भारत में चीनी उत्पादन 5 फीसदी घटकर 265 लाख टन रहने का अनुमान, गन्ने का रकबा 3.2% घटा
महाराष्ट्र और कर्नाटक में मौसम की मार और गन्ने का रकबा घटने से उत्पादन पर असर, उत्तर प्रदेश में 88.96 लाख टन चीनी उत्पादन का अनुमान
चालू चीनी सीजन 2026-27 में भारत का चीनी उत्पादन घटकर करीब 265 लाख टन रहने का अनुमान है। इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, देश का चीनी उत्पादन पिछले सीजन के 279.71 लाख टन से 5.2 फीसदी घटकर 265.21 लाख टन रह सकता है।
देश में 265 लाख टन चीनी उत्पादन का अनुमान पिछले करीब एक दशक में सबसे कम स्तर के आसपास है। इससे कम नेट चीनी उत्पादन आखिरी बार 2016-17 में 202.85 लाख टन दर्ज किया गया था।
पिछले सीजन 2025-26 में इथेनॉल उत्पादन के लिए 32.5 लाख टन चीनी का डायवर्जन हुआ था। इस बार इथेनॉल के लिए चीनी का कोई डायवर्जन नहीं होगा। इसके बावजूद उत्पादन में गिरावट का अनुमान है। यह लगातार तीसरा साल है जब देश का नेट चीनी उत्पादन 300 लाख टन से कम रहेगा। जबकि वर्ष 2021-22 में यह बढ़कर 357 लाख टन तक पहुंच गया था।
ISMA ने देश के प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्यों में फसल की स्थिति का आकलन करने के बाद 25 नवंबर को ये अनुमान जारी किए हैं। इसके लिए जुलाई से नवंबर 2026 तक के सैटेलाइट चित्रों, खेतों के सर्वेक्षण, चीनी मिलों और किसानों से मिले फीडबैक, बारिश के पैटर्न, गन्ने की पैदावार और चीनी रिकवरी जैसे कारकों को आधार बनाया गया है।
गन्ने का रकबा 3.2% घटा
ISMA के अनुसार, 2026-27 सीजन में देश में गन्ने का कुल रकबा 55.53 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है, जबकि पिछले सीजन में यह 57.35 लाख हेक्टेयर था। इस तरह गन्ने के रकबे में करीब 3.2 फीसदी की कमी दर्ज होने का अनुमान है।
गन्ने की बुवाई के क्षेत्र में गिरावट के पीछे मौसम की मार के अलावा खेती की बढ़ती लागत और मजदूरी की किल्लत प्रमुख कारण हैं।

महाराष्ट्र और कर्नाटक में ज्यादा गिरावट
प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्यों में महाराष्ट्र और कर्नाटक में गन्ने का रकबा घटने का असर चीनी उत्पादन पर पड़ने की आशंका है।
महाराष्ट्र में गन्ने का रकबा पिछले सीजन के 14.71 लाख हेक्टेयर से घटकर 13.25 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है जो करीब 10 फीसदी की गिरावट है। राज्य में चीनी उत्पादन 86.85 लाख टन रहने का अनुमान लगाया गया है, जबकि पिछले सीजन में इथेनॉल डायवर्जन के बाद नेट चीनी उत्पादन 99.17 लाख टन था।
कर्नाटक में गन्ने का रकबा 6.80 लाख हेक्टेयर से 7 फीसदी घटकर 6.31 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है। राज्य में चालू सीजन के दौरान चीनी उत्पादन 46.19 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि पिछले सीजन में नेट उत्पादन 49.54 लाख टन रहा था।
उत्तर प्रदेश में 88.96 लाख टन चीनी उत्पादन का अनुमान
देश के प्रमुख चीनी उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश में गन्ने का रकबा लगभग 22 लाख हेक्टेयर पर स्थिर रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में चीनी उत्पादन 88.96 लाख टन रहने का अनुमान है। पिछले सीजन में इथेनॉल के लिए चीनी के डायवर्जन के बाद राज्य का नेट चीनी उत्पादन 89.74 लाख टन था। इस साल यूपी के कई इलाकों में अत्यधिक बारिश से फसल प्रभावित हुई। इससे चीनी उत्पादन इस्मा के अनुमानों से भी कम रहने के आसार हैं।
अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों में गुजरात में गन्ने का रकबा मामूली बढ़कर 2.33 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है, जबकि चीनी उत्पादन 7.08 लाख टन रह सकता है। तमिलनाडु में 8.44 लाख टन और अन्य राज्यों में कुल 27.70 लाख टन चीनी उत्पादन का अनुमान है।
मौसम की मार से फसल प्रभावित
ISMA के आकलन के मुताबिक, इस सीजन में प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्यों में मौसम की स्थिति एक जैसी नहीं रही है। अल-नीनो से जुड़ी जलवायु परिस्थितियों और बेमौसम बारिश ने फसल के विकास को प्रभावित किया है। कुछ क्षेत्रों में कम बारिश के कारण सूखे जैसी स्थिति और नमी की कमी रही, जबकि अन्य इलाकों में अत्यधिक बारिश, जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी।
इन परिस्थितियों का असर गन्ने की उपलब्धता, फसल की परिपक्वता और रिकवरी पर पड़ने की आशंका है। महाराष्ट्र और कर्नाटक में गन्ने की कम उपलब्धता उत्पादन में गिरावट का प्रमुख कारण बन सकती है।
जनवरी में जारी होगा नया अनुमान
ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा कि शुरुआती आकलन से संकेत मिलता है कि 2026-27 सीजन में गन्ने की उपलब्धता कम रहने की संभावना है। इसका असर विशेष रूप से महाराष्ट्र और कर्नाटक में दिखाई देगा, जबकि उत्तर प्रदेश में अपेक्षाकृत सीमित गिरावट रहने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि असमान बारिश, लंबे समय तक सूखे की स्थिति और कुछ क्षेत्रों में गन्ने की फसल गिरने (क्रॉप लॉजिंग) जैसे कारकों को इस आकलन में शामिल किया गया है। सैटेलाइट इमेजरी, जमीनी सर्वेक्षण और विभिन्न विश्लेषणात्मक मॉडलों के आधार पर ये शुरुआती अनुमान तैयार किए गए हैं।
ISMA के अनुसार, वास्तविक चीनी उत्पादन अंतिम कटाई योग्य क्षेत्रफल, गन्ने की पैदावार, फसल की परिपक्वता, पेराई की अवधि और चीनी रिकवरी पर निर्भर करेगा। संगठन जनवरी 2027 में या जरूरत पड़ने पर इससे पहले उत्पादन का संशोधित अनुमान जारी करेगा।

Join the RuralVoice whatsapp group



















