आज की प्रमुख चुनावी खबरेंः पवन खेड़ा ने लगाए भाजपा पर आरोप, शिवराज पाटिल की बहू भाजपा में शामिल

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। कॉन्फ्रेंस के दौरान टेबल पर वॉशिंग मशीन रखी थी जिस पर बीजेपी वॉशिंग मशीन लिखा हुआ था। खेड़ा ने कहा, भाजपा जिन नेताओं पर करोड़ों के घोटाले का आरोप लगाती है, उन्हें पार्टी में शामिल करवाने के बाद उनके खिलाफ केस वापस ले लेती है।

आज की प्रमुख चुनावी खबरेंः पवन खेड़ा ने लगाए भाजपा पर आरोप, शिवराज पाटिल की बहू भाजपा में शामिल

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। कॉन्फ्रेंस के दौरान टेबल पर वॉशिंग मशीन रखी थी जिस पर बीजेपी वॉशिंग मशीन लिखा हुआ था। खेड़ा ने कहा, भाजपा जिन नेताओं पर करोड़ों के घोटाले का आरोप लगाती है, उन्हें पार्टी में शामिल करवाने के बाद उनके खिलाफ केस वापस ले लेती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास ऐसी वॉशिंग मशीन है, जिसमें 10 साल पुराना केस भी डालो तो आरोपी बेदाग निकलता है। मशीन के साथ-साथ ये कमाल मोदी वॉशिंग पावडर का भी है। खेड़ा ने कहा कि एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल इसका उदाहरण हैं। भाजपा ने उन पर अरबों रुपए के घोटाले का आरोप लगाया। जब वे एनसीपी से भाजपा के साथ गए तो उनके दाग साफ हो गए। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ भी यही हुआ। खेड़ा ने यह आरोप भी लगाया कि विपक्ष के नेताओं को डराने धमकाने के लिए सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग का दुरुपयोग किया जा रहा है। 

भाजपा ने जारी की चुनाव घोषणापत्र समिति, राजनाथ अध्यक्ष

भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र बनाने वाली समिति के सदस्यों की सूची जारी की। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि 27 सदस्यों की समिति के प्रमुख रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे। समिति के अन्य प्रमुख सदस्यों में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा शामिल हैं। अन्य प्रमुख नेताओं में भूपेंद्र यादव, अर्जुन राम मेघवाल, अश्विनी वैष्णव, धर्मेंद्र प्रधान, हिमंत बिस्वा सरमा, विष्णु देव साय, मोहन यादव, शिवराज सिंह चौहान, वसुंधरा राजे, स्मृति ईरानी, रवि शंकर प्रसाद, सुशील मोदी, राजीव चंद्रशेखर, ओपी धनखड़ और तारिक मंसूर शामिल हैं।

कांग्रेस को आयकर विभाग से दो और नोटिस

कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि बीती रात आयकर विभाग से उसे दो और नोटिस मिले हैं। कांग्रेस ने नोटिस के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर टैक्स आतंकवाद का आरोप लगाया है। पार्टी नेता जयराम रमेश ने बताया कि इससे पहले शुक्रवार को आयकर विभाग की तरफ से 1823 करोड रुपए का नोटिस मिला था। यह नोटिस आकलन वर्ष 2017-18 और 2020-21 के हैं। इनमें पेनल्टी और ब्याज शामिल हैं। जयराम रमेश ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा सरकार विपक्ष को आर्थिक रूप से पंगु बना देना चाहती है। पार्टी का कहना है कि सिर्फ 14 लाख रुपए के उल्लंघन भुगतान के मसले पर उस पर जुर्माना लगाया जा रहा है जबकि भाजपा के 42 करोड़ रुपए के मामले में टैक्स अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। पार्टी का कहना है कि चुनाव आयोग को लेवल प्लेइंग फील्ड सुनिश्चित करना चाहिए। इस बीच कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने कहा है कि उन्हें आयकर विभाग से ऐसे मामले का नोटिस मिला है जिसका सेटलमेंट हो चुका है।

शिवराज पाटिल की बहू भाजपा में

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल की बहू अर्चना पाटिल शनिवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची जारी

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इनमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल हैं। अन्य प्रमुख नामों में सचिन पायलट, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी और अभिनेता से नेता बने राज बब्बर भी शामिल हैं।

विजयन का भाजपा पर लोकतंत्र को खतरे में डालने का आरोप

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर भारत की धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक प्रकृति को खतरे में डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट की भी आलोचना की और कहा कि इसके सांसद लोकसभा में लोगों की आवाज को उठाने में नाकाम रहे हैं। विजयन ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र और एमनेस्टी इंटरनेशनल जैसे संगठन तथा अमेरिका और जर्मनी जैसे देश भारत में हाल की घटनाओं की आलोचना कर रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि क्या यहां लोकतांत्रिक तौर-तरीकों को अपनाया जा रहा है।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!