अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में पिछले साल से 45% कम हुई धान की खरीद, पूरे खरीफ सीजन में भी खरीद कम रहने के आसार

चालू खरीफ मार्केटिंग सीजन में धान की सरकारी खरीद धीमी बनी हुई है। 14 से 31 अक्टूबर 2026 के दौरान खरीद पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 45% घटकर 78.89 लाख टन रह गई। सूखे की स्थिति के चलते पूरे सीजन में भी खरीद पिछले साल से कम रहने के आसार हैं।

अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में पिछले साल से 45% कम हुई धान की खरीद, पूरे खरीफ सीजन में भी खरीद कम रहने के आसार

सितंबर 2026 से अगस्त 2027 तक चलने वाले चालू खरीफ मार्केटिंग सीजन में धान की सरकारी खरीद काफी धीमी चल रही है। उपभोक्ता मामले और खाद्य मंत्रालय के सेंट्रल फूड प्रोक्योरमेंट पोर्टल (CFPP) पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े (14 से 31 अक्टूबर 2026) में सिर्फ 78.89 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हुई। यह पिछले कम से कम छह साल में सबसे कम है।

इस साल की खरीद का आंकड़ा पिछले साल की समान अवधि की तुलना में सिर्फ 55.44 प्रतिशत है। पिछले साल अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में 142.28 लाख टन धान खरीदा गया था। अर्थात पिछले साल की तुलना में इस साल की खरीद करीब 45 प्रतिशत कम हुई है। यही नहीं, वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक पांच वर्षों में 14-31 अक्टूबर के दौरान औसत खरीद 127.70 लाख टन हुई थी। उसकी तुलना में इस वर्ष की खरीद 61.77 प्रतिशत के बराबर है।

1 सितंबर 2026 से शुरू खरीफ मार्केटिंग सीजन में अब तक कुल 116.46 लाख टन धान की खरीद की गई है। पिछले वर्ष पूरे सीजन में 810.73 लाख टन धान खरीदा गया था। आम तौर पर धान की खरीद जनवरी-फरवरी तक चलती है। वैसे तो इस साल अभी तक मुख्य रूप से पंजाब और हरियाणा में धान की खरीद हुई है, फिर भी यह इस बात का संकेत है कि इस साल सूखे की स्थिति के कारण कुल खरीद का आंकड़ा पिछले साल की तुलना में काफी कम रह सकता है।

मौजूदा सीजन में सबसे अधिक 80.89 लाख टन की खरीद पंजाब में हुई है। यहां 1 अक्टूबर से खरीद शुरू हुई है और पूरे सीजन में 180 लाख टन खरीद का लक्ष्य रखा गया है। हरियाणा में अब तक 30.77 लाख टन धान खरीदा गया है। यहां 29 सितंबर से ही खरीद शुरू हो गई थी और लक्ष्य 58 लाख टन का है। तीसरे स्थान पर तमिलनाडु है जहां 4.30 लाख टन धान का प्रोक्योरमेंट हुआ है। 

उत्तर प्रदेश में अभी तक 18,901 टन धान की खरीद की गई है। राज्य सरकार ने इस बार 65 लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा है। राज्य के कुछ इलाकों में 15 अक्टूबर से और कुछ में 1 नवंबर से खरीद शुरू हुई है। हिमाचल प्रदेश में खरीद का आंकड़ा अभी तक 16,581 टन तक पहुंचा है।

पिछले सीजन (2025-26) में पंजाब में कुल 156.50 लाख टन धान की खरीद हुई थी। उसके बाद छत्तीसगढ़ में 141.04 लाख टन, ओडिशा में 77.48 लाख टन, तेलंगाना में 71.86 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 62.30 लाख टन, हरियाणा में 62.12 लाख टन और मध्य प्रदेश में 51.71 लाख टन धान की सरकारी खरीद की गई थी।

 

Subscribe Rural Voice Newsletter