पीएम-किसान की 23वीं किस्त जारी, 9.44 करोड़ किसानों के खातों में पहुंचे 18,880 करोड़ रुपये
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर से पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करते हुए 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। इस अवसर पर उन्होंने कृषि, ग्रामीण सड़क, मत्स्य और रेलवे क्षेत्रों से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का भी शुभारंभ और लोकार्पण किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी की। प्रधानमंत्री ने देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी। योजना के तहत किसानों को 2-2 हजार रुपये की तीन किस्तों में सालाना कुल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
सरकार का कहना है कि यह पहल किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने और कृषि क्षेत्र को अधिक समृद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंग दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राज्य के लिए कई योजनाओं का शुभारंभ भी किया। इनमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल कृषि मिशन, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना शामिल हैं।
पीएम-किसान विश्व की सबसे बड़ी डीबीटी पहलों में से एक है। इनके लाभार्थियों में 2.18 करोड़ महिला किसान हैं। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में 1 करोड़ से अधिक किसानों ने वर्चुअली भाग लिया और इस दिन को “पीएम किसान उत्सव दिवस” के रूप में भी मनाया गया।
अब तक 4.46 लाख करोड़ रुपये की सहायता
वर्ष 2019 में शुरू हुई पीएम-किसान योजना के तहत अब तक किसानों को कुल 4.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। पीएम-किसान की 23वीं किस्त के तहत पश्चिम बंगाल के 45.35 लाख से अधिक किसानों के खातों में 907 करोड़ रुपये की राशि पहुंची। इसके साथ ही राज्य में इस योजना के तहत किसानों को दी गई कुल सहायता 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गई है।
पश्चिम बंगाल में कृषि योजनाओं की शुरुआत
सरकार ने पश्चिम बंगाल में 23वें पीएम-किसान किस्त के साथ कई प्रमुख कृषि योजनाओं की शुरुआत की है:
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना (आरडब्ल्यूबीसीआईएस) का लक्ष्य 30 लाख हेक्टेयर में 1.10 करोड़ किसानों को 28,140 करोड़ रुपये के बीमित मूल्य के साथ कवर करना है।
डिजिटल कृषि मिशन के तहत, एग्रीस्टैक पश्चिम बंगाल में ऋण, बीमा, डीबीटी और खरीद सेवाओं तक पहुंच आसान बनाएगा।
राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन टिकाऊ, रसायन मुक्त कृषि को बढ़ावा देगा। 346 प्राकृतिक खेती क्लस्टर 17,300 हेक्टेयर को कवर करेंगे और 43,250 किसानों को लाभान्वित करेंगे।
ग्रामीण और मत्स्य परियोजनाओं का लोकार्पण
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-III) के तहत 213 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 49 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। 315 किलोमीटर से अधिक लंबी ये सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएंगी। मत्स्य क्षेत्र में प्रधानमंत्री ने दक्षिण 24 परगना जिले के फ्रेजरगंज में आधुनिकीकृत मत्स्य बंदरगाह तथा बीरभूम जिले में निर्मित आधुनिक मत्स्य बाजार का उद्घाटन किया।
591 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं
प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में लगभग 591 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इनमें हावड़ा में 99 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 300 बिस्तरों वाले मंडलीय रेलवे अस्पताल की आधारशिला रखना, पूर्व मेदिनीपुर में 71 करोड़ रुपये की लागत वाले रोड ओवर ब्रिज का शिलान्यास करना तथा 421 करोड़ रुपये की लागत से विकसित सांकराइल-सांतरागाछी तीसरी रेल लाइन को राष्ट्र को समर्पित करना शामिल है।

Join the RuralVoice whatsapp group















