भारत में गेहूं-चावल उत्पादन स्थिर रहने का अनुमान; अनियमित मानसून से मक्का, तिलहन और कपास प्रभावितः USDA

भारत में 2026-27 के दौरान गेहूं और चावल का उत्पादन स्थिर रहने का अनुमान है, जबकि कम और अनियमित मानसूनी बारिश से मक्का, तिलहन और कपास प्रभावित हुए हैं। वैश्विक स्तर पर अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया और कजाखस्तान में उत्पादन संभावनाएं सुधरी हैं, जबकि अमेरिका महाद्वीप और अफ्रीका में सूखे से नुकसान हुआ है।

भारत में गेहूं-चावल उत्पादन स्थिर रहने का अनुमान; अनियमित मानसून से मक्का, तिलहन और कपास प्रभावितः USDA

विपणन वर्ष 2026-27 के दौरान भारत का कृषि उत्पादन मिला-जुला रहने का अनुमान है। गेहूं और चावल उत्पादन की स्थिति अभी तक अच्छी है, जबकि मक्का, तिलहन और कपास की फसलों पर मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों का असर पड़ा है। दूसरी ओर वैश्विक स्तर पर अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया और कजाखस्तान में अनुकूल मौसम से फसलों की संभावनाएं बेहतर हुई हैं, जबकि अमेरिका महाद्वीप और दक्षिणी अफ्रीका के कुछ हिस्सों में सूखे और गर्मी के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है। यह आकलन अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) की विदेशी कृषि सेवा की नवंबर की रिपोर्ट में दिया गया है।

भारत: गेहूं और चावल की स्थिति मजबूत, मोटे अनाज और कपास पर दबाव

भारत में विपणन वर्ष 2026-27 के दौरान कृषि उत्पादन पर अनियमित दक्षिण-पश्चिम मानसून का असर दिखाई दे रहा है। इस दौरान देश में कुल वर्षा दीर्घकालिक औसत से 13 प्रतिशत कम रही। अनुकूल मिट्टी की नमी और रकबे में वृद्धि से गेहूं उत्पादन बेहतर रहने का अनुमान है, लेकिन अपर्याप्त और असमान वर्षा ने कई खरीफ फसलों की संभावनाओं को प्रभावित किया है।

USDA के अनुसार, भारत में गेहूं उत्पादन 2026-27 में 12.1 करोड़ मीट्रिक टन रहने का अनुमान है। यह पिछले महीने के अनुमान के बराबर है, लेकिन पिछले वर्ष के 11.79 करोड़ मीट्रिक टन से अधिक है। गेहूं का क्षेत्र पिछले वर्ष के 328 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 335 लाख हेक्टेयर होने का अनुमान है। औसत उत्पादकता 3.61 टन प्रति हेक्टेयर रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में शुष्क परिस्थितियों के बावजूद गेहूं की फसल की संभावना बेहतर बनी हुई है। 

चावल उत्पादन 510 लाख हेक्टेयर क्षेत्र से 14.7 करोड़ मीट्रिक टन (मिल्ड राइस) रहने का अनुमान है। भारत का चावल उत्पादन परिदृश्य मजबूत बना हुआ है, हालांकि प्रमुख धान उत्पादक राज्यों में मानसून के असमान वितरण और स्थानीय स्तर पर मौसम के प्रतिकूल प्रभाव के कारण उत्पादन अनुमान में कुछ कटौती की गई है।

मोटे अनाज का परिदृश्य अपेक्षाकृत कमजोर है। भारत में मक्का उत्पादन 140 लाख हेक्टेयर क्षेत्र से पांच करोड़ मीट्रिक टन रहने का अनुमान है। सीजन की शुरुआत में सूखे और अधिक तापमान के कारण फसल की शुरुआती बढ़त प्रभावित हुई, जिससे उत्पादकता की संभावनाएं कमजोर हुई हैं। इसके परिणामस्वरूप मक्का और कुल मोटे अनाज का उत्पादन पिछले रिकॉर्ड स्तरों की तुलना में कम रहने के आसार हैं।

तिलहन पर भी मौसम संबंधी चुनौतियों का प्रभाव है। भारत में सोयाबीन उत्पादन 120 लाख हेक्टेयर क्षेत्र से 107 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है। इसकी औसत उत्पादकता 0.89 टन प्रति हेक्टेयर रहने की संभावना है। प्रमुख तिलहनों का कुल उत्पादन लगभग 407 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है। फसल बढ़ने की महत्वपूर्ण अवधि में मिट्टी में नमी की कमी ने उत्पादकता बढ़ने की संभावनाओं को सीमित किया है।

कपास उत्पादन के अनुमान में भी गिरावट आई है। USDA ने 2026-27 के लिए भारत का कपास उत्पादन 235 लाख गांठ (प्रत्येक 480 पाउंड) रहने का अनुमान लगाया है, जो पिछले अनुमान से 2 प्रतिशत कम है। कपास का फसल क्षेत्र 115 लाख हेक्टेयर पर अपरिवर्तित रखा गया है, जबकि उत्पादकता 445 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर रहने का अनुमान है।

