चीन का सोयाबीन आयात रिकॉर्ड स्तर पर, वियतनाम में पशुधन और एक्वाकल्चर में ग्रोथ के कारण फीड की मांग में वृद्धि

चीन का सोयाबीन आयात जून और जुलाई 2025 में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है, जिसकी वजह ब्राजील की बंपर फसल है। वार्षिक आयात 11.2 करोड़ टन के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचने का अनुमान है। दूसरी ओर, वियतनाम में पशुधन और एक्वाकल्चर के विकास के कारण चारे की मांग बढ़ रही है, जिससे मक्का, गेहूं आदि का आयात बढ़ रहा है। वहां चावल का उत्पादन घट रहा है।

चीन का सोयाबीन आयात रिकॉर्ड स्तर पर, वियतनाम में पशुधन और एक्वाकल्चर में ग्रोथ के कारण फीड की मांग में वृद्धि

सोयाबीन के लिए चीन की बढ़ती मांग और वियतनाम में बढ़ती चारे की मांग एशिया में अनाज व्यापार को नया रूप दे रही है। पशुधन, एक्वाकल्चर और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों की मजबूती से आयात बढ़ रहा है और वैश्विक कमोडिटी कीमतों में भी वृद्धि हो रही है।

जुलाई 2025 में दुनिया के सबसे बड़े सोयाबीन उपभोक्ता चीन ने लगातार दूसरा मासिक आयात का रिकॉर्ड बनाया। पिछले माह 116.7 लाख टन आयात हुआ, जो एक साल पहले के 98.5 लाख टन से 18.5% अधिक है। यह आंकड़ा जून के रिकॉर्ड 122.6 लाख टन के बाद दूसरी बड़ी मात्रा है। इसमें साल-दर-साल 10% वृद्धि हुई है।

वर्ल्ड ग्रेन की रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी कृषि विभाग की विदेशी कृषि सेवा (FAS) का अनुमान है कि 2025-26 के विपणन वर्ष में चीन का सोयाबीन आयात 11.2 करोड़ टन तक पहुंच जाएगा, जो दो साल पहले के रिकॉर्ड के बराबर होगा। घरेलू सोयाबीन उत्पादन भी रिकॉर्ड 210 लाख टन तक पहुंचने की उम्मीद है। लेकिन खपत रिकॉर्ड 13.3 करोड़ होने की उम्मीद है। यह पिछले वर्ष 12.69 करोड़ टन था।

ब्राज़ील चीन का प्रमुख आपूर्तिकर्ता बना हुआ है। वहां 2025-26 में सोयाबीन का उत्पादन 17.6 करोड़ टन होने का अनुमान है। यह जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 2% अधिक है। ब्राज़ील के व्यापार आंकड़ों से पता चलता है कि 2025 की पहली तिमाही में चीन को सोयाबीन का निर्यात कुल 169 लाख टन था, जो 2024 की इसी अवधि की तुलना में लगभग 7% अधिक है। चीन में सोयाबीन की मांग मुख्य रूप से पशु आहार और वनस्पति तेल उत्पादन से जुड़ी है। 

दूसरी ओर वियतनाम में चारे की मांग में वृद्धि हुई है। एफएएस के 6 अगस्त के तिमाही अपडेट के अनुसार, वियतनाम की कुल चारे की मांग 2025 में 287 लाख टन और 2026 में 295 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान है। मांग में इस वृद्धि का कारण पशुधन और एक्वाकल्चर दोनों में ग्रोथ है।

2025 की पहली छमाही में एक्वाकल्चर उत्पादन 26 लाख टन तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 4.9% अधिक है। इनका निर्यात मुख्य रूप से अमेरिका, ब्राज़ील और ट्रांस-पैसिफिक पार्टनरशिप (CPTPP) देशों को हो रहा है। 

पोल्ट्री की संख्या में लगातार वृद्धि जारी है। जून 2025 में मुर्गियों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 4% अधिक होने का अनुमान है और किसी भी बड़ी बीमारी के प्रकोप की सूचना नहीं है। हालांकि, घरेलू मक्के के उत्पादन में गिरावट आई है, जिससे चारा सामग्री का आयात बढ़ गया है। विपणन वर्ष 2024-25 में मक्के का आयात 122 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि घरेलू उत्पादन पिछले वर्ष के 43 लाख टन से घटकर 41 लाख टन रहने की उम्मीद है।

वियतनाम ने 2025 की पहली छमाही में 7.5 लाख टन डिस्टिलर्स ड्राइड ग्रेन्स विथ सॉल्यूबल (DDGS) का भी आयात किया, जो साल-दर-साल 13% की वृद्धि है। इस मामले में आयात पर निर्भरता बढ़ रही है। 2024-25 में मक्के की खपत 158 लाख टन होने का अनुमान है, जिसमें 85% से 88% पशु आहार के लिए उपयोग किया जाएगा।

चारे के अलावा खाद्य प्रसंस्करणकर्ताओं और बेकरी कंपनियों की भारी मांग के कारण, वियतनाम का गेहूं आयात 2024-25 में बढ़कर 57.2 लाख टन होने का अनुमान है। इसके मुख्य आपूर्तिकर्ता ऑस्ट्रेलिया, यूक्रेन और ब्राज़ील हैं।

यहां चावल का उत्पादन धीरे-धीरे कम हो रहा है क्योंकि किसान उच्च मूल्य वाली फसलों की ओर रुख कर रहे हैं। चावल उत्पादन 2025-26 में घटकर 67.9 लाख टन रहने का अनुमान है। आपूर्ति की कमी आंशिक रूप से कंबोडिया से धान के अधिक आयात के माध्यम से पूरी की जा रही है, जो 2025 की पहली छमाही में 54% बढ़ गया है। एफएएस ने वियतनाम के 2024-25 के चावल निर्यात अनुमान को बढ़ाकर 85 लाख टन कर दिया है।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!