चीनी व्यापार संघ का 30 नवंबर के बाद स्टॉक लिमिट आगे न बढ़ाने का आग्रह, नए सीजन में आपूर्ति बढ़ने का दिया हवाला

AISTA ने नए पेराई सीजन में उत्पादन बढ़ने का हवाला देते हुए सरकार से 30 नवंबर के बाद चीनी पर स्टॉक सीमा समाप्त करने की मांग की है। हालांकि, ICRA और USDA के अनुमान सीमित स्टॉक और बढ़ती घरेलू खपत की ओर संकेत करते हैं।

चीनी व्यापार संघ का 30 नवंबर के बाद स्टॉक लिमिट आगे न बढ़ाने का आग्रह, नए सीजन में आपूर्ति बढ़ने का दिया हवाला

चीनी व्यापारियों के संगठन ऑल इंडिया शुगर ट्रेड एसोसिएशन (AISTA) ने सरकार से आग्रह किया है कि चीनी व्यापारियों और थोक उपभोक्ताओं पर लागू स्टॉक लिमिट को 30 नवंबर, 2026 के बाद आगे न बढ़ाया जाए। संगठन का कहना है कि 2026-27 का नया पेराई सीजन शुरू होने के साथ चीनी की आपूर्ति में सुधार हुआ है। त्योहारों का मौसम भी समाप्त हो चुका है और घरेलू बाजार में उपलब्धता को लेकर अब चिंता की स्थिति नहीं है। ऐसे में स्टॉक सीमा संबंधी प्रतिबंध जारी रखने की आवश्यकता नहीं है।

हालांकि, यदि सरकार इन प्रतिबंधों को जारी रखना चाहती है तो AISTA ने स्टॉक सीमा में बदलाव का सुझाव दिया है। इसके तहत पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के सात राज्यों में व्यापारियों को अधिकतम 2,800 टन चीनी रखने की अनुमति देने की मांग की गई है। देश के बाकी हिस्सों के लिए यह सीमा 1,000 टन रखने का प्रस्ताव है। वहीं, थोक उपभोक्ताओं के लिए स्टॉक रखने की अवधि मौजूदा 15 दिनों से बढ़ाकर 45 दिन करने का सुझाव दिया गया है।

AISTA के चेयरमैन प्रफुल्ल विठलानी ने कहा, "दिसंबर में चीनी की मांग 23 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि महीने की शुरुआत में 30 लाख टन का शुरुआती स्टॉक उपलब्ध होगा। चीनी मिलें प्रतिदिन दो लाख टन उत्पादन करेंगी। अकेले दिसंबर में कम से कम 60 लाख टन चीनी का उत्पादन होगा। अब चीनी की उपलब्धता को लेकर कोई चिंता नहीं है और स्टॉक सीमा के नियमों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता नहीं है।"

उन्होंने कहा कि 30 नवंबर तक सभी चीनी मिलों के पूरी क्षमता से चलने की उम्मीद है। त्योहारों का मौसम समाप्त होने के बाद चीनी का निर्बाध कारोबार जरूरी है, ताकि सरप्लस और कमी वाले क्षेत्रों के बीच इसका सुचारु वितरण हो सके और कीमतों में स्थिरता बनी रहे।

थोक उपभोक्ताओं को छूट देने की मांग

AISTA ने थोक उपभोक्ताओं, विशेषकर खाद्य प्रसंस्करण कंपनियों को भी स्टॉक सीमा के प्रतिबंधों से छूट देने की मांग की है। विठलानी के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों में फैक्ट्री चलाने वाली कंपनियों को चीनी की आपूर्ति और परिवहन के लिए पर्याप्त समय चाहिए। मौजूदा 15 दिन की सीमा का बड़ा हिस्सा चीनी को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में ही चला जाता है।

उन्होंने कहा कि थोक उपभोक्ता पेराई सीजन के दौरान चीनी मिलों से सीधे खरीद करते हैं और इसके लिए तत्काल भुगतान करते हैं। इससे मिलों को किसानों के गन्ना मूल्य का समय पर भुगतान करने के लिए नकदी उपलब्ध होती है। साथ ही, औद्योगिक उपभोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार गुणवत्ता वाली चीनी की आपूर्ति सुनिश्चित कर पाते हैं।

खाद्य मंत्रालय ने लगाई थी लिमिट

खाद्य मंत्रालय ने घरेलू बाजार में उपलब्धता को लेकर चिंताओं के बीच जमाखोरी रोकने और खुदरा आपूर्ति स्थिर रखने के लिए स्टॉक सीमा संबंधी प्रतिबंध सख्त किए थे। 15 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रभावी नवीनतम आदेश के तहत व्यापारियों को 15 दिनों के लिए अधिकतम 1,000 क्विंटल चीनी रखने की अनुमति है। हालांकि, कोलकाता के विस्तारित महानगरीय क्षेत्र और असम को इससे छूट है।

उत्पादन बढ़ने के बावजूद स्टॉक सीमित रहने का अनुमान

स्टॉक सीमा हटाने की AISTA की मांग ऐसे समय आई है, जब चीनी उत्पादन और उपलब्ध स्टॉक को लेकर अलग-अलग एजेंसियों के अनुमान मिले-जुले संकेत दे रहे हैं। ICRA रिसर्च के अनुसार, 2026-27 चीनी सीजन (अक्टूबर-सितंबर) के पहले महीने में घरेलू चीनी उत्पादन 13 लाख टन रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले चार गुने से अधिक है।

ICRA ने पूरे 2026-27 सीजन में शुद्ध चीनी उत्पादन 280-290 लाख टन रहने का अनुमान लगाया है, जबकि पिछले सीजन में यह लगभग 276 लाख टन था। पिछले साल के इस आंकड़े में इथेनॉल के लिए करीब 30 लाख टन का डायवर्जन शामिल नहीं है। इस वर्ष इथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी का उपयोग नहीं किए जाने से घरेलू बाजार में उपलब्धता को समर्थन मिलने की उम्मीद है।

हालांकि, 283 लाख टन की अनुमानित घरेलू खपत को देखते हुए सीजन के अंत में चीनी का स्टॉक केवल 35-45 लाख टन रहने का अनुमान है। यह दो महीने से कम की खपत के बराबर होगा, जबकि सामान्य तौर पर देश में दो से तीन महीने की खपत के बराबर स्टॉक रहता है।

इस बीच, चीनी की कीमतों में मजबूती बनी हुई है। इक्रा के मुताबिक नवंबर में देश स्तर पर औसत कीमत बढ़कर 54.7 रुपये प्रति किलो हो गई, जो अक्टूबर में 51 रुपये प्रति किलो थी। महाराष्ट्र में कीमत 51.4 रुपये और उत्तर प्रदेश में 54.8 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई।

USDA के अनुमान

अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) ने 2026-27 में भारत का चीनी उत्पादन 295 लाख टन रहने का अनुमान लगाया है, जो 2025-26 के 300 लाख टन के अनुमान से कम है। विभाग ने कमजोर मानसूनी बारिश, गन्ने के उत्पादन में कमी और चीनी की रिकवरी घटने को इसका प्रमुख कारण बताया है।

USDA के अनुसार, घरेलू चीनी खपत 2 प्रतिशत बढ़कर 308 लाख टन हो सकती है। इसके चलते सीजन के अंत में स्टॉक घटकर 43 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले 20 वर्षों का सबसे निचला स्तर होगा। वहीं, चीनी निर्यात में 13 प्रतिशत गिरावट के साथ इसके 31 लाख टन रहने का अनुमान है।

Subscribe Rural Voice Newsletter