अमेरिका की एक कंपनी ने किसानों के भुगतान में की देरी, अब कंपनी और प्रबंधन पर तीन साल तक लाइसेंस निलंबन का खतरा

टेक्सास की एक कृषि उपज कंपनी पर किसानों और विक्रेताओं को 18.69 लाख डॉलर का भुगतान समय पर नहीं करने का आरोप लगा है। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) ने इस मामले में कार्रवाई शुरू की है। आरोप सही पाए जाने पर कंपनी का लाइसेंस तीन साल तक निलंबित हो सकता है और प्रबंधन पर भी प्रतिबंध लग सकता है।

अमेरिका की एक कंपनी ने किसानों के भुगतान में की देरी, अब कंपनी और प्रबंधन पर तीन साल तक लाइसेंस निलंबन का खतरा

टेक्सास स्थित अमेरिकी कृषि उपज कंपनी पोटैटो स्पेशल्टी कंपनी (Potato Specialty Co.) पर ताजा फल एवं सब्जी कारोबार में तीन वर्ष तक लाइसेंस खोने का खतरा मंडरा रहा है। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) ने कंपनी पर किसानों को बार-बार भुगतान में देरी करने का आरोप लगाया है। 

USDA ने कंपनी के खिलाफ प्रशासनिक शिकायत दर्ज करते हुए आरोप लगाया है कि उसने अक्टूबर 2024 से अप्रैल 2025 के बीच खरीदे, प्राप्त किए और स्वीकार किए गए फल एवं सब्जियों के बदले 15 विक्रेताओं को कुल 18.69 लाख डॉलर (1.869 मिलियन डॉलर) का भुगतान समय पर नहीं किया। विभाग का कहना है कि यह आचरण पेरिशेबल एग्रीकल्चरल कमोडिटीज एक्ट (PACA) का उल्लंघन है। यह एक्ट अमेरिका में ताजा फल एवं सब्जी व्यापार में निष्पक्ष कारोबारी व्यवहार सुनिश्चित करने वाला संघीय कानून है।

प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत कंपनी को सुनवाई का अनुरोध करने और आरोपों का जवाब देने का अवसर मिलेगा। हालांकि यदि USDA यह निष्कर्ष निकालता है कि कंपनी ने बार-बार और गंभीर रूप से कानून का उल्लंघन किया है, तो उसका PACA लाइसेंस तीन वर्षों के लिए निलंबित किया जा सकता है। यदि कंपनी USDA द्वारा अनुमोदित श्योरिटी बॉन्ड जमा करती है तो यह अवधि घटाकर दो वर्ष की जा सकती है।

इस कार्रवाई का असर केवल कंपनी तक सीमित नहीं रहेगा। कंपनी के निदेशक, अधिकारी और अन्य प्रमुख प्रबंधकों को भी दो वर्षों तक किसी PACA लाइसेंसधारी कंपनी में काम करने या उससे जुड़े रहने पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। यदि वे USDA द्वारा स्वीकृत श्योरिटी बॉन्ड जमा करते हैं तो यह अवधि घटकर एक वर्ष रह सकती है। इन प्रावधानों का उद्देश्य बार-बार होने वाले उल्लंघनों को रोकना और कंपनी प्रबंधन की जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

PACA क्या है?

अमेरिकी कांग्रेस ने वर्ष 1930 में पेरिशेबल एग्रीकल्चरल कमोडिटीज एक्ट (PACA) लागू किया था। इसका उद्देश्य फल और सब्जी उद्योग में निष्पक्ष व्यापार व्यवस्था सुनिश्चित करना है। चूंकि ताजा कृषि उपज जल्दी खराब हो जाती है, इसलिए भुगतान में देरी का सीधा असर किसानों, उत्पादकों, परिवहनकर्ताओं और थोक विक्रेताओं पर पड़ता है। यह कानून खरीदारों को समय पर भुगतान करने के लिए बाध्य करता है।

PACA में एक महत्वपूर्ण विशेषताओं में इसका वैधानिक ट्रस्ट प्रावधान है। यदि कोई खरीदार दिवालिया हो जाता है, तो बकाया भुगतान पाने वाले फल एवं सब्जी विक्रेताओं को अन्य लेनदारों की तुलना में प्राथमिकता मिलती है। यही कारण है कि यह कानून अमेरिका के किसानों और कृषि उपज आपूर्तिकर्ताओं के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच माना जाता है।

USDA के दस्तावेजों के अनुसार, वर्ष 2024 के दौरान PACA कार्यक्रम के तहत करोड़ों डॉलर मूल्य के 1,000 से अधिक अनौपचारिक वाणिज्यिक विवादों का निपटारा किया गया। इनमें से अधिकांश मामलों का समाधान कुछ ही महीनों में हो गया। विभाग कृषि उपज कारोबार से जुड़े व्यवसायों को मध्यस्थता और अनुपालन संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराता है, जिससे आपूर्ति श्रृंखला में भरोसा बना रहे।

पोटैटो स्पेशल्टी कंपनी के खिलाफ दर्ज यह मामला PACA की प्रभावी कार्रवाई का हिस्सा है। हाल के वर्षों में USDA ने विभिन्न राज्यों की कई कृषि उपज कंपनियों के खिलाफ भुगतान में देरी के मामलों में कार्रवाई की है। जिन कंपनियों को बार-बार उल्लंघन का दोषी पाया गया, उनके लाइसेंस निलंबित किए गए और उनके मालिकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को भी निर्धारित अवधि तक इस कारोबार से दूर रहने के आदेश दिए गए।

Subscribe Rural Voice Newsletter