पंजाब में 63 फीसदी मतदान, तीसरे चरण में यूपी की 59 सीटों पर 57 फीसदी वोटिंग

पंजाब में 93 महिलाओं समेत कुल 1304 प्रत्याशी मैदान में हैं, इनमें 461 निर्दलीय हैं। उत्तर प्रदेश की 59 सीटों पर 627 प्रत्याशी हैं

पंजाब में 63 फीसदी मतदान, तीसरे चरण में यूपी की 59 सीटों पर 57 फीसदी वोटिंग

पंजाब विधानसभा की 117 सीटों और उत्तर प्रदेश के तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 सीटों के लिए मतदान रविवार को पूरा हो गया। उत्तर प्रदेश में शाम पांच बजे तक 57.58 फीसदी वोट डाले गए। हालांकि पंजाब में वोटिंग ज्यादा रही। चुनाव आयोग के अनुसार वहां शाम पांच बजे तक 63.44 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले।

उत्तर प्रदेश के ललितपुर में सबसे ज्यादा 67.38 फीसदी वोट डाले गए। सबसे कम वोटिंग कानपुर नगर में रही जहां 50.76 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रदेश में जिन सीटों पर मतदान हुआ उनमें करहल सीट भी है, जहां से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने भाजपा के एस.पी. सिंह बघेल हैं जो केंद्र में मंत्री हैं। प्रदेश में चौथे चरण में 23 फरवरी को भी 59 सीटों पर मतदान होना है। इसके लिए चुनाव प्रचार सोमवार को खत्म हो जाएगा।

उत्तर प्रदेश में रविवार को जिन 59 सीटों पर मतदान हुए वे 16 जिलों में हैं। यहां विभिन्न दलों के और निर्दलीय मिलाकर कुल 627 प्रत्याशी हैं। मतदाताओं की संख्या 2.15 करोड़ है। लेकिन शाम पांच बजे तक सिर्फ 1.23 करोड़ (57.58 फीसदी) मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। 2017 के विधानसभा चुनाव में यहां 62.21 फीसदी वोट पड़े थे। तब 59 में से 49 सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। समाजवादी पार्टी को नौ और एक पर कांग्रेस को विजय मिली थी। बहुजन समाज पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली थी।

पंजाब में 63.44 फीसदी वोटिंग

पंजाब में शाम पांच बजे तक 63.44 फीसदी वोटिंग हुई। मतदाताओं की संख्या 2.14 करोड़ है। यहां 63.44 फीसदी वोटिंग के अनुसार 1.35 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। यहां 93 महिलाओं समेत कुल 1304 प्रत्याशी मैदान में हैं, इनमें 461 निर्दलीय हैं। रविवार को चुनाव आयोग ने अभिनेता सोनू सूद को मोगा में मतदान केंद्रों पर जाने से रोक लगा दी। अकाली दल ने आरोप लगाया था कि वे मतदाताओं को प्रभावित कर रहे थे। सोनू सूद की बहन मालविका सूद सच्चर कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, शिरोमणि अकाली दल-बसपा गठबंधन, भाजपा-पंजाब लोक कांग्रेस-शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) गठबंधन और किसानों के संगठन संयुक्त समाज मोर्चा के बीच पंचकोणीय मुकाबला है। प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रकाश सिंह बादल, राजिंदर कौर भट्ठल, आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा भगवंत मान, पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा शामिल हैं। चन्नी अपनी पुरानी सीट चमकौर साहिब के साथ बरनाला जिले की भदौर सीट से भी लड़ रहे हैं।

2017 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 77 सीटें जीत कर अकाली-भाजपा गठबंधन के 10 साल के शासन को खत्म किया था। उस चुनाव में आम आदमी पार्टी को 20 और अकाली भाजपा गठबंधन को सिर्फ 18 सीटें मिली थीं।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!