अरुणाचल प्रदेश से सहकारी निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एनसीईएल और एपीसीसीएफ के बीच समझौता

अरुणचल से उच्च मूल्य बागवानी फसलों के निर्यात को बढ़ावा देने और राज्य की सहकारी समितियों को राष्ट्रीय व वैश्विक बाजारों से जोड़ने की पहल

अरुणाचल प्रदेश से सहकारी निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एनसीईएल और एपीसीसीएफ के बीच समझौता

पूर्वोत्तर क्षेत्र से सहकारी ढांचे के माध्यम से निर्यात को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अरुणाचल प्रदेश कंज्यूमर कोऑपरेटिव फेडरेशन (APCCF) ने राष्ट्रीय सहकारी निर्यात लिमिटेड (एनसीईएल) के साथ नई दिल्ली में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

इस समझौते पर एनसीईएल की ओर से सहकारी सेवाओं के प्रमुख सत्य प्रकाश शर्मा और एपीसीसीएफ की ओर से प्रबंध निदेशक निकलेन लेगो ने हस्ताक्षर किए। अधिकारियों ने इसे अरुणाचल की सहकारी संस्थाओं को राष्ट्रीय और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। 

इस समझौते का उद्देश्य अरुणाचल प्रदेश की कृषि और संबद्ध उत्पादों के निर्यात अवसरों को सहकारी ढांचे के माध्यम से बढ़ाना है। सहयोग के तहत कीवी, संतरा, अनानास, अदरक और इलायची जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों के निर्यात को बढ़ावा दिया जाएगा, जिनकी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अच्छी मांग है।

एमओयू के तहत एनसीईएल राज्य की सहकारी समितियों को बाजार संपर्क और खरीद सहायता प्रदान करेगा। साथ ही, टिकाऊ वैल्यू चेन विकसित करने, गुणवत्ता मानकों में सुधार लाने और उत्पादकों को बेहतर मूल्य दिलाने पर भी जोर दिया जाएगा। सहकारी समितियों के माध्यम से उत्पादों का एकत्रीकरण कर लेनदेन लागत घटाने और किसानों की सौदेबाजी क्षमता बढ़ाने की उम्मीद है।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!