आज की प्रमुख चुनावी खबरेंः खड़गे बोले- मोदी के वादे झूठे, मोदी ने कहा- भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए कांग्रेस की रैली

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह उनकी पार्टी झूठे वादे नहीं करती है। जयपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, हमारी जो 5 न्याय गांरटी है, उसके तहत हम 25 गारंटी दे रहे हैं। हमारी सरकार आई तो हम सभी गांरटी पूरा करेंगे। हम मोदी जी की तरह झूठ नहीं बोलते हैं।

आज की प्रमुख चुनावी खबरेंः खड़गे बोले- मोदी के वादे झूठे, मोदी ने कहा- भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए कांग्रेस की रैली

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह उनकी पार्टी झूठे वादे नहीं करती है। जयपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, हमारी जो 5 न्याय गांरटी है, उसके तहत हम 25 गारंटी दे रहे हैं। हमारी सरकार आई तो हम सभी गांरटी पूरा करेंगे। हम मोदी जी की तरह झूठ नहीं बोलते हैं। जैसे पीएम मोदी ने कहा था हर साल 2 करोड़ नौकरियां दूंगा, काला धन लाकर सबके खाते में 15-15 लाख रुपए दूंगा, किसानों की आय दोगुनी करुंगा, किसानों को एमएसपी दूंगा। लेकिन उन्होंने किया कुछ भी नहीं, इसलिए मोदी जी झूठों के सरदार हैं। इस रैली में पार्टी की नेता प्रियंका गांधी वाड्रा भी थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जिन बड़े संस्थानों की स्थापना की गई थी उन्हें आज कमजोर किया जा रहा है। हालत यह है कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन तक में लोगों को भरोसा नहीं रह गया है। बढ़ती बेरोजगारी पर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि बेरोजगारी दूर करने के लिए सरकार ने क्या किया।

कांग्रेस ने कभी वंचितों, शोषितों, युवाओं के बारे में नहीं सोचाः मोदी
शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी राजस्थान में थे। अजमेर में एक जनसभा में कांग्रेस पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने विपक्षी दल की लूट की दुकान बंद कर दी है। कांग्रेस पार्टी चुनाव जीतने के लिए रैली नहीं कर रही है, भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए रैली कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जहां रहती है, वहां विकास नहीं हो सकता। कांग्रेस ने ना कभी गरीब की परवाह की और ना ही कभी वंचितों- शोषितों- युवाओं के बारे में सोचा। कांग्रेस के लिए यही कहा जा सकता है- एक तो करेला, दूसरा नीम चढ़ा। एक तो परिवारवादी पार्टी और दूसरा उतनी ही भ्रष्टाचारी पार्टी। पिछले 10 वर्षों के दौरान मोदी ने इस बीमारी का स्थाई इलाज किया है। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार का तीसरा कार्यकाल अब दूर नहीं है और तीसरे कार्यकाल के पहले 100 दिनों में भ्रष्टाचार के खिलाफ और बड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री ने गाजियाबाद में भी एक घंटे का रोड शो किया। 

पप्पू यादव के उतरने से गर्म हुई बिहार के पूर्णिया की लोकसभा सीट
पप्पू यादव के निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर आने के बाद बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट इस बार काफी चर्चा में है। पूर्णिया से महागठबंधन से राजद की प्रत्याशी बीमा भारती ने पप्पू यादव के चुनाव लड़ने पर बयान दिया है। उन्होंने कहा, पप्पू यादव मेरे लिए कोई चुनौती नहीं हैं। जनता उनके लिए सर्वोपरि है और जनता का सम्मान उन्हें मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राजद नेता तेजस्वी यादव पूर्णिया में रोड शो भी करेंगे। जनता लालू-तेजस्वी को देखकर वोट करेगी। बीमा भारती ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की तरफ से पप्पू यादव के खिलाफ कार्रवाई की भी बात कही है। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस पर जिस तरह अधिकार जता रहे हैं, उन्हें पार्टी से टिकट लेकर चुनाव लड़ना चाहिए था। वे निर्दलीय चुनाव क्यों लड़ रहे हैं? भारती ने यह भी कहा कि पप्पू यादव ने पार्टी का विलय कांग्रेस में किया है, उन्होंने अब तक कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण नहीं की है। 

सीपीआई ने भी जारी किया अपना घोषणापत्र
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया। इसमें पार्टी ने केंद्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले सरकार बदलने का आह्वान किया है। इस मौके पर पार्टी महासचिव डी राजा ने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई लोगों के लिए सबसे बड़ी समस्या बन गई है। भाजपा के शासन में ऊपरी तबके लोगों ने बेशुमार संपत्ति अर्जित की है जबकि गरीबों को पूछने वाला कोई नहीं है। घोषणा पत्र में पार्टी ने कहा है कि वेल्थ टैक्स,  इन्हेरिटेंस टैक्स लगाकर तथा कारपोरेट टैक्स में वृद्धि करके पार्टी संसाधनों का आधार बढ़ाएगी और अर्थव्यवस्था को सबके लिए समान बनाएगी। पार्टी सार्वजनिक क्षेत्र को बढ़ावा देने की लड़ाई लड़ेगी। महिला आरक्षण को तत्काल उसके मूल भाव में लागू करेगी। इसके लिए डिलिमिटेशन और जनगणना की शर्त को हटाएगी। पार्टी का कहना है कि वह मनरेगा में न्यूनतम मजदूरी 700 रुपये करने के लिए संघर्ष जारी रखेगी तथा इस योजना के तहत हर साल 200 दिनों का काम देने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। पार्टी ने शहरी रोजगार योजना कानून तथा गिग कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा की लड़ाई भी तेज करने का वादा किया है।

कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री खालप को उत्तरी गोवा से उम्मीदवार बनाया
कांग्रेस पार्टी ने गोवा, मध्य प्रदेश और दादरा नगर हवेली के लिए अपने 6 लोक सभा उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पार्टी ने उत्तरी गोवा से पूर्व केंद्रीय मंत्री रमाकांत खालप को टिकट दिया है। दक्षिण गोवा से वी. फर्नांडिस को टिकट मिला है। इनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के श्रीपद नायक (उत्तरी गोवा) और पल्लवी डेंपो (दक्षिण गोवा) से होगा। रमाकांत खालप राजीव गांधी सरकार में कानून राज्य मंत्री थे। उन्होंने आर्बिट्रेशन एक्ट ऑफ़ इंडिया पर काम किया था। कोड ऑफ़ सिविल प्रोसीजर ऑफ़ इंडिया तथा कोड ऑफ़ क्रिमिनल प्रोसीजर ऑफ़ इंडिया में संशोधन का ड्राफ्ट भी उन्होंने तैयार किया था। वे संसद में महिला आरक्षण बिल भी लेकर आए थे। कांग्रेस के दूसरे उम्मीदवार फर्नांडिस नौसेना के पूर्व अधिकारी है। मध्य प्रदेश में पार्टी ने सत्यपाल सिंह सिकरवार, प्रवीण पाठक और नरेंद्र पटेल को क्रमशः मुरैना, ग्वालियर तथा खंडवा सीटों से टिकट दिया है। राज्य में 29 लोकसभा सीटों में से पार्टी 28 के लिए उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। खजुराहो सीट उसने समाजवादी पार्टी को दी है।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!