हरियाणा में धान खरीद की तारीख में बदलाव, अब 1 अक्टूबर से होगी सरकारी खरीद
हरियाणा में धान की सरकारी खरीद की तारीख बदलकर 1 अक्टूबर 2024 से 15 नवंबर 2024 कर दी गई है। पहले 23 सितंबर से धान की खरीद शुरू होनी थी
हरियाणा में धान की सरकारी खरीद की तारीख में बदलाव किया गया है। अब खरीद एक अक्टूबर 2024 से शुरू होगी, जबकि पहले तारीख 23 सितंबर निर्धारित की गई थी। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। 20 सितंबर, 2024 को जारी आदेश में कहा गया है कि हरियाणा में धान खरीद की तारीख बदल दी गई है। अब 1 अक्टूबर से 15 नवंबर तक धान की खरीद की जाएगी। केंद्र सरकार ने खरीफ मार्केटिंग सीजन 2024-25 के लिए सामान्य धान का एमएसपी 2300 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का एमएसपी 2320 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
हरियाणा में सितंबर के महीने में अब तक काफी बारिश हुई है, जिससे फसलों में नमी बढ़ गई है। इससे किसानों को फसल काटने और सुखाने में देरी हो सकती है। वहीं राइस मिलर्स भी यह कह चुके हैं कि अभी उनके पास पहले से ही स्टॉक बचा हुआ है, इसलिए वह नया स्टॉक तब तक नहीं खरीदेंगे जब तक गोदाम खाली नहीं हो जाते। इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने खरीद की तारीख बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस बीच, कई जिलों में किसानों ने जानकारी के अभाव में धान लेकर मंडी पहुंचना शुरू कर दिया है।

राज्य कृषि विभाग ने खरीफ सीजन 2024-25 के लिए लगभग 60 लाख टन धान की खरीद की संभावना जताई है। खरीद के लिए प्रदेश में 241 केंद्र बनाए गए हैं, जहां किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। वहीं राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने किसानों के लिए 1800-180-2600 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। इसके अलावा, खरीफ की अन्य फसलों की एमएसपी पर खरीद की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।

Join the RuralVoice whatsapp group















