लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, जानिए आपके राज्य में कब होगा मतदान

लोकसभा की 543 सीटों पर सात चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को और आखिरी चरण का मतदान 1 जून को होगा। पूरे देश में एक साथ 4 जून को काउंटिंग होगी।

लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, जानिए आपके राज्य में कब होगा मतदान

चुनाव आयोग ने आम चुनाव 2024 के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। इसके साथ ही देशभर में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई। दोनों चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू भी विज्ञान भवन में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे। 

लोकसभा की 543 सीटों पर सात चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण के लिए चुनाव की अधिसूचना 20 मार्च को जारी होगी। 19 अप्रैल को पहले चरण और 1 जून को आखिरी चरण का मतदान होगा। पूरे देश में एक साथ 4 जून को काउंटिंग कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल, तीसरे चरण का मतदान 7 मई, चौथे चरण का मतदान 13 मई, पांचवें चरण का मतदान 20 मई और छठे चरण का मतदान 25 मई को होगा। तीन राज्यों - बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में सभी सात चरणों में मतदान होगा।

 

चार राज्यों में विधानसभा चुनाव सिक्किम, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी लोकसभा चुनावों के साथ होंगे। बिहार, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, तेलंगाना, हिमाचल, तमिलनाडु में 26 विधानसभा उपचुनाव भी लोकसभा के साथ होंगे। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में विधानसभा चुनाव 19 अप्रैल को और आंध्र प्रदेश में 13 मई को होंगे। ओडिशा विधानसभा के चुनाव चार चरणों में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को होंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि इस बार 96.88 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें से 49.7 करोड़ पुरुष और 47.1 करोड़ महिलाएं हैं। इस बार 1.84 करोड़ युवा वोटर्स पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे जो कुल मतदाताओं का 1.89 फीसदी हैं। 20 से 29 साल के साढ़े 19.74 करोड़ वोटर हैं। इस बार लोकसभा चुनाव के लिए देश में 10.5 लाख पोलिंग स्टेशन होंगे जहां 55 लाख ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने चार 'एम'मसल पावर, मनी पावर, एमसीसी के उल्लंघन और मिस इंफोर्मेशन की चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए चुनाव आयोग की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिमालय से लेकर रेगिस्तान तक देश के हर कोने में मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। 85 वर्ष से अधिक उम्र के वोटर या दिव्यांग वोटर के घर फॉर्म भिजवाएंगे, ताकि वो घर से वोट डाल सकें। 

मुख्य चुनाव आयुक्त ने राजनीतिक दलों से मर्यादा बनाए रखने और व्यक्तिगत हमलों से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रचार में बच्चों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। फेक न्यूज, हेट स्पीच और धनबल के दुरुपयोग को रोकने के लिए चुनाव आयोग सख्ती करेगा। 

चुनाव कार्यक्रम 

पहले चरण में 19 अप्रैल को 21 राज्यों के 102 लोकसभा क्षेत्रों में मतदान होगा, इस चरण में 10 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में मतदान प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

दूसरे चरण में 26 अप्रैल को 13 राज्यों के 89 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा और कुल 14 राज्यों में मतदान प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

तीसरे चरण में 7 मई को 12 राज्यों के 94 लोकसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। इसके साथ ही 20 प्रदेशों में मतदान संपन्न हो जाएगा। 

चौथे चरण में 13 मई को 10 राज्यों की 96 सीटों पर मतदान होगा। इसके साथ ही 23  राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में मतदान पूरा हो जाएगा। 

पांचवें चरण में 20 मई को आठ राज्यों की 49 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इस चरण तक 26 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में मतदान संपन्न होगा।

छठे चरण में 25 मई को सात राज्यों के 57 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। इस चरण के साथ 28 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में मतदान संपन्न हो जाएगा।

सातवां और अंतिम चरण में 1 जून को आठ राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के 57 निर्वाचन क्षेत्रों में होगा। इसी के साथ पूरे देश में लोकसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। 

Subscribe here to get interesting stuff and updates!