TAAS ने डॉ. नॉर्मन ई. बोरलॉग इनोवेटिव फार्मर और डॉ. एस.के. वासल क्रॉप हाइब्रिड रिसर्च अवार्ड के लिए आमंत्रित किए नामांकन
ट्रस्ट फॉर एडवांसमेंट ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज (TAAS) ने वर्ष 2026 के डॉ. नॉर्मन ई. बोरलॉग इनोवेटिव फार्मर अवार्ड और डॉ. एस.के. वासल उत्कृष्ट क्रॉप हाइब्रिड रिसर्च अवार्ड के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। दोनों पुरस्कारों में एक-एक लाख रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किया जाएगा। नामांकन 15 जुलाई तक किए जा सकते हैं।
ट्रस्ट फॉर एडवांसमेंट ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज (TAAS) ने वर्ष 2026 के डॉ. नॉर्मन ई. बोरलॉग इनोवेटिव फार्मर अवार्ड और डॉ. एस.के. वासल उत्कृष्ट क्रॉप हाइब्रिड रिसर्च अवार्ड के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। पात्र उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में 15 जुलाई, 2026 तक ई-मेल या पंजीकृत डाक/कूरियर के माध्यम से अपने नामांकन भेज सकते हैं।
वर्ष 2024 में स्थापित डॉ. नॉर्मन ई. बोरलॉग इनोवेटिव फार्मर अवार्ड का उद्देश्य दक्षिण एशिया के उन किसानों को सम्मानित करना है, जिन्होंने नवीन कृषि तकनीकों या खेती की ऐसी पद्धतियों का विकास और सफल प्रसार किया है, जिनसे उत्पादन या उत्पाद की गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई हो, किसानों की आय बढ़ी हो तथा पर्यावरणीय प्रभाव कम हुआ हो।
यह पुरस्कार हरित क्रांति के जनक माने जाने वाले डॉ. नॉर्मन ई. बोरलॉग के कृषि विकास और किसानों के कल्याण में दिए गए योगदान के सम्मान में स्थापित किया गया है। उच्च उत्पादकता वाली गेहूं की किस्मों और उन्नत उत्पादन तकनीकों के विकास में उनके योगदान ने दक्षिण एशिया की कृषि को नई दिशा दी। TAAS के सदस्यों के योगदान से स्थापित इस पुरस्कार में एक लाख रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार प्रतिवर्ष दिया जाता है।
TAAS के अनुसार, इस पुरस्कार का उद्देश्य ऐसे इनोवेटिव किसानों को प्रोत्साहित करना है, जो टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देकर जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच दीर्घकालिक खाद्य एवं पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने में योगदान दे रहे हैं। दक्षिण एशिया के महिला एवं पुरुष किसान, जिनके इनोवेशन का प्रभाव व्यावहारिक रूप से सिद्ध हो चुका हो, इस पुरस्कार के लिए पात्र हैं। आवेदन किसान स्वयं या कृषि अनुसंधान, विकास, शिक्षा अथवा नीति से जुड़े किसी प्रतिष्ठित नामांकनकर्ता के माध्यम से कर सकते हैं।
टीएएएस ने डॉ. एस.के. वासल उत्कृष्ट क्रॉप हाइब्रिड रिसर्च अवार्ड के लिए भी नामांकन आमंत्रित किए हैं। यह पुरस्कार उन भारतीय वैज्ञानिकों को प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने उच्च क्षमता वाले हाइब्रिड विकसित करने तथा संकर प्रजनन (हाइब्रिड ब्रीडिंग) के लिए नई रणनीतियों के विकास में उत्कृष्ट योगदान दिया है।

जाने-माने प्लांट ब्रीडर डॉ. एस.के. वासल की याद में भी दिया जाता है अवार्ड।
यह पुरस्कार विश्वप्रसिद्ध मक्का ब्रीडर और वर्ल्ड फूड प्राइज से सम्मानित डॉ. सुरिंदर के. वासल के सम्मान में वर्ष 2024 में स्थापित किया गया था। गुणवत्तापूर्ण प्रोटीन मक्का ( क्यूपीएम) के विकास में उनके योगदान को व्यापक रूप से मान्यता मिली है। डॉ. वासल के योगदान से स्थापित इस पुरस्कार का उद्देश्य फसल संकर अनुसंधान को प्रोत्साहित करना और ऐसी तकनीकों के विकास को बढ़ावा देना है, जिनसे कृषि उत्पादकता बढ़े और खाद्य सुरक्षा को मजबूती मिले।
यह पुरस्कार उन भारतीय वैज्ञानिकों के लिए है, जिनकी आयु पुरस्कार घोषणा की तिथि पर 55 वर्ष या उससे कम हो। इस पुरस्कार में भी एक लाख रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किया जाएगा। आवेदन निर्धारित प्रारूप में संबंधित संस्थान के प्रमुख की संस्तुति के साथ उचित माध्यम से भेजना होगा।
TAAS का कहना है कि दोनों पुरस्कारों का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में किसानों और वैज्ञानिकों के नवाचारों को पहचान देना तथा ऐसी तकनीकों और पद्धतियों को बढ़ावा देना है, जो टिकाऊ कृषि विकास, उत्पादकता वृद्धि और खाद्य सुरक्षा में योगदान दे सकें।
अधिक जानकारी के लिए TAAS की बेवसाइट देख सकते हैं।

Join the RuralVoice whatsapp group















