यूपी में कृषक समृद्धि योजना के तहत अब सिर्फ 6 प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा लोन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की घोषणा
इस योजना के तहत लोन लेने पर 11 फीसदी ब्याज लगता था। लेकिन अब राज्य सरकार ने इस पर 5 फीसदी सब्सिडी देने की घोषणा की है। इससे अब सिर्फ 6 फीसदी ब्याज पर कर्ज मिल जाएगा। मुख्यमंत्री ने इसके लिए पोर्टल भी लॉन्च किया है।
उत्तर प्रदेश के लघु एवं और सीमांत किसानों को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत अब छह प्रतिशत की कम ब्याज दर पर दीर्घकालिक ऋण मिल सकेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में इसकी घोषणा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल, किसानों को उर्वरक एवं बीज की सहज, सुव्यवस्थित व समय पर उपलब्धता के लिए उर्वरक सेतु मोबाइल ऐप और उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव डेटाबेस सेंटर के मोबाइल ऐप UPCDC का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, केंद्रीय मंत्री एम. मुरलीधर तथा अन्य कई नेता उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता किसान खुशहाल होगा तो भारत खुशहाल होगा। हमने पिछले 9 वर्षों में 3.30 लाख करोड़ रुपये के गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। प्रदेश के सहकारी बैंकों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के पहले 16 सहकारी बैंक निष्क्रिय हो चुके थे, उनके लाइसेंस जब्त हो गए थे। उनमें किसानों के हजारों करोड़ रुपये जमा थे। आज 16 में से 15 बैंक फिर से प्रॉफिट में आ चुके हैं।

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना
इस योजना के तहत लोन लेने पर 11 फीसदी ब्याज लगता था। लेकिन अब राज्य सरकार ने इस पर 5 फीसदी सब्सिडी देने की घोषणा की है। इससे अब सिर्फ 6 फीसदी ब्याज पर कर्ज मिल जाएगा। मुख्यमंत्री ने इसके लिए पोर्टल भी लॉन्च किया है। यह पोर्टल https://mksyldb.in/ है। इस पोर्टल पर जाकर किसान लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इस पोर्टल पर लोन के लिए आवेदन करने के लिए पहले रजिस्ट्रेशन करना पड़ेगा। रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल पर अपनी डिटेल भरनी होगी। इनमें अपना पता, जनपद, ब्रांच, तहसील और ब्लॉक का नाम, ग्राम पंचायत और गांव का नाम, कितना लोन चाहिए, ये सब जानकारी भरनी पड़ेगी। ओटीपी के लिए किसान को अपना मोबाइल नंबर भी डालना होगा। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि पोर्टल के माध्यम से उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड सिंचाई, पशुपालन, यंत्रीकरण और ग्रामीण आजीविका के लिए लोन देता है।

Join the RuralVoice whatsapp group



















