीटें मिल सकती हैं। इंडिया टुडे एक्सिस के सर्वे में कांग्रेस को 19 से 31 सीटें मिलती दिखाई गई हैं। न्यूज एक्स के अनुसार कांग्रेस को 24 से 29 सीटें मिलेंगी।

उत्तराखंड में भाजपा की वापसी के आसार

70 विधानसभा सीटों वाले उत्तराखंड में एक्जिट पोल के विभिन्न एजेंसियों के नतीजे अलग अलग हैं। टुडेज चाणक्य ने भाजपा को 43, कांग्रेस को 24 और अन्य को तीन सीटें मिलने की संभावना जताई है। लेकिन सी वोटर के अनुसार भाजपा को 26 से 32 और कांग्रेस को 32 से 38 सीटें मिलने की संभावना है। इसके मुताबिक आम आदमी पार्टी समेत अन्य को तीन से नौ सीटों पर संतोष करना पड़ेगा।

गोवा में किसी का आंकड़ा बहुमत के पार नहीं

गोवा विधानसभा में 40 सीटें हैं और बहुमत के लिए 21 सीटें चाहिए। लेकिन किसी भी एक्जिट पोल में किसी भी पार्टी को इतनी सीटें मिलती नहीं दिखाई दे रही हैं। ग्राउंड जीरो ने जरूर कांग्रेस को 20 से 25 सीटें मिलने की संभावना जताई है। इसके मुताबिक सत्तारूढ़ भाजपा को 10 से 14 सीटों पर संतोष करना पड़ेगा। हालांकि बाकी सर्वे में भाजपा को कांग्रेस से ज्यादा सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है, लेकिन किसी में भी वह बहुमत का आंकड़ा पार करती नहीं दिख रही है। टाइम्स नाउ ने कांग्रेस को 16, भाजपा को 14, आप को चार और अन्य को छह सीटें मिलने की उम्मीद जताई है।

मणिपुर में भाजपा फिर बना सकती है गठबंधन सरकार

मणिपुर में सत्तारूढ़ भाजपा की सरकार दोबारा बन सकती है। न्यूज 18 ने यहां भाजपा गठबंधन को 27 से 31 तथा कांग्रेस गठबंधन को 11 से 17 सीटें मिलने की संभावना जताई है। जी न्यूज के अनुसार भाजपा को 32 से 38 और कांग्रेस को 12 से 17 सीटें मिलेंगी। इंडिया न्यूज के मुताबिक भाजपा गठबंधन को 23 से 28 और कांग्रेस गठबंधन को 10 से 14 सीटें मिलेंगी। मणिपुर विधानसभा में 60 सीटें हैं और बहुमत के लिए 31 सीटें चाहिए। यहां भाजपा ने 2017 में एनपीपी और एनपीएफ के साथ गठबंधन में सरकार बनाई थी, लेकिन इस बार भी चुनाव तीनों ने अलग-अलग लड़ा है।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!