अतिरिक्त उत्पादन क्षमता के नाम पर अमेरिका का भारत पर नए टैरिफ का प्रस्ताव, भारत ने द्विपक्षीय व्यापार वार्ता से समाधान पर दिया जोर

सेक्शन 301 जांच के तहत भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने के अमेरिकी प्रस्ताव की भारत समीक्षा कर रहा है। भारत का कहना है कि किसी भी क्षेत्र में अतिरिक्त संरचनात्मक उत्पादन क्षमता नहीं है और व्यापार संबंधी मुद्दों का समाधान द्विपक्षीय बातचीत से होना चाहिए।

अतिरिक्त उत्पादन क्षमता के नाम पर अमेरिका का भारत पर नए टैरिफ का प्रस्ताव, भारत ने द्विपक्षीय व्यापार वार्ता से समाधान पर दिया जोर

भारत सरकार ने कहा है कि वह मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में कथित संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता को लेकर सेक्शन 301 के तहत अमेरिका के अतिरिक्त टैरिफ लगाने के ताजा प्रस्ताव की समीक्षा कर रही है। सरकार ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि भारत में किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है। साथ ही, उसने कहा है कि व्यापार से जुड़े मुद्दों का समाधान भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के लिए चल रही बातचीत के तहत किया जाना चाहिए।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारत ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) की तरफ से जारी नोटिस और टिप्पणियां आमंत्रित करने के अनुरोध पर संज्ञान लिया है। यह नोटिस भारत सहित 14 देशों की मैन्युफैक्चरिंग में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता और उत्पादन से संबंधित गतिविधियों, नीतियों और तौर-तरीकों की जांच से जुड़ा है। मंत्रालय ने कहा कि इस नोटिस की फिलहाल समीक्षा की जा रही है।

भारत सरकार की यह प्रतिक्रिया ट्रंप प्रशासन की ओर से सेक्शन 301 जांच के तहत भारत सहित 14 व्यापारिक साझेदारों को निशाना बनाते हुए नई टैरिफ व्यवस्था प्रस्तावित किए जाने के बाद आई है। प्रस्तावित शुल्क के तहत यदि भारत के साथ व्यापार समझौता नहीं होता है तो भारतीय निर्यात पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया जा सकता है। वहीं, वाशिंगटन के साथ व्यापार समझौता होने पर यह दर 17 प्रतिशत हो सकती है।

सेक्शन 301 के तहत जांच की शुरुआत 11 मार्च 2026 को 16 अर्थव्यवस्थाओं को शामिल करते हुए की गई थी। हालांकि, यूएसटीआर ने फिलहाल इनमें से 14 अर्थव्यवस्थाओं के संबंध में नया टैरिफ जारी किया है और मेक्सिको तथा नॉर्वे को इससे बाहर रखा है। जांच के दायरे में शामिल अन्य अर्थव्यवस्थाओं में चीन, यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान, वियतनाम, बांग्लादेश, कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड, सिंगापुर और स्विट्जरलैंड शामिल हैं।

भारत दबाव में समझौता न करेः जीटीआरआई

थिंक टैंक ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (जीटीआरआई) के अजय श्रीवास्तव ने प्रस्तावित टैरिफ व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इन दरों का मकसद व्यापारिक साझेदारों से एकतरफा रियायतें हासिल करना है। उनका कहना है कि भारत को इस तरह के दबाव में व्यापार समझौता स्वीकार नहीं करना चाहिए, खासकर तब जब प्रस्तावित ग्राहम टैरिफ के तहत 100 प्रतिशत तक अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने की आशंका भी बनी हुई है।

श्रीवास्तव ने कहा, "क्योंकि ये मनमाने ढंग से तय की गई दरें एकतरफा रियायतें हासिल करने के लिए जानबूझकर डाला गया प्रलोभन हैं और ग्राहम टैरिफ के तहत 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाए जाने का खतरा भी बना हुआ है, इसलिए भारत को व्यापार समझौते को अस्वीकार कर आरोपों का जवाब क्षेत्रवार देना चाहिए। भारत को यह दिखाना चाहिए कि उसका निवेश घरेलू खरीदारों, विदेशी ग्राहकों और भविष्य की मांग को पूरा करने के लिए है। केवल निर्यात को अतिरिक्त उत्पादन क्षमता का प्रमाण नहीं माना जाना चाहिए।"

