लोकसभा चुनाव: आज पहले चरण की 102 सीटों पर मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण में शुक्रवार 19 अप्रैल को 21 राज्यों की 102 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। इस चरण में आठ केंद्रीय मंत्री, दो पूर्व सीएम और एक पूर्व राज्यपाल सहित 1625 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

लोकसभा चुनाव: आज पहले चरण की 102 सीटों पर मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण में आज 19 अप्रैल को 21 राज्यों की 102 सीटों पर मतदान हो रहा है। इस चरण में आठ केंद्रीय मंत्री, दो पूर्व सीएम और एक पूर्व राज्यपाल सहित 1625 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। पहले चरण में तमिलनाडु की सभी 39, राजस्थान की 12, उत्तर प्रदेश की 8, उत्तराखंड की सभी 5, अरुणाचल प्रदेश की 2, बिहार की 4, छत्तीसगढ़ की 1, असम की 4, मध्य प्रदेश की 6, महाराष्ट्र की 5, मणिपुर की 2, मेघालय की 2, मिजोरम व त्रिपुरा की 1-1 और पश्चिम बंगाल की 3 सीटों पर मतदान होगा। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर, अंडमान निकोबार, लक्षद्वीप और पुडुचेरी की एक-एक सीट पर भी कल मतदान होगा। इन सीटों पर आठ केंद्रीय मंत्री, दो पूर्व सीएम और एक पूर्व राज्यपाल समेत 1,625 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है। इसी बीच चौथे चरण के लोकसभा चुनाव के लिए 18 अप्रैल को अधिसूचना जारी हो गई। इस चरण में 10 राज्यों की 96 सीटों पर 13 मई को मतदान होगा।

राजनाथ सिंह का कांग्रेस पर तंज, राहुलयान न लॉन्च हो पाया न लैंड करेगा

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच अनिल एंटनी की चुनाव रैली में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने केरल के वायनाड से कांग्रेस उम्मीदवार राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह 2019 में अमेठी लोकसभा सीट से हार गए थे, इसलिए उनमें इस बार वहां से चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं है। राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में विभिन्न अंतरिक्ष परियोजनाएं लॉन्च की जा रही हैं लेकिन कांग्रेस के युवा नेता पिछले 20 वर्ष में ‘लॉन्च’ नहीं हो पाए। कांग्रेस पार्टी का ‘राहुलयान’ न तो ‘लॉन्च’ हो पाया और न ही कहीं ‘लैंड’ कर पाया। राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी की सराहना करते हुए उन्हें अनुशासित और सिद्धांतवादी व्यक्ति बताया। राजनाथ सिंह ने कहा कि वह एके एंटनी के इस बयान पर हैरान रह गए कि अनिल एंटनी चुनाव हार जाएं।

ईवीएम-वीवीपैट मामले पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला सुरक्षित

सुप्रीम कोर्ट में ईवीएम और वीवीपीएटी पर्चियों के 100 फीसदी मिलान की मांग करने वाली याचिकाओं पर गुरुवार को अपना फैसला सुरक्षित रखा है। जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस दीपांकर दत्ता की पीठ ने याचिकाओं पर सुनवाई के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस दीपांकर दत्ता की बेंच ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में शुचिता होनी चाहिए। कोर्ट ने चुनाव आयोग से स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए अपनाए गए कदमों के बारे में विस्तार से बताने को कहा। सुनवाई के दौरान एडवोकेट प्रशांत भूषण ने कोर्ट के सामने एक रिपोर्ट पेश की जिसमें आरोप था कि केरल में ईवीएम के मॉक ड्रिल के दौरान चार ईवीएम में भाजपा को ज्यादा वोट जा रहे थे। इस पर कोर्ट ने चुनाव आयोग के वकील मनिंदर सिंह से पूछा कि यह आरोप कितना सही है, इसे चेक करें। चुनाव आयोग के वकील ने दावा किया कि ये खबरें झूठी और बेबुनियाद है। सुप्रीम कोर्ट में एनजीओ एडीआर द्वारा दायर याचिका में मांग की गई है कि ईवीएम के वोट का सौ फीसदी मिलाना वीवीपैट की पर्चियों के साथ कराया जाए ताकि गड़बड़ी की कोई आशंका ना रहे।

यह संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव: राहुल गांधी  

पहले चरण के मतदान से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि यह कोई सामान्य चुनाव नहीं है बल्कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को “बब्‍बर शेर” बताते हुए उन्हें लोकतंत्र बचाने की जिम्मेदारी सौंपी। राहुल गांधी ने कहा, " भाजपा-आरएसएस भारत के विचार के खिलाफ हैं। वे हमारे संविधान, देश के लोकतांत्रिक ढांचे, चुनाव आयोग सहित तमाम संस्थानों पर हमला कर रहे हैं। आप हर जगह आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ लड़ते हैं। क्योंकि कांग्रेस पार्टी की सोच और विचारधारा आपकी रगों में हैं।" राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस भाजपा और उसकी विचारधारा को हराने जा रही है। राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि कांग्रेस एक बेहतरीन घोषणापत्र लेकर आयी है जिसमें कई महत्पूर्ण गारंटी हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को देश की जनता को इसके बारे में बताना चाहिए।  

21 अप्रैल को रांची में इंडिया गठबंधन की रैली

विपक्षी इंडिया अलायंस की 21 अप्रैल को रांची में बड़ी रैली होने जा रही है। इस रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल समेत विभिन्न विपक्षी दलों के नेता अपनी एकजुटता दिखाएंगे। इस रैली के बहान इंडिया गठबंधन यह संदेश देने की कोशिश करेगा कि सभी विपक्षी दल चुनाव में मजबूती के साथ खड़े हैं। रैली झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी शामिल हो सकती हैं। जमीन घोटाला मामले में हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद से कल्पना सोरेन भी काफी सक्रिय हैं और मुंबई तथा दिल्ली में विपक्षी दलों के समूह की रैलियों में शामिल हो चुकी हैं। रैली में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह भी नजर आएंगे। 

 

 

 

 

 

 

 

 

Subscribe here to get interesting stuff and updates!