हरियाणा में किसानों ने बनाया साझा मोर्चा, चीनी मिलों को रोकी गन्ना आपूर्ति; यूपी व पंजाब के किसानों से भी चढ़ूनी की अपील

हरियाणा में गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों ने चीनी मिलों को आपूर्ति रोक दी। गन्ना उपलब्ध न होने से मिलों में पेराई नहीं हो पा रही है। किसान संगठनों ने साझा मोर्चा बनाकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है।

हरियाणा में किसानों ने बनाया साझा मोर्चा, चीनी मिलों को रोकी गन्ना आपूर्ति; यूपी व पंजाब के किसानों से भी चढ़ूनी की अपील

हरियाणा में गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य (SAP) 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन जोर पकड़ रहा है। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी), भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) और अन्य किसान संगठनों के एकजुट होने से आंदोलन व्यापक हो गया है। किसानों ने चीनी मिलों को गन्ने की आपूर्ति रोकने का फैसला किया है, जिससे नए पेराई सत्र के उद्घाटन के बाद भी कई चीनी मिलों में पेराई शुरू नहीं हो पा रही है। आंदोलन का प्रभाव अब यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, रोहतक और कैथल तक दिखाई दे रहा है।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने रूरल वॉयस को बताया कि जब तक सरकार गन्ने का भाव नहीं बढ़ाती, किसान चीनी मिलों को गन्ना नहीं डालेंगे। 17 नवंबर को यमुनानगर की सरस्वती शुगर मिल शुरू हुई थी, लेकिन अब तक किसानों ने मिल को गन्ना नहीं दिया और पेराई बंद पड़ी है। इसी तरह अंबाला जिले की नारायणगढ़ शुगर मिल, करनाल जिले की भादसों शुगर मिल और कुरुक्षेत्र जिले की शाहाबाद शुगर मिल में भी नए पेराई सत्र के शुभारंभ के बावजूद किसानों ने गन्ना नहीं पहुंचाया। इन मिलों के बाहर किसानों ने धरने शुरू कर दिए हैं। सोनीपत जिले की गोहाना शुगर मिल के बाहर भी अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो गया है।

चढ़ूनी ने कहा कि उनकी उत्तर प्रदेश और पंजाब के गन्ना किसानों से भी अपील है कि वे कम भाव पर चीनी मिलों को गन्ना न डालें। उन्होंने यूपी और पंजाब में अब तक गन्ने का मूल्य घोषित नहीं किए जाने को राज्य सरकारों का किसान-विरोधी रवैया करार दिया। उनका कहना है कि हर साल गन्ने का भाव नहीं बढ़ाने के लिए चीनी के कम दाम का हवाला दिया जाता था। लेकिन इस बार चीनी के दाम 65-70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं, फिर भी गन्ने के भाव में मामूली बढ़ोतरी की गई। जबकि गन्ने की खेती की लागत 450 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसानों को लागत का डेढ़ गुना मूल्य दिलाने के दावे के हिसाब से भी गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक होना चाहिए।

हरियाणा साझा संघर्ष मोर्चा का गठन

गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने के लिए 24 नवंबर को कैथल में विभिन्न किसान संगठनों की बैठक हुई। इसमें भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के गुरनाम सिंह चढ़ूनी और भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के हरियाणा अध्यक्ष रतन मान सहित अन्य किसान नेता शामिल हुए।

बैठक में हरियाणा साझा संघर्ष मोर्चा का गठन किया गया। इसका उद्देश्य किसान संगठनों को एक मंच पर लाकर गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन तेज करना है। मोर्चे ने राज्य की सभी 14 चीनी मिलों पर विरोध-प्रदर्शन की रणनीति बनाई है। कैथल और रोहतक जिलों में भी किसान संगठनों ने आंदोलन के समर्थन में लामबंदी की है।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने कहा कि जब तक सरकार गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी किसान अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं और मिलकर संघर्ष करेंगे।

शाहाबाद मिल में विरोध-प्रदर्शन 

मंगलवार को कुरुक्षेत्र की शाहाबाद सहकारी चीनी मिल के पेराई सत्र के उद्घाटन कार्यक्रम में किसानों ने भाजपा के मंत्रियों की मौजूदगी का विरोध किया। किसानों के विरोध के चलते कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा कार्यक्रम में नहीं आए और वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया, जबकि मंत्री कृष्ण बेदी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।

इस दौरान विवाद बढ़ने पर पुलिस ने किसान नेता राकेश बैंस और जसबीर सिंह मामूमाजरा सहित अन्य प्रदर्शनकारियों को कुछ समय के लिए हिरासत में लिया और बाद में छोड़ दिया। शाहाबाद मिल में पेराई सत्र का औपचारिक उद्घाटन हुआ, लेकिन किसानों द्वारा गन्ना नहीं पहुंचाने के कारण पेराई शुरू नहीं हो सकी।

क्यों आंदोलित हैं किसान?

हरियाणा सरकार ने मौजूदा पेराई सत्र के लिए गन्ने के मूल्य में 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी कर इसे 430 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। किसानों का कहना है कि डीजल, खाद, बीज, कीटनाशक, सिंचाई, कृषि मशीनरी और मजदूरी की लागत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में 15 रुपये की बढ़ोतरी उत्पादन लागत के मुकाबले बहुत कम है। किसान संगठनों ने मौजूदा पेराई सत्र के लिए 600 रुपये प्रति क्विंटल की मांग रखी है। उनका दावा है कि गन्ने की उत्पादन लागत लगभग 455 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच चुकी है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरकार के फैसले का बचाव करते हुए कहा है कि हरियाणा देश में किसानों को सबसे अधिक गन्ना मूल्य दे रहा है। सरकार का तर्क है कि गन्ने के मूल्य में अग्रिम बढ़ोतरी की घोषणा से किसानों को आगामी पेराई सत्र की तैयारी में मदद मिलेगी। अगले पेराई सत्र के लिए 450 रुपये प्रति क्विंटल का भाव घोषित किया है।

2 दिसंबर को सीएम आवास का घेराव

आंदोलन को विपक्ष का भी समर्थन मिल रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किसानों की 600 रुपये प्रति क्विंटल की मांग को उचित बताते हुए सरकार की ओर से की गई 15 रुपये की बढ़ोतरी को नाकाफी बताया है।

संयुक्त किसान मोर्चा ने घोषणा की है कि यदि 600 रुपये प्रति क्विंटल की मांग स्वीकार नहीं की गई तो 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। वहीं, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) से जुड़े किसानों ने कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के रादौर स्थित आवास के बाहर भी धरना दिया।

गुड़ और खांडसारी इकाइयों ने घटाए दाम

गन्ना किसानों के आंदोलन के बीच हरियाणा में गुड़ एवं खांडसारी इकाइयों ने गन्ने का खरीद मूल्य घटाकर 350 से 400 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है, जबकि सीजन की शुरुआत में करीब 450 रुपये प्रति क्विंटल तक का भाव दिया जा रहा था। बाजार में गुड़ के दाम चीनी से कम होने और सीजन की शुरुआत में गन्ने की रिकवरी कम रहने के कारण भी गुड़ एवं खांडसारी उद्योग की ओर से गन्ने का कम भाव दिया जा रहा है।

यदि सरकार और किसान संगठनों के बीच जल्द सहमति नहीं बनती है तो आंदोलन लंबा खिंचने से चीनी मिलों की पेराई, गन्ने की कटाई और गेहूं की बुवाई प्रभावित हो सकती है। 

Subscribe Rural Voice Newsletter