पॉलीहाउस खरीदना चाहते हैं? भुगतान करने से पहले जान लें ये 10 जरूरी बातें

पॉलीहाउस का कोटेशन देखते समय किसानों को केवल प्रति वर्ग मीटर कीमत पर ध्यान नहीं देना चाहिए। संरचना, कवरिंग सामग्री, फिटिंग, वेंटिलेशन, नींव की लागत, अनुदान नियम, वारंटी और भुगतान शर्तों की जांच गुणवत्ता और टिकाऊपन सुनिश्चित करने के साथ भविष्य के विवादों से बचाती है।

पॉलीहाउस खरीदना चाहते हैं? भुगतान करने से पहले जान लें ये 10 जरूरी बातें

विक्रम चौहान

पॉलीहाउस एक बार खरीदा जाता है और कई वर्षों तक उपयोग में आता है। इसके बावजूद अनेक किसान अलग-अलग कंपनियों के कोटेशन की तुलना केवल एक आधार पर करते हैं- प्रति वर्ग मीटर कीमत। जबकि समान कीमत वाले दो कोटेशन में बताई गई संरचनाओं की गुणवत्ता और बनावट में काफी अंतर हो सकता है। कोटेशन को एक-एक बिंदु के आधार पर समझने से किसान भविष्य में होने वाले विवादों से बच सकते हैं। यहां जानिए पॉलीहाउस का कोटेशन पढ़ते समय किन 10 बातों का ध्यान रखना चाहिए।

