केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल दिल्ली के किसानों से मिलेंगे

15 दिवसीय अभियान की शुरुआत 29 मई को कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा से की थी। इसके बाद उन्होंने जम्मू, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, पंजाब, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में किसानों से संवाद किया।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल दिल्ली के किसानों से मिलेंगे

किसानों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने की अनूठी पहल ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत, केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार, 11 जून 2025 को दिल्ली के किसानों से मिलेंगे। इस कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, उजवा और भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, पूसा की भागीदारी रहेगी। अभियान को सफल बनाने के लिए कृषि मंत्री स्वयं कई राज्यों का दौरा कर चुके हैं।

केंद्रीय कृषि मंत्री कल दोपहर तिगीपुर और बख्तावरपुर (उत्तरी दिल्ली) में किसानों से बातचीत करेंगे। यह संवाद किसान चौपाल के माध्यम से होगा। इसके पश्चात वे ‘कृषि ड्रोन’ के माध्यम से खेती में तकनीक के उपयोग का अवलोकन करेंगे। तत्पश्चात पदयात्रा करते हुए किसानों से मिलेंगे और मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

इस 15 दिवसीय अभियान की शुरुआत 29 मई को कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा से की थी। इसके बाद उन्होंने जम्मू, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, पंजाब, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में किसानों से संवाद किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि की नवीनतम तकनीकों, अनुसंधान और सरकारी योजनाओं की सही जानकारी उपलब्ध कराना है।

कृषि अनुसंधान को "लैब से लैंड" तक पहुंचाने की सोच के साथ शुरू किए गए ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत देश भर में कृषि वैज्ञानिक और अधिकारी किसानों तक पहुंच रहे हैं। 

कृषि वैज्ञानिकों की 2,170 टीमें गांव-गांव जाकर किसानों से दो-तरफा संवाद कर रही हैं। एक ओर, किसानों को क्षेत्र विशेष की आवश्यकताओं, जलवायु परिस्थितियों और मिट्टी की उर्वरक क्षमता के अनुसार खेती की उपयुक्त पद्धतियों और फसल की उन्नत किस्मों की जानकारी दी जा रही है। दूसरी ओर, किसानों की व्यावहारिक समस्याएं और जरूरतें सुनकर उनके समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।

केंद्रीय कृषि मंत्री का कहना है कि भविष्य में कृषि शोध की दिशा और नीतियां किसानों की जरूरतों के अनुरूप तय की जाएंगी।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!