अमेरिका ने भारत के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की क्षमता पर उठाए सवाल

अपनी जांच रिपोर्ट में यूएसटीआर ने भारत सरकार की कई नीतियों और कार्यप्रणालियों की पहचान की है, जिनके बारे में उसका आकलन है कि वे मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता को बढ़ावा देती हैं। इनमें मैन्युफैक्चरिंग विस्तार से जुड़ी औद्योगिक नीतियां, उत्पादन प्रोत्साहन, श्रम सुरक्षा के अपर्याप्त प्रावधान, वित्तीय नीतियां और बाजार तक पहुंच में बाधाएं शामिल हैं।

अमेरिकी जांच में भारत के चार प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष रूप से सवाल उठाए गए हैं। इनमें इस्पात, सौर ऊर्जा, स्वास्थ्य संबंधी उत्पाद (दवाएं और चिकित्सा उपकरण सहित) तथा सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) शामिल हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत की सोलर मॉड्यूल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता लगभग 140-160 गीगावाट है, जो 40-50 गीगावाट की अनुमानित सालाना घरेलू मांग से करीब तीन गुना है। रिपोर्ट में इस्पात मैन्युफैक्चरिंग क्षमता के विस्तार और उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजनाओं (पीएलआई) तथा मेक इन इंडिया पहल जैसी सरकारी योजनाओं की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।

यूएसटीआर का तर्क है कि बाजार की सामान्य परिस्थितियों में जितनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और निर्यात होता, इन नीतियों से उससे अधिक को प्रोत्साहन मिलता है। उसने मैन्युफैक्चरिंग के लिए कच्चे माल और अन्य इनपुट की आपूर्ति में विशेषकर चीन से आयात तथा विदेशी निवेश पर भारत की निर्भरता को लेकर भी चिंता जताई है।

हालांकि, जांच के दौरान दर्ज भारत के रुख के अनुसार, देश में मैन्युफैक्चरिंग क्षमता का विस्तार घरेलू मांग, आर्थिक विकास और रणनीतिक क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता हासिल करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। सरकार का कहना है कि मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और पीएलआई जैसी पहलों का मकसद अतिरिक्त उत्पादन क्षमता पैदा करना नहीं, बल्कि घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को मजबूत करना और आयात पर निर्भरता घटाना है।

व्यापार समझौते से जुड़ा है टैरिफ का प्रस्ताव

प्रस्तावित कार्रवाई के तहत अमेरिका कुछ उत्पादों को छूट देने और मौजूदा शुल्कों के समायोजन के प्रावधानों के अधीन भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगा सकता है। हालांकि, यूएसटीआर ने संकेत दिया है कि यदि भारत जांच में उठाई गई चिंताओं का समाधान करने वाला अमेरिका के साथ पारस्परिक व्यापार समझौता (एग्रीमेंट ऑन रिसिप्रोकल ट्रेड) करता है तो टैरिफ की दर घटाकर 17 प्रतिशत करने पर विचार किया जा सकता है।

इस तरह प्रस्तावित टैरिफ व्यवस्था को द्विपक्षीय व्यापार वार्ता के नतीजे से जोड़ दिया गया है। अन्य देशों के लिए प्रस्तावित दरों में भी अंतर है। उदाहरण के लिए, वियतनाम पर 35 प्रतिशत तक टैरिफ प्रस्तावित है, जिसे व्यापार समझौता होने पर घटाकर 20 प्रतिशत किया जा सकता है। वहीं, बांग्लादेश, कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड के लिए प्रस्तावित दर 18 प्रतिशत तक है।

प्रस्तावित शुल्क अभी लागू नहीं हुए हैं। यूएसटीआर ने इस कार्रवाई पर आम लोगों और संबंधित पक्षों से टिप्पणियां आमंत्रित की हैं। इसमें उन उत्पादों, संभावित छूट और लागू होने वाली टैरिफ दरों पर सुझाव मांगे गए हैं, जिन्हें इस कार्रवाई के दायरे में शामिल किया जाना चाहिए। लिखित टिप्पणियां 5 जनवरी 2027 तक जमा कराई जा सकती हैं, जबकि सार्वजनिक सुनवाई 25 जनवरी 2027 से शुरू होने वाली है। प्रस्तावित उपायों का अंतिम दायरा और उनका क्रियान्वयन आगे की प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।

Subscribe Rural Voice Newsletter