आज की प्रमुख चुनावी खबरें: अनंतनाग में पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती का मुकाबला गुलाम नबी आजाद से, गहलोत का मोदी पर जुमलेबाजी का आरोप

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती अनंतनाग-राजौरी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। उनका मुकाबला डीपीएपी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व कांग्रेसी नेता गुलाम नबी आजाद से होगा। दोनों प्रमुख नेताओं के बीच टक्कर को देखते हुए यह सीट जम्मू-कश्मीर की सबसे हाई प्रोफाइल सीट बन गई है।

आज की प्रमुख चुनावी खबरें: अनंतनाग में पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती का मुकाबला गुलाम नबी आजाद से, गहलोत का मोदी पर जुमलेबाजी का आरोप

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती अनंतनाग-राजौरी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। उनका मुकाबला डीपीएपी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व कांग्रेसी नेता गुलाम नबी आजाद से होगा। दोनों प्रमुख नेताओं के बीच टक्कर को देखते हुए यह सीट जम्मू-कश्मीर की सबसे हाई प्रोफाइल सीट बन गई है। नेशनल कांफ्रेंस ने भी इस सीट पर अपने बड़े गुर्जर नेता मियां अल्ताफ अहमद को उतारा है। इसके अलावा अपनी पार्टी की तरफ से जफर इकबाल मन्हास चुनाव लड़ेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट पर अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। पीडीपी संसदीय बोर्ड के प्रमुख सरताज मदनी ने रविवार को कश्मीर की तीन सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया। पार्टी युवा शाखा के अध्यक्ष वहीद पर्रा श्रीनगर से और पूर्व राज्यसभा सांसद मीर फैयाज बारामूला से चुनाव लड़ेंगे। महबूबा मुफ्ती और मदनी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नामों का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पीडीपी जम्मू क्षेत्र की दो सीटों उधमपुर और जम्मू में कांग्रेस उम्मीदवारों का समर्थन करेगी। क्या कश्मीर में कांग्रेस भी पीडीपी उम्मीदवारों का समर्थन करेंगी, इस सवाल पर पीडीपी अध्यक्ष ने कहा कि हमने कांग्रेस को लेन-देन के आधार पर समर्थन नहीं दिया है, हम संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए बड़ी लड़ाई के मकसद को देखते हुए कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं।

कांग्रेस घोषणापत्र की आलोचना में भी पीएम का जुमलाः अशोक गहलोत
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी का लोकसभा चुनाव घोषणा पत्र एक खूबसूरत दस्तावेज है जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसकी आलोचना करने के लिए जुमले का इस्तेमाल कर रहे हैं। मोदी ने पिछले दिनों चुनावी रैली में कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र तुष्टीकरण की राजनीति का नमूना है और यह मुस्लिम लीग की याद दिलाता है। गहलोत ने कहा यह इतना खूबसूरत घोषणा पत्र है कि प्रधानमंत्री इसकी आलोचना करने के लिए एक शब्द नहीं ढूंढ पाए। इसलिए उन्होंने लोगों को गुमराह करने के मकसद से मुस्लिम लीग का जुमला तैयार किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के टिप्पणी से हम लोग भी आश्चर्यचकित हैं। अचानक मुस्लिम लीग तस्वीर में कहां से आ गई। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस घोषणा पत्र एक ऐतिहासिक दस्तावेज है। इसे राहुल गांधी की भारत छोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान लाखों लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर तैयार किया गया है। कांग्रेस ने बीते शुक्रवार को घोषणा पत्र जारी किया था। इसमें 25 गारंटी का वादा किया गया है।

मोदी सरकार ने रक्षा निर्यात 600 करोड़ से बढ़ा कर 31,000 करोड़ कियाः राजनाथ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को राजस्थान के बीकानेर के कोलायत में भाजपा प्रत्याशी अर्जुन राम मेघवाल के पक्ष में प्रचार किया। राजनाथ ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार के दौरान कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं थी। घर में घुसकर लोगों का गला काट दिया जाता था। आज भजनलाल सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बेहतर करने का प्रयास किया है। रक्षा मंत्री ने कहा कि पहले भारत दूसरे देशों से हथियार खरीदता था। कांग्रेस सरकार के समय भारत से केवल 600 करोड़ का रक्षा निर्यात होता था, जिसे मोदी सरकार ने 31 हजार करोड़ तक पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा, मुझे तकलीफ होती है जब हमारी सेना सर्जिकल और एयर स्ट्राइक करती है तो कांग्रेस के नेता सवालिया निशान लगाते हैं। 

झारखंड की सिंहभूम में कई इलाकों में लोग पहली बार मतदान करेंगे
झारखंड की सिंहभूम लोकसभा सीट के अनेक अंदरूनी इलाकों में इस बार पहली बार लोग वोट डालेंगे। माओवादियों के प्रभुत्व वाले इस इलाके में चुनाव अधिकारियों की टीम तथा अन्य सामग्री सड़क और रेल मार्ग के अलावा हेलीकॉप्टर से भी पहुंचाई जाएगी ताकि एशिया के सबसे घने साल जंगल सारंडा के लोग मतदान कर सकें। इस इलाके में 118 मतदान बूथ बनाए जाएंगे। पश्चिम सिंहभूम आज भी वामपंथी उग्रवाद के सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में एक है। पिछले साल माओवादी हिंसा से जुड़ी 46 घटनाओं में यहां 22 लोगों की जान चली गई थी। मतदान के लिए इस क्षेत्र में सुरक्षा बलों के 15 नए कैंप स्थापित किए गए हैं।

यह समय तानाशाही के खिलाफ संदेश देने काः भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को कहा कि यह समय राजनीतिक ताकत दिखाने का नहीं बल्कि तानाशाही के खिलाफ संदेश देने का है। केंद्र की भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार विपक्ष को दबाने की कोशिश कर रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनाव से ठीक पहले इसलिए गिरफ्तार किया गया ताकि क्योंकि भाजपा जानती है कि हम ईमानदारी और पारदर्शिता की राजनीति करते हैं। वे हमसे डर गए हैं। दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेताओं ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को जंतर मंतर पर पर भूख हड़ताल की। केजरीवाल को परिवर्तन निदेशालय ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने उन्हें 15 अप्रैल तक जेल भेज दिया है। तथाकथित शराब घोटाले में उनकी गिरफ्तारी हुई है। भगवत मान ने शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां में शहीद को श्रद्धांजलि भी दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हम आज भगत सिंह के गांव में हैं जिन्होंने हमें आजादी दिलाई और आज वह आजादी खतरे में है। बाबा भीमराव आंबेडकर ने हमें संविधान दिया और आज वह संविधान खतरे में है।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!