प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले रविवार, 27 सितंबर को खुले रहेंगे सरकारी और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक
प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल से पहले सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक 27 सितंबर को रविवार के दिन भी खुले रहेंगे। RBI ने शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट के संचालन को मंजूरी दी है।
प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSB) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) रविवार, 27 सितंबर 2026 को सामान्य रूप से काम करेंगे। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत का अवकाश है। ऐसे में बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ने की आशंका को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है। वित्त मंत्रालय के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 27 सितंबर को सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह संचालित रखने की मंजूरी दे दी है।
मंत्रालय ने कहा कि यह व्यवस्था ग्राहकों की जरूरी बैंकिंग सेवाओं में संभावित व्यवधान को कम करने के लिए पहले से की गई है। इसके तहत सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार को सामान्य कार्यदिवस की तरह काम करेंगे।
UFBU की प्रस्तावित हड़ताल 28 से 30 सितंबर तक होगी। यह 26-27 सितंबर के सप्ताहांत के तुरंत बाद है। ऐसे में यदि रविवार को भी बैंक बंद रहते, तो ग्राहकों को लगातार पांच दिनों तक सीमित बैंकिंग सेवाओं का सामना करना पड़ सकता था।
सरकार और बैंक प्रबंधन ने बैंक यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को टालने की बी अपील की है। साथ ही आवश्यक बैंकिंग सेवाओं को बिना किसी रुकावट के जारी रखने के लिए कदम उठाए गए हैं। वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग ने कहा कि बैंक ग्राहकों की सुविधा और कल्याण सरकार की प्राथमिकता है। रविवार को बैंकों को खुला रखने का उद्देश्य ग्राहकों को प्रस्तावित हड़ताल शुरू होने से पहले अपने जरूरी बैंकिंग कार्य निपटाने का अतिरिक्त अवसर देना है।
यह व्यवस्था सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों पर लागू होगी। RBI की मंजूरी के तहत 27 सितंबर को बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट का संचालन किया जाएगा।

Join the RuralVoice whatsapp group



