भारत में कपास की खेती मुख्य रूप से खरीफ सीजन में वर्षा आधारित परिस्थितियों में होती है। मध्य और दक्षिणी क्षेत्र का इसमें क्रमशः लगभग 61 प्रतिशत और 24 प्रतिशत हिस्सा है। सीजन की शुरुआत में बुवाई में देरी और उसके बाद गर्मी के तनाव ने पौधों के बढ़ने की प्रक्रिया को प्रभावित किया, जिससे उत्पादकता घटने की आशंका है।

वैश्विक परिदृश्य: अर्जेंटीना और ऑस्ट्रेलिया को फायदा, अमेरिका और अफ्रीका में सूखे का असर

विपणन वर्ष 2026-27 में वैश्विक फसल उत्पादन की संभावनाओं में मौसम के कारण क्षेत्रीय स्तर पर बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। जहां अनुकूल नमी से कुछ प्रमुख कृषि निर्यातक देशों में उत्पादन की संभावनाएं बेहतर हुई हैं, वहीं कई अन्य क्षेत्रों में लंबे समय तक सूखे और अधिक तापमान ने उत्पादन को प्रभावित किया है।

दक्षिण अमेरिका में अर्जेंटीना के गेहूं उत्पादन की संभावनाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। USDA ने 2026-27 के लिए गेहूं उत्पादन का अनुमान पिछले महीने की तुलना में 7 प्रतिशत बढ़ाकर 230 लाख मीट्रिक टन कर दिया है। देश के मध्य क्षेत्र में मिट्टी में पर्याप्त नमी के कारण फसल की स्थिति बेहतर हुई है। अर्जेंटीना में मक्का का रकबा भी बढ़ा है। वहां किसानों ने कीटों के प्रकोप से बचने के लिए सामान्य समय से पहले बुवाई को प्राथमिकता दी है।

ब्राजील में 2026-27 के दौरान मक्का उत्पादन 14.1 करोड़ मीट्रिक टन रहने का अनुमान है। वहां पहली फसल की बुवाई का रकबा बढ़ने से उत्पादन अनुमान में पिछले महीने की तुलना में मामूली वृद्धि हुई है। इससे पहले 2025-26 में ब्राजील ने 14.45 करोड़ मीट्रिक टन मक्का का रिकॉर्ड उत्पादन हासिल किया था। इसमें दूसरी फसल (सफ्रिन्हा) की असाधारण उत्पादकता का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

हालांकि, अमेरिका महाद्वीप के अन्य हिस्सों में सूखे और अधिक तापमान ने फसल संभावनाओं को कमजोर किया है। मेक्सिको में अल नीनो से जुड़ी गर्मी के कारण किसानों को 6.5 लाख हेक्टेयर से अधिक वर्षा आधारित वसंत-ग्रीष्मकालीन मक्का क्षेत्र में फसल छोड़नी पड़ी है। इसके चलते देश का कुल मक्का उत्पादन घटकर 240 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है।

निकारागुआ में भी लंबे समय तक सूखे ने कृषि उत्पादन को नुकसान पहुंचाया है। देश के प्रशांत क्षेत्र के 'ड्राई कॉरिडोर' में वर्षा आधारित धान की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। इसके कारण चावल उत्पादन का अनुमान पिछले महीने की तुलना में 16 प्रतिशत घटकर 2.25 लाख मीट्रिक टन रह गया है।

दक्षिणी अफ्रीका में अक्टूबर में बारिश की शुरुआत में देरी के कारण दक्षिण अफ्रीका के किसानों ने मक्का बुवाई के अपने अनुमानित रकबे में 12 प्रतिशत की कटौती की है। इसके स्थान पर कुछ क्षेत्र में सूरजमुखी की खेती को प्राथमिकता दी जा रही है, क्योंकि यह फसल सूखे की स्थिति को अपेक्षाकृत बेहतर ढंग से सहन कर सकती है।

इसके विपरीत, ऑस्ट्रेलिया में अनुकूल मौसम से फसलों की संभावनाएं बेहतर हुई हैं। USDA ने 2026-27 के लिए गेहूं उत्पादन का अनुमान बढ़ाकर 325 लाख मीट्रिक टन और रेपसीड उत्पादन 84 लाख मीट्रिक टन कर दिया है। विक्टोरिया और न्यू साउथ वेल्स में फसल के अंतिम चरण में हुई बारिश से उत्पादन संभावनाओं को मजबूती मिली है।

यूरेशिया में कजाखस्तान ने अनाज की कटाई पूरी कर ली है। वहां गेहूं उत्पादन का अनुमान 5 प्रतिशत बढ़ाकर 158 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है। वहीं, रूस में सूरजमुखी की उत्पादकता में गिरावट के कारण उत्पादन अनुमान थोड़ा घटकर 204 लाख मीट्रिक टन रह गया है, हालांकि वहां कुल बुवाई क्षेत्र रिकॉर्ड स्तर पर रहा है।

Subscribe Rural Voice Newsletter