खरीफ बुवाई के लिए उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित कराने पर जोर, शिवराज ने दिए कालाबाजारी रोकने के निर्देश
मध्य पूर्व संकट के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति, कालाबाजारी पर रोक, फार्मर आईडी में तेजी और विशेष निगरानी सेल के जरिए रियल-टाइम मॉनिटरिंग मजबूत करने के निर्देश दिए।
इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध और बढ़ती वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य आगामी खरीफ सीजन के लिए कृषि क्षेत्र की तैयारियों को मजबूत करना था। बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उर्वरकों की आपूर्ति निर्बाध और समान रूप से सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उर्वरक और बीजों की कालाबाजारी तथा जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उर्वरक आपूर्ति और फार्मर आईडी
केंद्रीय कृषि मंत्री ने उर्वरकों की समान और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को 'फार्मर आईडी' के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि वितरण व्यवस्था पारदर्शी हो सके। उन्होंने कहा कि इसके लिए वे जल्द ही राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कृषि मंत्रियों के साथ बैठक भी करेंगे।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर नकेल
वैश्विक संकट का लाभ उठाकर खाद और बीजों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। चौहान ने कहा कि राज्य सरकारों को भी इस दिशा में कड़े कदम उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बीज उत्पादन और पैकेजिंग सहायता
बैठक में बीज सुखाने के लिए आवश्यक गैस और एग्रो-केमिकल्स की उपलब्धता की समीक्षा की गई। कृषि मंत्री ने कहा कि वैश्विक संकट में पैकेजिंग सामग्री (विशेषकर दूध और अन्य कृषि उत्पादों के लिए) की कमी न हो। इसके लिए उन्होंने पेट्रोलियम मंत्रालय और संबंधित विभागों के साथ समन्वय करने के निर्देश भी दिए।
निगरानी के लिए स्पेशल सेल का गठन
मौजूदा हालात में कृषि क्षेत्र की निगरानी के लिए एक विशेष सेल का गठन भी किया गया है। यह सेल खाद, बीज और कीटनाशकों की उपलब्धता की साप्ताहिक रिपोर्ट केंद्रीय कृषि मंत्री को प्रस्तुत करेगा।

Join the RuralVoice whatsapp group















