कर्नाटक चुनावः कांग्रेस ने जारी की तीसरी सूची, भाजपा के बागी सावदी को भी मिला टिकट

इस सूची से सबसे बड़ा झटका पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता सिद्धारमैया को लगा है। दरअसल, सिद्धारमैया दो जगह से चुनाव लड़ना चाह रहे थे। कांग्रेस ने उन्हें उनकी परंपरागत सीट वरुणा से तो उम्मीदवार बना दिया है लेकिन वह कोलार सीट से भी टिकट मांग रहे थे जिसे पार्टी ने ठुकरा दिया है। कोलार सीट से कोथूर जी मंजूनाथ को उम्मीदवार बनाया गया है।

कर्नाटक चुनावः कांग्रेस ने जारी की तीसरी सूची, भाजपा के बागी सावदी को भी मिला टिकट
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की तीसरी सूची।

कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी है। 43 उम्मीदवारों वाली इस सूची में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी का भी नाम है। उन्हें पार्टी ने अठानी सीट से टिकट दिया है। सावदी पहले कांग्रेस में ही थे। कांग्रेस छोड़कर वह भाजपा में चले गए थे और अब फिर वापस आ गए हैं। इसके साथ ही कांग्रेस ने 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 209 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।

इस सूची से सबसे बड़ा झटका पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता सिद्धारमैया को लगा है। दरअसल, सिद्धारमैया दो जगह से चुनाव लड़ना चाह रहे थे। कांग्रेस ने उन्हें उनकी परंपरागत सीट वरुणा से तो उम्मीदवार बना दिया है लेकिन वह कोलार सीट से भी टिकट मांग रहे थे जिसे पार्टी ने ठुकरा दिया है। कोलार सीट से कोथूर जी मंजूनाथ को उम्मीदवार बनाया गया है। सिद्धारमैया से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डी. शिवकुमार की तनातनी जगजाहिर।

16 अप्रैल को कांग्रेस की कोलार में एक महत्वपूर्ण रैली है जिसे पार्टी नेता राहुल गांधी संबोधित करेंगे। यह वही जगह है जहां मोदी सरनेम को लेकर उन्होंने टिप्पणी की थी जिसके लिए उन्हें मानहानि का मुकदमा झेलना पड़ा और सजा हुई जिससे उनकी सांसदी चली गई। राहुल गांधी रविवार को कोलार जाएंगे और पार्टी द्वारा आयोजित ‘जय भारत’ रैली को संबोधित करेंगे। रविवार शाम को ही वे बेंगलुरु में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के नए कार्यालय ‘इंदिरा गांधी भवन’ और 750 लोगों के बैठने की क्षमता वाले ऑडिटोरियम का उद्घाटन करेंगे।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार अपनी परंपरागत सीट कनकपुरा से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे को कलबुर्गी क्षेत्र की चितापुर (एससी) सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। पूर्व सांसद के एच. मुनियप्पा देवनहल्ली (एससी) से चुनाव लड़ रहे हैं।

कांग्रेस की ओर से अब 15 सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा की जानी है। 25 मार्च को पार्टी ने 124 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। जबकि 6 अप्रैल को 42 उम्मीदवारों वाली दूसरी सूची जारी की गई थी। राज्य में 10 मई को मतदान और 13 मई को मतगणना होगी। 13 अप्रैल से उम्मीदवारों ने नामांकन करना शुरू कर दिया है जो 20 अप्रैल तक चलेगा।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!