अमेरिका के CoBank का अनुमान- कमोडिटी कीमतें निचले स्तर को छू चुकी हैं, अब बढ़ सकते हैं दाम

अमेरिकी CoBank के अनुसार वैश्विक अनाज और तिलहन बाजार में भरपूर आपूर्ति के बावजूद कमोडिटी कीमतें अपने निचले स्तर से उबर सकती हैं। बायोफ्यूल की बढ़ती मांग और निर्यात में सुधार से खपत को समर्थन मिल रहा है, हालांकि ब्राज़ील जैसे देशों से कड़ी प्रतिस्पर्धा बनी हुई है। ऊंची इनपुट लागत के कारण मक्का का रकबा घट सकता है, जबकि पशुपालकों को कम चारा लागत का लाभ मिलेगा।

अमेरिका के CoBank का अनुमान- कमोडिटी कीमतें निचले स्तर को छू चुकी हैं, अब बढ़ सकते हैं दाम

अमेरिकी कोऑपरेटिव बैंक, CoBank द्वारा जारी अगले वर्ष के ताजा आउटलुक के अनुसार, वैश्विक स्तर पर अनाज और तिलहन की भरपूर आपूर्ति के बावजूद कमोडिटी बाजार संभवतः अपने निचले स्तर से आगे निकल चुके हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि बायोफ्यूल उत्पादन में बढ़ोतरी और निर्यात स्थितियों में धीरे-धीरे सुधार से बाजार की धारणा मजबूत हो रही है।

हालांकि व्यापार युद्ध में आंशिक नरमी के बाद हाल के दिनों में अमेरिका से चीन को सोयाबीन की बिक्री बढ़ी है, लेकिन रिपोर्ट का कहना है कि अमेरिकी निर्यात के पुराने रिकॉर्ड स्तर पर लौटने की संभावना कम है। ब्राज़ीलियाई सोयाबीन अब भी काफी सस्ते हैं, वहीं भौगोलिक रूप से चीन के नजदीग कजाखस्तान जैसे देशों में रिकॉर्ड तिलहन उत्पादन अमेरिका की स्थिति को और कमजोर कर रहा है।

वैश्विक अनाज आपूर्ति पर्याप्त बनी हुई है, क्योंकि मक्का और गेहूं के लगभग सभी प्रमुख निर्यातक देशों में फसल अच्छी रही है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ने और अमेरिकी निर्यात पर दबाव बने रहने की आशंका है। हालांकि, CoBank को उम्मीद है कि यदि चीन दोबारा अमेरिकी ज्वार की खरीद शुरू करता है, तो इससे चारा अनाज की कीमतों को जरूरी समर्थन मिल सकता है।

मांग के मोर्चे पर, कम कीमतों के कारण अमेरिकी अनाज और तिलहनों की खपत बढ़ने की संभावना है। अमेरिकी मक्का, गेहूं और चावल का सबसे बड़ा आयातक तथा सोयाबीन का दूसरा सबसे बड़ा गंतव्य मेक्सिको, आगे और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उप-सहारा अफ्रीका में गेहूं और आटे की मांग लगातार बढ़ रही है, जबकि मध्य-पूर्व और दक्षिण-पूर्व एशिया में बढ़ते पोल्ट्री और पशुधन क्षेत्रों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले अमेरिकी सोयाबीन और सोयामील की मांग बढ़ रही है।

दुनिया भर में बायोफ्यूल की बढ़ती मांग भी अनाज और तिलहनों की खपत को मजबूती दे रही है। ब्राज़ील और इंडोनेशिया में बायोमास-आधारित डीजल के लिए ऊंचे ब्लेंडिंग लक्ष्य वैश्विक वनस्पति तेल की मांग बढ़ा सकते हैं।

सोयामील निर्यात बाजार में प्रतिस्पर्धा तेज होने वाली है, क्योंकि अमेरिका और ब्राज़ील दोनों में बायोफ्यूल उत्पादन के लिए तेल निकालने की क्षमता बढ़ रही है। दक्षिण-पूर्व एशिया, लैटिन अमेरिका और मध्य पूर्व अमेरिका और ब्राज़ील के बीच बाजार हिस्सेदारी की प्रतिस्पर्धा हो सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार, ऊंची इनपुट लागत किसानों के बुवाई फैसलों को भी प्रभावित कर सकती है। अधिकांश फसलों की मौजूदा कीमतें उत्पादन लागत से नीचे हैं, जिससे किसान मक्का का रकबा घटाकर कम लागत वाली फसलों की ओर रुख कर सकते हैं।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!