लोकसभा चुनाव 2024: आज की टॉप 5 राजनीतिक खबरें

लोकसभा चुनाव 2024: आज की टॉप 5 राजनीतिक खबरें

भाजपा से वरुण गांधी का कटा टिकट तो कांग्रेस ने दिया ऑफर

भारतीय जनता पार्टी ने वरुण गांधी का टिकट काट दिया है। इस पर कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी ने बयान दिया कि गांधी परिवार का सदस्य होने के कारण भाजपा ने दबंग नेता और साफ छवि वाले वरुण गांधी को टिकट नहीं दिया। अधीर रंजन ने उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से सांसद वरुण को कांग्रेस में आने का न्योता भी दे डाला। वरुण अक्सर केंद्र और उत्तर प्रदेश की सरकार के खिलाफ बयान देते रहे हैं। भाजपा ने उनकी जगह कांग्रेस से आए जितिन प्रसाद को टिकट दिया है। हालांकि वरुण की मां मेनका गांधी सुल्तानपुर से भाजपा के टिकट पर ही चुनाव लड़ेंगी। वैसे पार्टी ने मणिपुर से केंद्रीय मंत्री राजकुमार रंजन सिंह का टिकट भी काटा है। राजस्थान की करौली-धौलपुर और दौसा सीटों से मौजूदा सांसद मनोज रजोरिया और जसकौर मीणा का भी टिकट कट गया है। भाजपा अब तक 401 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।

कंगना पर टिप्पणी के बाद ममता के खिलाफ दिलीप घोष का बयान

अभिनेत्री से नेता बनीं कंगना रनौत के खिलाफ कांग्रेस की सुप्रिया श्रीनेत की टिप्पणी पर मचे बवाल के बीच पश्चिम बंगाल के पूर्व भाजपा प्रमुख और सांसद दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है। दरअसल तृणमूल कांग्रेस दिलीप घोष का एक वीडियो क्लिप दिखा रही है जिसमें वे कह रहे हैं, "बंगाल को उसकी अपनी बेटी चाहिए। जब वे गोवा जाती हैं तो कहती हैं कि मैं गोवा की बेटी हूं। त्रिपुरा में वे कहती हैं कि मैं त्रिपुरा की बेटी हूं। पहले वे स्पष्ट करें...।" तृणमूल ने कहा है कि वह इस बयान के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत करेगी। राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री शशि पांजा ने कहा है कि दिलीप घोष को इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। 

पंजाब में कांग्रेस को झटका, सांसद रवनीत बिट्टू भाजपा में शामिल

पंजाब में कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। पंजाब के पूर्व सीएम बेअंत सिंह के पौत्र तथा लुधियाना के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू भाजपा में शामिल हो गये। वे तीसरी बार के सांसद हैं। इससे पहले पटियाला की कांग्रेस सांसद परनीत कौर भी भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। बिट्टू पंजाब में कांग्रेस के तेज-तर्रार नेता माने जाते थे। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में उन्हें भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने पार्टी में शामिल कराया। इस मौके पर बिट्टू ने कहा कि पंजाब में जो दरार आ चुकी है वह उसे भरने का प्रयास करेंगे।  बिट्टू लुधियाना सीट से कांग्रेस के टिकट पर दो बार और आनंदपुर साहिब सीट से एक बार सांसद चुने जा चुके थे। 

रोजगार पर राहुल का भाजपा पर गुमराह करने का आरोप

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने ट्वीट किया, "नरेंद्र मोदी जी, क्या आपके पास रोज़गार के लिये कोई योजना थी भी? यही सवाल आज हर युवा की ज़ुबान पर है। गली-गली, गांव-गांव भाजपा वालों से पूछा जा रहा है - आखिर हर साल 2 करोड़ नौकरी देने का झूठ क्यों बोला गया था?" कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी ने युवा न्याय के तहत रोज़गार क्रांति का संकल्प लिया है। राहुल ने कहा, "हमारी गारंटी है कि हम सरकार में आते ही 30 लाख सरकारी पदों को भरेंगे, हर शिक्षित युवा को ‘पहली नौकरी पक्की’ योजना के तहत 1 लाख रू. सालाना की नौकरी देंगे, कानून बना कर पेपर लीक से मुक्ति दिलाएंगे।" उन्होंने कहा कि यह वक्त दो विचारधाराओं की नीतियों के फर्क को पहचानने का है। कांग्रेस युवाओं का भविष्य बनाना चाहती है और भाजपा उन्हें भटकाना।

पंजाब में नहीं बन सका भाजपा-अकाली गठबंधन

लगता है पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के साथ भाजपा की बात नहीं बनी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि राज्य में लोकसभा चुनाव पार्टी अकेले लड़ेगी। बकौल जाखड़, प्रदेश वासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। राज्य के किसानों ने पिछले महीने फिर आंदोलन शुरू किया है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि किसान आंदोलन को देखते हुए अकाली दल, भाजपा के साथ जाने से हिचक रही है। पंजाब की 13 संसदीय सीटों पर 1 जून को मतदान होना है। 2019 का आम चुनाव भाजपा और अकाली दल ने साथ लड़ा था, लेकिन नतीजे गठबंधन के खिलाफ थे। 13 में से आठ सीटें कांग्रेस को मिलीं। बाकी पांच पर भाजपा, शिरोमणि अकाली दल और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जीते।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!