तापमान 44.5 डिग्री तक पहुंचा, मौसम विभाग ने गर्मी के संबंध में व्यापक दिशानिर्देश जारी किए
IMD ने देश के कुछ हिस्सों में तापमान 44.5°C तक पहुंचने के बीच लू संबंधी व्यापक परामर्श जारी किया है। उत्तर-पश्चिम, मध्य और प्रायद्वीपीय भारत के कई क्षेत्रों में सामान्य से अधिक गर्मी दर्ज की जा रही है। अगले सात दिनों तक लू की स्थिति बने रहने की संभावना है, जिससे सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बढ़ती गर्मी, खास कर हीटवेव यानी लू को देखते हुए विस्तृत दिशानिर्देश और परामर्श जारी किया है। देश के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्मी की स्थिति बनी हुई है। नवीनतम आकलन के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी, मध्य और प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान वर्तमान में 40° सेल्सियस से 44° सेल्सियस के बीच है। श्री गंगानगर (राजस्थान) में उच्चतम तापमान 44.5° सेल्सियस दर्ज किया गया है। कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 5° सेल्सियस या उससे अधिक देखा गया है।
आईएमडी ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य भारत के कुछ इलाकों में लू चलने की प्रबल संभावना है। साथ ही, तटीय और पूर्वी क्षेत्रों में गर्म और उमस भरे मौसम की आशंका है, जबकि उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में रातें गर्म रहने की संभावना है, जिससे असुविधा और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम और बढ़ सकते हैं।
विभाग ने अनुमान लगाया है कि उत्तर-पश्चिमी भारत में अधिकतम तापमान में 27 अप्रैल तक कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा, जिसके बाद धीरे-धीरे गिरावट आएगी, जबकि मध्य और अन्य क्षेत्रों में पूर्वानुमान अवधि के दौरान तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि और उसके बाद गिरावट देखी जा सकती है।
आईएमडी ने लू से बचाव के लिए व्यापक दिशानिर्देश जारी किए हैं और नागरिकों को आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है। इनमें सीधे धूप में लंबे समय तक रहने से बचना, विशेष रूप से दोपहर के चरम समय में, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, हल्के और हवादार कपड़े पहनना और उच्च तापमान के दौरान बाहरी गतिविधियों से बचना शामिल है।
आईएमडी ने इस बात पर जोर दिया है कि गर्मी से होने वाली बीमारियों जैसे कि हीट एग्जॉस्टशन और हीट स्ट्रोक को कम करने के लिए शुरूआती जागरूकता और निवारक उपाय महत्वपूर्ण हैं। आईएमडी के विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार अगले 7 दिनों तक कई क्षेत्रों में लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है:
उत्तर पश्चिम भारत (पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश)
मध्य भारत (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ)
दक्षिणी क्षेत्र (केरल)
इसके अलावा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश सहित तटीय राज्यों में गर्म और आर्द्र मौसम की स्थिति रहने की उम्मीद है, जबकि उत्तरी मैदानी इलाकों में रात में गर्मी का प्रकोप जारी रह सकता है, जिससे रात के समय लू लगने की समस्या और बढ़ जाएगी। आईएमडी के अप्रैल से जून 2026 के पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों और दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीप में सामान्य से अधिक लू चलने की संभावना है।

Join the RuralVoice whatsapp group















