28 मार्च की टॉप 5 चुनावी खबरें: तृणमूल ने चुनाव आयोग से की पीएम मोदी की शिकायत

आज सियासी जगत की पांच बड़ी खबरें जो सुर्खियों में छाई रहीं

28 मार्च की टॉप 5 चुनावी खबरें: तृणमूल ने चुनाव आयोग से की पीएम मोदी की शिकायत

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कृष्णानगर संसदीय सीट से भाजपा उम्मीदवार अमृता रॉय के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत आचार संहिता के उलंघन को लेकर कराई है। शिकायत में प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा उम्मीदवार अमृता रॉय और भारतीय जनता पार्टी पर मतदाताओं को लुभाने के लिए एक नई योजना लाने का आरोप लगाया है। पीएम मोदी ने अमृता रॉय से फोन पर बात करते हुए कहा था कि ईडी ने जो 3000 करोड़ रुपये अटैच किया है यह गरीबों को लौटाएंगे जो इसके हकदार हैं। तृणमूल कांग्रेस ने लुभावनी घोषणा के माध्यम से मतदाताओं को रिश्वत देने और गलत तरीकों का सहारा लेने का आरोप लगाया है।

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की अधिसूचना जारी

चुनाव आयोग ने गुरुवार को लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। उम्मीदवार आज से नामांकन दाखिल कर सकेंगे। दूसरे चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 88 सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान होना है। इस चरण में उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर समेत आठ सीटों पर मतदान होगा। इसके अलावा बाहरी मणिपुर लोकसभा सीट के एक हिस्से में 13 विधानसभा सीटों पर भी इसी चरण में मतदान होगा।

शिवसेना ने जारी की पहली सूची, गोविंदा पार्टी में शामिल

शिवसेना शिंदे गुट ने महाराष्ट्र की आठ सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का एलान किया है। मुंबई साउथ सेंट्रल से राहुल शेवाले, कोल्हापुर से संजय मांडलिक, शिरडी (अजा) से सदाशिव लोखंडे, बुलढाणा से प्रतापराव जाधव, हिंगोली से हेमन्त पाटिल, मावल से श्रीरंग बारणे, रामटेक (अजा) से राजू परवे, कंगन से धारिशिल माने को टिकट दिया गया है। आज ही फिल्म अभिनेता गोविंदा शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। अटकलें हैं कि पार्टी उन्हें उत्तर पश्चिम मुंबई सीट से टिकट दे सकती है। गोविंदा 2004 में कांग्रेस के टिकट पर मुंबई उत्तर सीट से चुनाव जीत चुके हैं। तब उन्होंने भाजपा के राम नाईक को हराया था।

बीजद को बड़ा झटका, भतृहरि महताब भाजपा में शामिल

ओडिशा में भाजपा और बीजू जनता दल (बीजद) के बीच सीट शेयरिंग पर समझौते की संभावना खत्म होने के बाद बीजद के वरिष्ठ नेता भतृहरि महताब ने पार्टी छोड़ दी है। वे भाजपा में शामिल हो गए हैं। कटक से लगातार छह बार के लोकसभा सांसद महताब बीजद के संस्थापक सदस्यों में हैं। वे राज्य के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के प्रकाश मिश्रा को बड़े अंतर से हराया था। माना जा रहा है कि इस बार भी भाजपा उन्हें कटक सीट पर ही खड़ा करेगी। संसद में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए 2017 से 2020 तक लगातार चार बार उन्हें संसद रत्न सम्मान दिया गया था।

झारखंड में भाजपा का आजसू के साथ गठबंधन

झारखंड में भाजपा का ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के साथ गठबंधन हो गया है। भाजपा राज्य में 13 लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी, जब​कि गिरिडीह की सीट आजसू को दी गई है। भाजपा के महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि झारखंड के सभी 14 में से 14 संसदीय क्षेत्रों पर गठबंधन के उम्मीदवार चुनाव जीतकर 4 जून को 400 के पार लक्ष्य को हासिल करेंगे। फिलहाल गिरिडीह से आजसू के चंद्र प्रकाश चौधरी सांसद हैं। 

Subscribe here to get interesting stuff and updates!