चौथे चरण में 96 सीटों पर वोटिंग, सोमवार को आधी से ज्यादा लोकसभा सीटों पर पूरा हो जाएगा मतदान

सोमवार को लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 10 राज्यों की 96 संसदीय सीटों पर मतदान होगा। इस चरण के साथ आधे से ज्यादा सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा। भीषण गर्मी के बावजूद एनडीए गठबंधन और इंडिया गठबंधन के नेता चुनाव प्रचार में मतदाताओं को लुभाने के प्रयास करते रहे। सोमवार के बाद बाकी तीन चरण के चुनाव 20 मई, 25 मई और 1 जून को होंगे। नतीजे 4 जून को आएंगे।

चौथे चरण में 96 सीटों पर वोटिंग, सोमवार को आधी से ज्यादा लोकसभा सीटों पर पूरा हो जाएगा मतदान

सोमवार को लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 10 राज्यों की 96 संसदीय सीटों पर मतदान होगा। इस चरण के साथ आधे से ज्यादा सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा। भीषण गर्मी के बावजूद एनडीए गठबंधन और इंडिया गठबंधन के नेता चुनाव प्रचार में मतदाताओं को लुभाने के प्रयास करते रहे। सोमवार के बाद बाकी तीन चरण के चुनाव 20 मई, 25 मई और 1 जून को होंगे। नतीजे 4 जून को आएंगे।

इस चरण में आंध्र प्रदेश की सभी 25 और तेलंगाना की 17 सीटों पर मतदान होगा। इसके साथ 125 सदस्यों वाली आंध्र प्रदेश विधानसभा के लिए विधायकों के भी चुनाव होंगे। राज्य में वाईएसआरसी, कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक तथा एनडीए के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। एनडीए में चंद्रबाबू नायडू की तेलुगू देशम पार्टी और पवन कल्याण की जन सेवा पार्टी भाजपा के साथ हैं।

आंध्र में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सभी 175 विधानसभा और 25 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। एनडीए गठबंधन में सीट शेयरिंग के अनुसार टीडीपी को 144 विधानसभा तथा 17 लोकसभा सीटें मिली हैं। भारतीय जनता पार्टी छह लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर लड़ रही है। जनसेना पार्टी दो लोकसभा और 21 विधानसभा सीटों पर मैदान में है। 2019 के लोकसभा चुनाव में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी 22 लोकसभा सीटों और तेलुगू देशम तीन सीटों पर विजयी रही थी।

चौथे चरण के चुनाव प्रचार में आरक्षण, अल्पसंख्यक समुदाय का तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दे ज्यादा चर्चा में रहे। इस चरण के चुनाव प्रचार में एक और खास बात रही कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच आरोप-प्रत्यारोप चले।

प्रचार अभियान में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा की नस्ली टिप्पणियों को लेकर पार्टी को घेरने की कोशिश की। उन्होंने इंडिया ब्लॉक को हिंदू विरोधी बताते हुए गठबंधन को लूट, तुष्टीकरण और वंश की राजनीति करने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी को प्रधानमंत्री के उस बयान पर घेरा जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को टेंपो भरकर काला धन भेजा गया है। पार्टी अपने चुनाव प्रचारों में संविधान और आरक्षण को बचाने की बात भी करती रही।

इस चरण में जो प्रमुख नेता मैदान में हैं उनमें समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के कन्नौज से, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बिहार के बेगूसराय से, नित्यानंद राय बिहार के उजियारपुर से, कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल के बहरमपुर से, भाजपा की पंकजा मुंडे महाराष्ट्र की बीड से, एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी तेलंगाना के हैदराबाद से और आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाईएस शर्मिला कडप्पा से हैं।

केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्र टेनी, जिनका बेटा 2021 के लखीमपुर खीरी कांड में आरोपी है, उत्तर प्रदेश की खेरी सीट पर हैट्रिक बनाने के प्रयास में हैं। तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा जिनकी सवाल के लिए कैश लेने के आरोप में लोकसभा सदस्यता खत्म कर दी गई थी, पश्चिम बंगाल की कृष्ण नगर सीट से दोबारा चुनाव लड़ रही हैं।

आंध्र प्रदेश की 25 और तेलंगाना की 17 लोकसभा सीटों के अलावा सोमवार को उत्तर प्रदेश की 13, बिहार की पांच, झारखंड की चार, मध्य प्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की 11, ओड़िशा की चार, पश्चिम बंगाल की आठ और जम्मू कश्मीर की एक सीट पर मतदान होंगे। जिन 96 सीटों पर मतदान होना है उनमें से 40 से ज्यादा सीटों पर इस समय एनडीए का कब्जा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उन्नाव, कन्नौज तथा कानपुर में रैलियां कीं तो समाजवादी पार्टी ने कन्नौज में जनसंपर्क अभियान चलाया। राज्य की 13 सीटों में से कन्नौज और उन्नाव की सीट में काफी अहम मानी जा रही हैं। कन्नौज में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव का मुकाबला मौजूदा भाजपा सांसद सुब्रत पाठक से है। उन्नाव में भाजपा सांसद साक्षी महाराज की टक्कर समाजवादी पार्टी की अनु टंडन से है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस चरण के प्रचार अभियान को बुधवार को एक नया मोड़ दिया जब उन्होंने कहा कि बिजनेसमैन अंबानी और अडानी की कांग्रेस के साथ डील हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता राहुल गांधी ने चुनाव के दौरान दोनों उद्योगपतियों पर आरोप लगाना बंद कर दिया है तो क्या पार्टी को इनसे टेंपो भरकर काला धन मिला है।

जवाबी हमला करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को चुनौती दी की वह चाहें तो सीबीआई और ईडी की जांच करवा लें कि अंबानी और अडानी ने कांग्रेस को काला धन दिया है या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा लगता प्रधानमंत्री व्यक्तिगत अनुभव के आधार पर कह रहे हैं कि उन्हें कि ये उद्योगपति टेंपो में भरकर पैसे भेजते हैं। 

उसी दिन सैंम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने एक ऐसी टिप्पणी की जिसे नस्लवादी माना जा रहा है और उस टिप्पणी की वजह से कांग्रेस पार्टी असहज स्थिति में आ गई थी।

कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब मुस्लिम भी समझ गए हैं कि कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक मोहरे की तरह उनका इस्तेमाल करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के विकास कार्यों को देखकर मुस्लिम समुदाय कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक से दूरी बना रहा है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया ब्लॉक बड़े जनाधार के साथ उत्तर प्रदेश में आ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस पर नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। गांधी और अखिलेश यादव ने कन्नौज तथा कानपुर में साझा रैलियां कीं। राज्य में दोनों पार्टियां मिल कर चुनाव लड़ रही हैं। दोनों के बीच जो सीट शेयरिंग समझौता हुआ है उसके मुताबिक कांग्रेस प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 17 पर चुनाव लड़ रही है। कानपुर में चुनावी रैली में राहुल गांधी ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन 80 में से 50 सीटों पर जीतेगा। समाजवादी पार्टी के प्रमुख ने इस बार के लोकसभा चुनाव को राष्ट्रीय आंदोलन करार दिया और कहा कि यह संविधान और आरक्षण को बचाने की लड़ाई है। 

Subscribe here to get interesting stuff and updates!