  1. संरचना किस सामग्री से बनी हैः कोटेशन में पाइप या सेक्शन का आकार, उसकी मोटाई और स्टील पर की गई कोटिंग के प्रकार का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। पॉलीहाउस में आमतौर पर गैल्वेनाइज्ड स्टील का इस्तेमाल होता है। जिंक की कोटिंग कितनी मोटी है, इससे तय होता है कि ढांचा जंग से कितने समय तक सुरक्षित रहेगा। समुद्र तटीय और अधिक नमी वाले क्षेत्रों में यह बात विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। केवल 'जीआई पाइप' लिख देना पर्याप्त तकनीकी जानकारी नहीं है।
  2. स्पैन और कॉलम के बीच की दूरी जांचेंः अधिक चौड़े स्पैन और खंभों के बीच ज्यादा दूरी रखने से स्टील की खपत कम होती है, लेकिन इससे तेज हवा के मुकाबले संरचना की मजबूती भी घट सकती है। इसलिए सप्लायर से पूछें कि पॉलीहाउस का डिजाइन कितनी रफ्तार की हवा को सहन करने के लिए तैयार किया गया है। यह भी जानें कि हवा की गति के आधार पर डिजाइन की गणना किसने की है।
  3. कवरिंग सामग्री की गुणवत्ता देखेंः पॉलीहाउस में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक फिल्म की मोटाई माइक्रोन में कितनी है, उसकी निर्धारित आयु क्या है और क्या उसमें अल्ट्रावायलेट (UV) किरणों से बचाव की सुविधा है, इन सभी बातों का कोटेशन में उल्लेख होना चाहिए। यह भी देखें कि फिल्म विसरित प्रकाश (Diffused Light) के लिए उपयुक्त है या नहीं। सस्ती फिल्म यदि दो मौसम में ही खराब हो जाए तो उसका इस्तेमाल महंगी फिल्म की तुलना में ज्यादा खर्चीला साबित हो सकता है। नेट हाउस के मामले में जाली का मेश काउंट और छाया देने का प्रतिशत भी इसी तरह महत्वपूर्ण है।
  4. फिटिंग और जोड़ने वाले पुर्जों की संख्या जांचेंः प्रोफाइल, लॉकिंग चैनल, स्प्रिंग वायर, क्लैंप, बेस प्लेट और बोल्ट जैसे पुर्जे पॉलीहाउस की फिल्म और ढांचे को मजबूती से जोड़े रखते हैं। अक्सर कोटेशन में इन छोटे पुर्जों का स्पष्ट विवरण नहीं दिया जाता। जबकि फिल्म में पानी का रिसाव, उसके फटने और ढीली होने जैसी समस्याएं इन्हीं पुर्जों की खराब गुणवत्ता या कमी से शुरू हो सकती हैं। इसलिए हर पुर्जे की संख्या और विवरण लिखित रूप में मांगें।
  5. कोटेशन में शामिल और अतिरिक्त सुविधाओं को अलग-अलग समझेंः दरवाजे, साइड और छत के लिए वेंटिलेशन व्यवस्था, कीटरोधी जाली, नींव, ड्रिप सिंचाई प्रणाली, फॉगिंग या कूलिंग सिस्टम और पौधों के लिए बेंच जैसी सुविधाएं अक्सर अतिरिक्त होती हैं। कम कीमत का कोटेशन देने का एक कारण यह भी हो सकता है कि उसमें कई जरूरी सुविधाएं शामिल ही न की गई हों। आपूर्तिकर्ता से उन सभी सुविधाओं की सूची मांगें जो कोटेशन में शामिल हैं और जो अतिरिक्त लागत पर उपलब्ध होंगी। प्रत्येक सुविधा के सामने स्पष्ट रूप से लिखवाएं कि वह कीमत में शामिल है या नहीं।
  6. नींव और स्थल पर होने वाले काम की जानकारी लेंः पॉलीहाउस लगाने से पहले जमीन को समतल करने, खंभों की नींव के लिए कंक्रीट का काम करने और जल निकासी की व्यवस्था बनाने की जरूरत होती है। यह स्पष्ट करें कि इन कामों की जिम्मेदारी किसकी होगी। साथ ही पूछें कि परिवहन और सामान उतारने का खर्च कोटेशन में शामिल है या अलग से देना होगा।
  7. सरकारी अनुदान की स्थिति समझेंः बागवानी समेकित विकास मिशन (MIDH) के तहत पॉलीहाउस के लिए प्रति वर्ग मीटर लागत का एक मानक निर्धारित किया जाता है, जिसके आधार पर सरकारी अनुदान की गणना की जाती है। यह मानक अनुदान की अधिकतम सीमा तय करने के लिए है, न कि पॉलीहाउस की वास्तविक कीमत निर्धारित करने के लिए। अपने राज्य के उद्यान विभाग से मौजूदा लागत मानक और आवेदन से जुड़े नियमों की जानकारी जरूर लें। इन मानकों और नियमों में समय-समय पर बदलाव हो सकता है।
  8. व्यावसायिक शर्तों को ध्यान से पढ़ेंः भुगतान का समय और तरीका, सामान की आपूर्ति की समय-सीमा, ढांचे और प्लास्टिक फिल्म की वारंटी तथा स्थापना की जिम्मेदारी जैसी सभी शर्तें लिखित रूप में होनी चाहिए। आपूर्तिकर्ता से यह भी पूछें कि पहले वर्ष में कोई पुर्जा खराब होने पर क्या व्यवस्था होगी और क्या जरूरी स्पेयर पार्ट्स आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
  9. अलग-अलग कोटेशन की तुलना करेंः दो या तीन कंपनियों के कोटेशन की तुलना करते समय सभी के लिए समान मानदंड रखें। इसके लिए एक तालिका बनाएं, जिसमें क्षेत्रफल, ढांचे की सामग्री, कोटिंग, स्पैन, प्लास्टिक फिल्म, फिटिंग, वेंटिलेशन, नींव, अतिरिक्त सुविधाएं और भुगतान की शर्तें शामिल हों। इससे अलग-अलग कोटेशन की कुल कीमत में अंतर के वास्तविक कारण स्पष्ट हो जाएंगे और किसान केवल कम कीमत के आधार पर फैसला लेने से बच सकेंगे।
  10. पहले से बने पॉलीहाउस को देखकर आएंः किसी भी आपूर्तिकर्ता की गुणवत्ता और कामकाज का आकलन करने का सबसे अच्छा तरीका उसके द्वारा पहले लगाए गए पॉलीहाउस को देखना है। कोशिश करें कि ऐसा पॉलीहाउस देखें जो एक मानसून या भीषण गर्मी का मौसम झेल चुका हो। इससे उसकी संरचना, सामग्री और निर्माण की गुणवत्ता का वास्तविक अनुभव मिलेगा।

एक अच्छा आपूर्तिकर्ता इन सवालों के जवाब देने से नहीं कतराएगा। यदि कोई आपूर्तिकर्ता इन जानकारियों को देने से बचता है, तो यह परियोजना शुरू होने से पहले ही उसके कामकाज के बारे में एक संकेत है।

(विक्रम चौहान BLUSTAL (ब्लू स्टैलियन इक्विपमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड) से जुड़े हैं। लुधियाना स्थित यह कंपनी वर्ष 2004 से ग्रीनहाउस, पॉलीहाउस, सिंचाई और हाइड्रोपोनिक्स उपकरणों का निर्माण कर रही है)

Subscribe Rural Voice Newsletter