भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में कृषि और डेयरी के हित पूरी तरह सुरक्षित: पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि अमेरिका-भारत ट्रेड डील में भारत अपने संवेदनशील क्षेत्रों, विशेषकर कृषि और डेयरी क्षेत्रों के हितों को संरक्षित करने में सफल रहा है। यह समझौता देश में एमएसएमई उद्यमियों, कुशल श्रमिकों और उद्योग के लिए नए अवसर खोलेगा।
केंद्र सरकार ने बुधवार को संसद को आश्वस्त किया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में देश के खाद्य और कृषि क्षेत्र से जुड़े हितों की पूरी तरह रक्षा की गई है और यह समझौता अमेरिकी बाजार में भारतीय निर्यात के लिए नए अवसर खोलेगा।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इस मुद्दे पर पहले लोकसभा और फिर राज्यसभा में बयान दिया। विपक्षी सांसदों द्वारा स्पष्टीकरण की मांग किए जाने के कारण सदन में हंगामे की स्थिति बनी रही। गोयल ने कहा कि खाद्य और कृषि क्षेत्र में भारत की प्रमुख संवेदनशीलता का पूर्णतः ध्यान रखा गया है।
विपक्षी दलों ने सोमवार को डोनाल्ड ट्रंप द्वारा व्यापार समझौते की घोषणा संसद में सरकार से औपचारिक बयान देने की मांग की थी।
पीयूष गोयल ने सदन को बताया कि भारत ने अमेरिका के साथ अंतिम चरण में चल रही द्विपक्षीय व्यापार वार्ता में अपने संवेदनशील कृषि और डेयरी क्षेत्रों के हितों की पूरी तरह सुरक्षा सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि यह समझौता भारतीय उत्पादों के लिए अमेरिकी बाजार में बेहतर अवसर पैदा करेगा। गोयल के अनुसार, विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के साथ किया गया यह समझौता भारत की जनता और राष्ट्र के व्यापक हित में है। यह विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत दोनों को सशक्त बनाता है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने भारतीय निर्यात पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की है, जो अमेरिका द्वारा कई देशों पर लगाए गए टैरिफ से कम है। इससे अमेरिकी बाजार में भारत की निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों द्वारा शीघ्र ही एक संयुक्त बयान जारी किया जाएगा, जिसमें समझौते के विस्तृत प्रावधानों का उल्लेख होगा।
गोयल के अनुसार, भारत और अमेरिका एक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के ढांचे पर सहमत हो चुके हैं और आने वाले दिनों में इसके औपचारिक दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएंगे।
राज्यसभा में बयान देने के बाद गोयल ने एक वीडियो जारी कर कहा कि आज लोकसभा में उन्हें भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बयान देना था, लेकिन जब सरकार तथ्यों के साथ स्पष्टीकरण देने और चर्चा के लिए आई तो विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके चलते वह अपना बयान वीडियो के माध्यम से साझा कर रहे हैं।
उधर, राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने दावा किया है कि इस व्यापार समझौते में किसानों और डेयरी क्षेत्र के हितों से समझौता किया गया है। इन दावों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए पीयूष गोयल ने कहा, “प्रधानमंत्री ने कभी किसानों के हितों से समझौता नहीं किया है। यह बात देश जानता है। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते में कृषि और डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को पूर्ण संरक्षण दिया गया है।”

Join the RuralVoice whatsapp group















