दूसरी तिमाही में Godrej Agrovet के राजस्व में 17% बढ़ोतरी, मुनाफा 22% बढ़कर 103 करोड़ रुपये हुआ

Godrej Agrovet ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 17 प्रतिशत वृद्धि के साथ 2,995 करोड़ रुपये का समेकित राजस्व दर्ज किया। कंपनी का शुद्ध लाभ 22 प्रतिशत बढ़कर 103 करोड़ रुपये रहा। बढ़ती लागत और मौसम संबंधी चुनौतियों के बीच एबिटा 222 करोड़ रुपये पर स्थिर रहा।

दूसरी तिमाही में Godrej Agrovet के राजस्व में 17% बढ़ोतरी, मुनाफा 22% बढ़कर 103 करोड़ रुपये हुआ

गोदरेज एग्रोवेट लिमिटेड (Godrej Agrovet Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का समेकित (कंसोलिडेटेड) राजस्व सालाना आधार पर 17 प्रतिशत बढ़कर 2,995 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 2,564 करोड़ रुपये था। पशु आहार, ऑयल पाम और उपभोक्ता खाद्य उत्पादों से जुड़े कारोबार में बेहतर प्रदर्शन ने राजस्व वृद्धि को गति दी।

तिमाही के दौरान कंपनी का कर पूर्व लाभ सालाना आधार पर 5 प्रतिशत बढ़कर 131 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, शुद्ध लाभ में 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 103 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

कंपनी ने यह प्रदर्शन ऐसे समय में दर्ज किया है, जब कच्चे माल की बढ़ती लागत और अल नीनो से जुड़ी मौसमी चुनौतियों के कारण कारोबार पर दबाव बना हुआ है। इसके बावजूद कंपनी का एबिटा दूसरी तिमाही में 222 करोड़ रुपये पर स्थिर रहा। पशु पोषण कारोबार में बेहतर प्रदर्शन ने फसल सुरक्षा, डेयरी और एस्टेक सेगमेंट में लाभप्रदता पर पड़े दबाव की भरपाई की।

कंपनी की राजस्व वृद्धि में प्रमुख कारोबारों में बिक्री की मात्रा बढ़ने के साथ बेहतर प्राप्तियों का भी योगदान रहा। पशु पोषण कारोबार में बेहतर परिचालन प्रदर्शन देखने को मिला, जबकि ऑयल पाम व्यवसाय ने भी वृद्धि को सहारा दिया। उपभोक्ता खाद्य उत्पादों के कारोबार ने भी कंपनी के कुल राजस्व में योगदान दिया।

कंपनी ने कार्यशील पूंजी प्रबंधन में भी सुधार दर्ज किया है। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में उसका कार्यशील पूंजी का चक्र घटकर 21 दिन रह गया, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 32 दिन था। कार्यशील पूंजी की आवश्यकता भी लगभग 894 करोड़ रुपये से घटकर 655 करोड़ रुपये रह गई। इससे कंपनी के परिचालन कोष के बेहतर प्रबंधन का संकेत मिलता है।

पहली छमाही में राजस्व 13 प्रतिशत बढ़ा

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में Godrej Agrovet का समेकित राजस्व सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 5,847 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि इस दौरान शुद्ध लाभ 233 करोड़ रुपये से घटकर 231 करोड़ रुपये रह गया। कर बाद लाभ का मार्जिन भी 4.5 प्रतिशत की तुलना में 4 प्रतिशत पर आ गया।

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक सुनील कटारिया ने कहा कि भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं, बढ़ती लागत और जलवायु संबंधी दबावों के बावजूद कंपनी ने कारोबार में मजबूती बनाए रखी है।

उन्होंने कहा कि कंपनी की रणनीतिक योजनाओं पर आगे बढ़ने की प्रक्रिया अच्छी चल रही है। इनमें पशु पोषण के प्रीमियम उत्पादों पर अधिक ध्यान देना, ऑयल पाम के बागानों का विस्तार और खाद्य कारोबार में उपभोक्ताओं से सीधे जुड़े उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़ाना शामिल है। कंपनी के अनुसार, इन पहलों का उद्देश्य कारोबार के विभिन्न क्षेत्रों को मजबूत करना और दीर्घकालिक टिकाऊ वृद्धि के लिए आधार तैयार करना है।

Subscribe Rural Voice Newsletter