इन 5 सीटों पर जीत का अंतर रहा सर्वाधिक, 10 लाख वोटों से जीत का रिकॉर्ड

लोकसभा चुनाव 2024: लोकसभा चुनाव के नतीजे अब लगभग साफ हो चुके हैं। हालांकि, कुछ सीटों पर गिनती अभी भी जारी है। विजेताओं की लिस्‍ट में कई दिग्गज नेताओं के नाम शामिल है, जिन्होंने बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। आइए आपको ऐसे ही कुछ नेताओं के बारे में बताते हैं।

इन 5 सीटों पर जीत का अंतर रहा सर्वाधिक, 10 लाख वोटों से जीत का रिकॉर्ड
लोकसभा चुनाव 2024

लोकसभा चुनाव 2024: सुबह से जारी लोकसभा चुनाव की मतगणना अब लगभग पूरी होने वाली है। 543 सीटों में से कई सीटों पर प्रत्‍याशियों की जीत घोषित हो चुकी है। जबकि, कुछ सीटों पर गिनती अभी भी जारी है। कई सीटों पर जीत का अंतर बहुत बड़ा रहा है। आइए आपको कुछ ऐसे ही उम्मीदवारों के बारे में बताते हैं जिन्होंने इस चुनाव में सबसे बड़ी जीत हासिल की है। 

शंकर लालवानी 

लोकसभा चुनाव 2024 में अगर सबसे बड़े 'विजेता' का खिताब किसी को जाएगा, तो वो हैं मध्य प्रदेश की इंदौर सीट से बीजेपी उम्मीदवार शंकर लालवानी। जिन्होंने 10 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, शंकर लालवानी रिकॉर्ड जीत हासिल की है। उन्‍होंने तमाम बड़े नेताओं को इस मामले में काफी पीछे छोड़ दिया है। शंकर लालवानी ने 12,26,751 वोट प्राप्त कर इंदौर सीट से बड़ी जीत दर्ज की है। इंदौर में कांग्रेस उम्मीदवार ने नामांकन वापस ले लिया था, जिसके बाद नोटा को दो लाख से अधिक लोगों ने वोट दिया। 

शिवराज सिंह चौहान 

सबसे बड़ी जीत वाले नेताओं की लिस्ट में दूसरा नाम मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और विदिशा लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार शिवराज सिंह चौहान का है। उन्होंने इस सीट पर धमाकेदार जीत हासिल की है। शिवराज ने कांग्रेस के प्रतिद्वंद्वी प्रताप भानु शर्मा को 8 लाख से ज्यादा वोटों से शिकस्त दी है। शिवराज सिंह चौहान ने 11,16,460 वोट हासिल किए हैं जबकि कांग्रेस के प्रताप भानु शर्मा को 2,95,052 मत प्राप्त हुए। 

अमित शाह 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी चुनाव में बंपर जीत हासिल की है। अमित शाह ने गुजरात की गांधीनगर सीट से 7 साख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, उन्हें कुल 10,10,972 वोट मिले हैं। उन्होंने अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में अमित शाह ने 5 लाख वोटों से जीत दर्ज की थी। वहीं, इस बार उन्होंने 7 लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है। 

ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया 

सबसे बड़े अंतर से जीत हासिल करने वालों में केंद्रीय मंत्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया का नाम भी शामिल हैं। उन्होंने 5.40 लाख वोटों के अंतर से विजय प्राप्त की है। गुना शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतरे ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने कुल 9,23,302 वोट हासिल किए हैं।
 
राहुल गांधी 

अब तक घोषित विजेताओं की सूची में राहुल गांधी भी सबसे बड़ी जीत हासिल करने वाले उम्मीदवारों में शुमार हैं। उन्होंने दो लोकसभा सीटों रायबरेली और वायनाड से चुनाव लड़ा था। दोनों ही सीटों पर उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। रायबरेली में उन्होंने 3.90 लाख और वायनाड में 3.64 मतों के अंतर से जीत हासिल की है। 

Subscribe here to get interesting stuff and updates!