यूपी और राजस्थान पहुंचा मानसून, अगले 2-3 दिनों में हिमाचल व उत्तराखंड में देगा दस्तक

बुधवार को मानसून पांच दिन की देरी से उत्तर प्रदेश पहुंचा, जबकि राजस्थान में यह सामान्य समय से एक सप्ताह पहले ही दस्तक दे चुका है। अगले 2-3 दिनों में मानसून उत्तर भारत के बड़े हिस्से को कवर करते हुए हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश तक पहुंच सकता है।

यूपी और राजस्थान पहुंचा मानसून, अगले 2-3 दिनों में हिमाचल व उत्तराखंड में देगा दस्तक

दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बुधवार को मानसून ने पांच दिन की देरी से उत्तर प्रदेश में प्रवेश किया, जबकि राजस्थान में यह सामान्य समय से एक सप्ताह पहले ही दस्तक दे चुका है। अगले 2-3 दिनों में मानसून उत्तर भारत के बड़े हिस्से को कवर करते हुए हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश तक पहुंच सकता है। मानसून के प्रभाव से देश के कई राज्यों में बारिश हो रही है, जिससे भीषण गर्मी और लू से कुछ राहत मिली है। साथ ही, खरीफ की बुवाई के लिहाज से भी मानसून की सक्रियता अहम है।

बुधवार को मानसून ने सोनभद्र जिले से उत्तर प्रदेश में प्रवेश किया, जिससे पूर्वी यूपी के बलिया, मऊ, गाजीपुर समेत कई जिलों में बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को पूर्वी यूपी और तराई के 16 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं, 39 जिलों में  गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले 2-3 दिनों में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर सकता है।

उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कुछ जगह प्री-मानसून बारिश से भी गर्मी से राहत मिली है। राजस्थान में मानसून सप्ताह भर पहले से लगभग आधे राज्य में पहुंच चुका है। अगले 3-4 दिनों में पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। 

मानसून के आगे बढ़ने के आसार 

मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ बनी हुई हैं। आगामी 2-3 दिनों में इसके राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के शेष हिस्सों को कवर करने और हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड व जम्मू-कश्मीर के कुछ भागों में पहुंचने की संभावना है। उत्तराखंड में 20 जून और हिमाचल प्रदेश में 21 जून को मानसून दस्तक दे सकता है।

गौरतलब है कि केरल में मानसून ने इस साल 8 दिन पहले दस्तक दी थी, लेकिन उसके बाद 29 मई से मानसून सुस्त पड़ गया था। अब मानसून फिर से सक्रिय होकर मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बाकी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। अगले 2 से 5 दिनों के भीतर देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश का अनुमान है। 

सामान्य से 11 फीसदी कम बारिश 

इस साल मानसून सीजन में 1 से 18 जून तक सामान्य से 11 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। जबकि मौसम विभाग ने इस साल "सामान्य से बेहतर" मानसून का अनुमान लगाने हुए पूरे सीजन के दौरान दीर्घावधि औसत के मुकाबले 106 फीसदी बारिश की संभावना जताई है।    

बुधवार को झारखंड, कोंकण व गोवा और गुजरात के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं, केरल, मध्य महाराष्ट्र, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के कई क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा हुई। 

मौसम का पूर्वानुमान (19 से 23 जून तक):

  • उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक और आंधी का भी अनुमान।

  • 19 जून को झारखंड में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी।

  • पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार।

  • कोंकण व गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में भी भारी बारिश की संभावना।

  • केरल और तटीय कर्नाटक में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!