विजय ने ली तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ, साथ में 9 मंत्री, मंच से ही तीन आदेश किए जारी

अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। TVK सरकार के गठन के साथ राज्य में छह दशक पुराना डीएमके और एआईएडीएमके का राजनीतिक वर्चस्व समाप्त हो गया और एक नए दौर की शुरुआत हुई।

विजय ने ली तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ, साथ में 9 मंत्री, मंच से ही तीन आदेश किए जारी
तमिलनाडु की राजनीति में बदलाव की लहर बनकर आए सी. जोसेफ विजय ने रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित कई राजनीतिक और फिल्मी हस्तियां मौजूद रहीं। 

विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने राज्य में पिछले छह दशकों से चले आ रहे द्रविड़ दलों डीएमके और एआईएडीएमके के वर्चस्व को समाप्त किया है। अब विजय को 13 मई तक विधानसभा में अपना बहुमत साबित करना होगा।

51 वर्षीय विजय को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के दौरान विजय ने आगे बोलना शुरू किया तो राज्यपाल ने उन्हें टोक दिया और जितना लिखा है, उतना ही बोलने को कहा। 

मुख्यमंत्री बनते ही विजय ने मंच से ही तीन आदेशों पर हस्ताक्षर किए। इन आदेशों में घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक निशुल्क बिजली, नशे की समस्या से निपटने के लिए हर जिले में विशेष बल बनाना और महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक स्पेशल टास्क फोर्स गठित करना शामिल है। 

विजय के साथ नौ मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण किया। नई कैबिनेट में पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों और करीबी सहयोगियों को जगह दी गई है। इनमें एन आनंद, आधव अर्जुना, के. ए. सेंगोट्टैयन, के. जी. अरुणराज, पी. वेंकटरामनन, सीटीआर निर्मल कुमार, राजमोहन, कीर्तन और केटी प्रभु शामिल हैं। मंत्रिमंडल में एक महिला और अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय से एक प्रतिनिधि हैं। 

शपथ ग्रहण के बाद अपने पहले संबोधन में विजय ने कहा कि वह किसी “शाही या राजनीतिक परिवार” से नहीं आते, बल्कि आम लोगों के बीच से निकले हैं। फिर भी लोगों ने उन्हें स्वीकार किया और समर्थन दिया। उन्होंने कहा, “मैं झूठे वादों से लोगों को गुमराह नहीं करूंगा।” विजय ने इसे “नए दौर की शुरुआत” बताते हुए वास्तविक धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय पर आधारित पारदर्शी शासन का वादा किया। 

समारोह में राहुल गांधी की मौजूदगी खास रही। कांग्रेस ने चुनाव परिणाम आने के बाद टीवीके सरकार को समर्थन देने की घोषणा की थी। विजय की जीत तमिलनाडु की राजनीति में जनभावनाओं के बड़े बदलाव का संकेत है। लंबे समय से डीएमके और एआईएडीएमके पर केंद्रित राज्य की राजनीति में टीवीके ने पहली बार सत्ता हासिल कर नई राजनीतिक धुरी बनाई है। 

शपथ ग्रहण समारोह में भारी संख्या में समर्थक पहुंचे और “थलपति” के नारों से पूरा स्टेडियम गूंज उठा। विजय के माता-पिता एस. ए. चंद्रशेखर और शोभा चंद्रशेखर भी समारोह में मौजूद रहे। 

फरवरी 2004 में बनी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने अपने पहले ही चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीतीं और कांग्रेस व वामदलों के समर्थन से बहुमत का आंकड़ा 118 पार करने का भरोसा जताया। वीसीके और आईयूएमएल ने भी समर्थन दिया है, जिससे टीवीके का आंकड़ा 120 तक पहुंच गया।

शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री विजय ने सरकार बनाने में समर्थन देने के लिए कांग्रेस, वीसीके और वाम दलों को धन्यवाद दिया।विजय ने जनता से आग्रह किया कि उन्हें कामकाज के लिए उचित समय दिया जाए ताकि परिणाम दिखाए जा सकें। उन्होंने राज्य की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने और पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ने की बात कही। साथ ही पिछली सरकार पर राज्य पर भारी कर्ज डालने का आरोप लगाया। 



Subscribe here to get interesting stuff and updates!